Headlines

पीएम मोदी के पास न कार है न घर:15 साल में नहीं खरीदा सोना; 3 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं

पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी से लोकसभा चुनाव के लिए तीसरी बार नामांकन दाखिल किया। हलफनामे के मुताबिक, पीएम मोदी के पास न कोई घर है न जमीन और कार। यही नहीं, 2019 में उनके पास गांधीनगर में 1.10 करोड़ की प्रापर्टी थी, लेकिन इस बार वह नहीं है। 15 साल से कोई ज्वेलरी भी नहीं खरीदी।

मोदी के पास 52 हजार 920 रुपए कैश है। उन्होंने कुल 3.02 करोड़ की संपत्ति बताई है। 5 साल में यह संपत्ति 87 लाख रुपए रुपए बढ़ी है। वाराणसी से अपने पहले चुनाव (2014) में मोदी ने अपनी कुल संपत्ति 1.65 करोड़ रुपए बताई थी। दूसरे चुनाव (2019) में यह 2.15 करोड़ हो गई थी। पीएम ने मोबाइल नंबर भी बताया है।

पीएम ने अपना एड्रेस- सी/1, सोमेश्वर टेनमेंट्स, रानीप, अहमदाबाद बताया है। पत्नी का नाम जशोदाबेन नाम लिखा है। हालांकि, पत्नी की आय की जानकारी नहीं दी गई है। मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने अक्टूबर 2002 में एक जमीन खरीदी थी। इसमें तीन हिस्सेदार थे। लेकिन बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना हिस्सा दान कर दिया। इसलिए, इस बार उनकी अचल संपत्ति शून्य हो गई है।

मोदी के पास 4 अंगुठी हैं। 2014 और 2019 में भी 4 सोने की अंगूठी थीं। इनका वजन 45 ग्राम है। 2019 में इस गोल्ड की कीमत 1.13 लाख रुपए बताई थी। 5 साल में यह कीमत बढ़कर 2.67 लाख रुपए हो गई।

पीएम ने बॉन्ड, शेयर या फिर म्यूचुअल फंड (MF) में कोई निवेश नहीं किया है। पोस्ट ऑफिस में 9.12 लाख रुपए की NSC हैं। 2019 में NSC में 7.61 लाख रुपए और 1.90 लाख का जीवन बीमा था। हालांकि, इस बार जीवन बीमा नहीं बताया है।प्रधानमंत्री ने अपनी कमाई का जरिया सरकार से मिली तनख्वाह और बैंकों से मिलने वाले इंट्रेस्ट को बताया है। उनके पास कमाई का कोई दूसरा साधन नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024