तेजप्रताप ने कार्यकर्ता को धक्का दिया…मीसा-राबड़ी ने किया बचाव:गुस्से में वापस दौड़कर गए; पटना में बड़ी बेटी के नामांकन में पहुंचा था लालू परिवार
राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी मीसा भारती के नामांकन में तेजप्रताप यादव को एक कार्यकर्ता पर गुस्सा आ गया। उन्होंने भरे मंच से उसे धक्का दे दिया। वो नीचे गिर गया। मीसा ने तेजप्रताप को समझाने की कोशिश, लेकिन वो नहीं माने।
इसके बाद राबड़ी और मीसा मंच पर सामने आ गए और लोगों का ध्यान अपनी ओर करने लगे। तेजप्रताप फिर नहीं माने वे कार्यकर्ता की ओर गुस्से में दौड़े।
मंच पर मौजूद नेताओं ने उन्हें रोका। इसके बाद तेजप्रताप और उस कार्यकर्ता को नेता घेरकर खड़े हो गए। कार्यकर्ता का नाम कमल देव प्रसाद उर्फ के डी यादव है। गलती से उसका पैर तेजप्रताप के पैर पर चढ़ गया। इसके बाद उन्हें गुस्सा आ गया और धक्का दे दिया। मीसा के नॉमिनेशन के बाद पटना के एसकेएम हॉल में सभा हो रही थी, जहां ये वाकया हुआ।
अब कुछ तस्वीरें देखिए…
तेजस्वी बोले- बीजेपी ने नीतीश को बंधक बना लिया
इधर नामांकन सभा में तेजस्वी ने पीएम मोदी के रोड शो को लेकर नीतीश पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि रोड शो के दौरान ऐसा लगा कि बीजेपी ने नीतीश कुमार को बंधक बना लिया था। वहीं, मीसा भारती ने कहा कि 10 वर्षों से देश पर पीएम राज कर रहे हैं। देश की जनता ने उन्हें दो बार मौका दिया। काम किया होता तो उन्हें कल रोड शो करने की जरूरत नहीं पड़ती।वो काम करते तो रोड शो की जरूरत नहीं पड़ती।
नॉमिनेशन के लिए वो मां राबड़ी देवी और पिता लालू प्रसाद और भाई तेजप्रताप यादव के साथ तीसरी बार इस सीट से नामांकन करने हिंदी भवन पहुंची थीं। नामांकन से पहले मीसा ने मनेर विधानसभा में संत गगन बाबा की पूजा की। जिस पर कहा कि हिंदू धर्म और सनातन धर्म में किसी भी शुभ कार्य को करने से पहले अपने भगवान और ईष्ट देव की पूजा होती है और आज हमने भी संत गगन बाबा का आशीर्वाद लिया है।
एसकेएमसीएच में आशीर्वाद कृष्ण मेमोरियल हॉल में जन आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी इस सभा में शामिल होने पहुंचे हैं।
रोड शो से लोगों को परेशानी हुई- मीसा
मीसा भारती ने आगे कहा कि इस दौरे से महागठबंधन को फर्क नहीं पड़ने वाला है। सिर्फ हाथ हिलाने से और मीडिया में एक न्यूज बना देने से कोई फायदा नहीं हुआ है। इस रोड शो से बिहार की जनता को परेशानी ही हुई है। उन्होंने कहा कि इससे ना तो रोजगार मिलेगा ना ही महंगाई कम होगी।
2 बार चुनाव हार चुकी हैं मीसा
पाटलिपुत्र सीट पर मीसा भारती की टक्कर बीजेपी के रामकृपाल यादव से है। किसी जमाने में रामकृपाल यादव लालू यादव के काफी करीबी माने जाते थे। एक वक्त था जब रामकृपाल यादव और मीसा भारती को ‘चाचा-भतीजी’ के तौर पर देखा जाता था।
लेकिन साल 2014 में पहली बार मीसा भारती और रामकृपाल यादव चुनावी रण में आमने-सामने आए। राजद के दामन छोड़ बीजेपी के साथ गए रामकृपाल यादव ने 2014 में मीसा भारती को मात दी थी। 2019 में एक बार फिर से राजद सुप्रीमो ने मीसा भारती को पाटलिपुत्र से उम्मीदवार बनाया, लेकिन इस बार भी बीजेपी के रामकृपाल यादव ने शिकस्त थी। एक बार फिर से लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती चुनावी मैदान में ताल ठोक रही हैं।
