बिहार में बिजली गिरने से 11 की मौत:MP-छत्तीसगढ़ में आज बारिश-ओले का अलर्ट; राजस्थान समेत 5 राज्यों में तापमान 40º के पार
देश के कई राज्यों में आंधी बारिश और बिजली गिरने का दौर जारी है। बिहार में पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने कहा है कि यहां आज 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक में आज तेज बारिश की संभावना जताई है। वहीं, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, गुजरात, केरल, कर्नाटक, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी हल्की बारिश होगी। यहां धूलभरी आंधी भी चलेगी।
उधर, देश के कुछ राज्यों में गर्मी का असर भी बरकरार है। राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना में तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। महाराष्ट्र के सोलापुर में शनिवार को सबसे ज्यादा 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले 3 दिनों का मानसून का अनुमान…
13 मई: 6 राज्यों में बिजली गिरने का अनुमान, 3 राज्यों बारिश का अलर्ट
- उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश में बिजली गिरने का अनुमान है।
- हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में धूलभरी आंधी चलेगी। 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
- केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में भारी बारिश होगी।
14 मई: छत्तीसगढ़-गुजरात में 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी
- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गुजरात, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बिजली गिरने का अनुमान है।
- मध्य प्रदेश, गोवा और कर्नाटक में 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
- गुजरात में उमसभरी गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
15 मई: नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में बिजली और आंधी चलने का अलर्ट
- ओडिशा समेत नॉर्थ-ईस्ट के 7 राज्यों में बिजली गिरने का अनुमान है बारिश होगी।
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना और गोवा में धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है।
- तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल में तेज बारिश का अलर्ट है।
हीटवेव घटी, मानसून के मजबूत संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक, अच्छे मानसून के संकेत धीरे-धीरे मजबूत हो रहे हैं। प्रशांत और हिंद महासागर में अच्छी बारिश के लिए जरूरी बदलाव दिखने लगे हैं।
दुनिया की तमाम मौसम एजेंसियां पूर्वानुमान लगा रही थीं कि मानसून के पहले महीने में अल-नीनो खत्म हो जाएगा और कुछ हफ्तों की न्यूट्रल कंडीशन के बाद ला-नीना के हालात बनने लगेंगे।
अमेरिकी एजेंसी और ऑस्ट्रेलियाई मौसम ब्यूरो ने पुष्टि की है कि दुनिया के सबसे बड़े समुद्र प्रशांत महासागर के कुछ हिस्सों में तापमान तेजी से घट रहा है। दूसरी तरफ, IMD ने पुष्टि की है कि इंडियन ओशीन डायपोल कंडीशन पॉजिटिव हो रही हैं।
हिंद महासागर का तापमान करेगा डेंगू की भविष्यवाणी
हिंद महासागर के तापमान में होने वाले बदलाव से दुनिया भर में डेंगू के खतरे की भविष्यवाणी की जा सकती है। बीजिंग नॉर्मल विवि की रिसर्च के मुताबिक, हिंद महासागर में तापमान बढ़ने से दुनिया भर में डेंगू के मामले बढ़ते हैं।
हाल ही में अल नीनो के कारण भी यह प्रसार देखा गया। 1990 से 2019 तक दुनिया भर के 46 देशों में डेंगू के दर्ज सालाना मामलों और 2014 से 2019 तक 24 देशों में दर्ज मासिक मामलों और हिंद महासागर के तापमान की स्टडी की है।
राज्यों की मौसम की खबरें सिलसिलेवार पढ़ें…
मध्य प्रदेश: 16 जिलों में आज ओले-बारिश का अलर्ट, 40 से 60 किमी की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान
मध्यप्रदेश में ओले, बारिश और आंधी का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। इस वजह से 3 दिन यानी 12, 13 और 14 मई को पूरा प्रदेश भीगेगा। 40 से 60 Km प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। आज रविवार को भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत 16 जिलों में बारिश-ओले का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें…
