लोकसभा चुनाव-2024:राहुल ने एक मंच पर मोदी से बहस का प्रस्ताव स्वीकारा, दो जजों ने दोनों नेताओं को चिट्ठी लिखी थी
राहुल गांधी ने एक मंच पर पीएम नरेंद्र मोदी के साथ बहस करने का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- ये एक अच्छा इनीशिएटिव होगा कि बड़े राजनीतिक दल अपने विजन को एक प्लेटफॉर्म पर आकर रखें। देश उम्मीद करता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस डिबेट में हिस्सा लेंगे।
असल में दो रिटायर्ड जजों जस्टिस मदन बी लोकुर और जस्टिस अजित पी शाह और द हिंदू के एडिटर-इन-चीफ रहे एन राम ने प्रधानमंत्री और राहुल को चिट्ठी लिखी थी, जिसमें उन्होंने दोनों नेताओं से एक मंच पर आकर बहस करने की बात कही थी।
इससे पहले, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार 11 मई को दिल्ली के महरौली इलाके में रोड शो किया। इसमें उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे।
इससे पहले केजरीवाल ने एक जनसभा में कहा कि अगले साल मोदी 75 साल के होने वाले हैं, क्या भाजपा उन्हें रिटायर करेगी?
केजरीवाल के बयान पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने X पर लिखा- केजरीवाल और पूरा INDI गठबंधन चुनाव में असफलता के एहसास पर बौखला गया है। देश को भटकाना और भ्रमित करना ही इनका उद्देश्य है। पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक हर तरफ मोदी जी को जनता का प्रचंड आशीर्वाद मिल रहा है। प्रधानमंत्री के सामने इनके पास न तो कोई नीति है और न ही कोई कार्यक्रम। अब मोदी जी उम्र का बहाना लेकर रास्ता ढूंढ रहे हैं।
