Headlines

संदेशखाली मामले में यू टर्न:दूसरी पीड़ित भी बोली- दुष्कर्म नहीं हुआ, कोरे कागज पर साइन कराए थे, कहा था- जमीन मिल जाएगी

बंगाल के सबसे चर्चित संदेशखाली दुष्कर्म मामले की एक पीड़िता के बयान से उपजा विवाद थमा नहीं था कि दूसरी पीड़िता का भी बयान आ गया। उसने कहा है कि उससे दुष्कर्म नहीं हुआ था। भाजपा नेताओं ने उनसे कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराकर दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करा दी थी।

पहले ये दो बयान पढ़िए…

  • पहली पीड़ित- हमसे दुष्कर्म हुआ नहीं था, फिर भी उस महिला (भाजपा नेता) ने हमारी इज्जत को सरेबाजार नीलाम कर दिया। जब से मैंने आरोप वापस लेने की बात कही, तब से मुझे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इसकी शिकायत मैंने थाने में कर दी है। पुलिस ने उस महिला को तीन दिन में थाने में बुलाया है, पर वो लापता है।
  • दूसरी पीड़ित- मुझसे कभी दुष्कर्म नहीं हुआ। मैंने तो उस महिला (भाजपा की स्थानीय नेता) से मनरेगा की बकाया रकम का भुगतान नहीं होने की शिकायत की थी। उन्होंने मुझसे कोरे कागज पर साइन कराए और कहा कि अब जमीन मिल जाएगी।

दैनिक भास्कर ने गुरुवार को दोनों पीड़ित महिलाओं से बात की तो उन्होंने आपबीती बताई। कहा कि पुलिस में शिकायत होने के 5-6 दिन बाद उन्हें यह पता चला था कि उनसे दुष्कर्म के नाम पर मामला दर्ज हुआ है।

9 मई को इनमें से एक पीड़िता और उसकी बुआ सास ने बशीरहाट में मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान भी दर्ज कराया है। भास्कर ने जब इनसे पूछा कि आपने पहले शिकायत वापस क्यों नहीं ली? तो दोनों ने कहा- हम बहुत डरे हुए थे।

सियासत गरमाई- TMC बोली- जनता हिसाब करेगी
रेखा पात्रा का वीडियो सामने आने के बाद TMC के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा- अब ताजा वीडियो से यह बात पूरी तरह साफ हो गई है कि भाजपा ने संदेशखाली घटना की पूरी पटकथा तैयार की थी। सब शुभेंदु अधिकारी का किया धरा है। जनता भाजपा का हिसाब करेगी।

हालांकि, शुभेंदु अधिकारी ने बयान दिया कि प्रशांत किशोर की संस्था आई-पैक के साथ मिलकर अभिषेक बनर्जी संदेशखाली के तमाम फर्जी वीडियो फैला रहे हैं। दीदी और उनके भतीजे क्यों डर रहे हैं?

BJP कैंडिडेट बनी रेखा के खिलाफ शिकायत दर्ज
इधर, संदेशखाली थाने में एक स्थानीय व्यक्ति ने रेखा पात्रा और इस मामले को सुनियोजित बताने वाले भाजपा नेता गंगाधर कयाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। रेखा उन तीन पीड़िताओं में से एक हैं, जिन्होंने इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

ये वही वीडियो जिसे लेकर गंगाधर के खिलाफ शिकायत की गई है।

रेखा बशीरहाट लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी हैं, जहां 1 जून को मतदान होना है। रेखा ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया है। संदेशखाली इसी सीट का हिस्सा है।

कथित पीड़ित को राष्ट्रपति से भी मिलवा दिया था
गुरुवार को एक और वीडियो वायरल हुआ, जिसमें रेखा दावा करती दिख रही हैं कि उनके नाम पर जिस महिला को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए दिल्ली ले जाया गया था, वह कोई और थी। भाजपा का इस पर कोई बयान नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024