AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने उनके छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी पर बयान को लेकर भाजपा सांसद नवनीत राणा पर हमला बोला है। असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को कहा- मोहतरमा (नवनीत राणा) छोटे (अकबरुद्दीन) को बहुत समझा के रखा है छोड़ दूं क्या? और अगर छोटे को एक बार छोड़ दिया तो वह मेरे अलावा किसी की नहीं सुनेगा। 2 दिन बचे हैं छोड़ दूं?
ओवैसी ने कहा कि महाराष्ट्र से आकर सांसद छोटे-छोटे बोलती हैं। अरे मैं छोटे को रोक कर रखा हूं। आपको पता है छोटा कौन है? तोप है वो, सालार का बेटा है। बहुत मुश्किल से उसे समझाना पड़ता है। छोटा किसी की नहीं सुनता। मुर्गी का बच्चा हूं कि 15 सेकंड चाहिए।
दरअसल, अमरावती सांसद और इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं नवनीत राणा 8 मई को हैदराबाद में भाजपा कैंडिडेट के प्रचार के लिए पहुंची थीं। इस दौरान राणा ने कहा था कि अगर हैदराबाद में 15 सेकेंड के लिए पुलिस हटी तो पता नहीं चलेगा कि दोनों भाई कहां गए।
नवनीत राणा ने कहा- छोटा (अकबरुद्दीन ओवैसी) कहता है कि पुलिस को 15 मिनट के लिए हटा दो, तो हम दिखाएंगे क्या कर सकते हैं। तुम्हें 15 मिनट लगेंगे, मगर हमको सिर्फ 15 सेकेंड लगेंगे। 15 सेकेंड के लिए पुलिस को हटाया तो छोटे (अकबरुद्दीन ओवैसी) और बड़े (असदुद्दीन ओवैसी) को पता नहीं चलेगा कि कहां से आए और कहां चले गए।
राणा ने यह बयान अकबरुद्दीन की 2013 में दी गई स्पीच के खिलाफ दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर 15 मिनट के लिए पुलिस हटा दी जाए तो हम 25 करोड़ (मुसलमान) 100 करोड़ हिंदुओं को खत्म कर देंगे।
राहुल पर बयान को लेकर नवनीत राणा पर केस दर्ज
दूसरी तरफ, राहुल के खिलाफ बयान देने को लेकर नवनीत राणा के खिलाफ तेलंगाना के शादनगर में FIR दर्ज हुई है। पुलिस ने बताया कि हमें नवनीत राणा के खिलाफ चुनाव आयोग से नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिली है।
चुनाव ड्यूटी पर तैनात चुनाव आयोग के एफएसटी कृष्ण मोहन ने उनके खिलाफ गुरुवार (9 मई) को ये शिकायत दर्ज कराई। नवनीत राणा ने कहा था कि अगर राहुल गांधी को वोट दिया, तो वोट पाकिस्तान को जाएगा।
लाइव अपडेट्स
झारखंड में बोले राजनाथ सिंह – JMM गठबंधन ने झारखंड के लोगों को धोखा दिया
झारखंड के दुमका में भाजपा नेता और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एक चुनावी सभा में कहा कि पहले नेहरू और इंदिरा गांधी जैसे प्रधानमंत्री गरीबी हटाने के झूठे वादे करते थे। लेकिन पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से निकालने का काम किया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा आपके आरक्षण को खत्म नहीं होने देगी। उन्होंने कहा JMM गठबंधन ने झारखंड के लोगों को धोखा देने का काम किया है। जबकि भाजपा इंसाफ और इंसानियत की बात करती है।
