Headlines

मणिशंकर अय्यर बोले- पाकिस्तान को इज्जत दे भारत:उसके पास परमाणु बम, कोई सिरफिरा आया तो हम पर इसका इस्तेमाल कर सकता है

लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि भारत को पाकिस्तान को इज्जत देनी चाहिए। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि उसके पास भी परमाणु बम है। कोई सिरफिरा आया तो हम पर इसका इस्तेमाल कर सकता है।

अय्यर ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा- मुझे ये समझ नहीं आता कि नरेंद्र मोदी सरकार ये क्यों कहती है कि हम पाकिस्तान से बात नहीं करेंगे, क्योंकि वहां आतंकवाद है। अय्यर का यह बयान अप्रैल 2024 का बताया जा रहा है, जो अब काफी वायरल हो रहा है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

उन्होंने आगे कहा- ये समझना जरूरी है कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए चर्चा बहुत जरूरी है। वरना, पाकिस्तान सोचेगा कि भारत अहंकार के साथ हमें दुनिया में छोटा दिखा रहा है। ऐसे में पाकिस्तान में कोई भी पागल इस बम का इस्तेमाल भारत पर कर सकता है।

मणिशंकर अय्यर से पहले ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष रहे सैम पित्रोदा ने भी चुनाव के बीच दो बयान दिए थे, जिससे कांग्रेस की काफी किरकिरी हुई। उन्होंने भारत में विरासत टैक्स लगाने की बात की थी। इस पर राहुल गांधी को सफाई देनी पड़ी थी। पित्रोदा ने दो दिन पहले दक्षिण भारतीयों को अफ्रीकी जैसा दिखने वाला बयान दिया था।

इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि कांग्रेस के लोग चमड़े का रंग देखकर देश के लोगों को बांट रहे हैं। पित्रोदा के बयान से कांग्रेस ने किनारा कर लिया था। इसके कुछ घंटे बाद ही पित्रोदा ने कांग्रेस ओवरसीज प्रेसीडेंट पद से इस्तीफा दे दिया।

वायरल वीडियो में अय्यर ने क्या कहा…
अय्यर ने कहा- पाकिस्तान भी एक संप्रभु राष्ट्र है। उनकी भी इज्जत है। उनकी इज्जत को कायम रखते हुए उनसे जितनी कड़ी बात करनी है करो, लेकिन बात तो करो। आप बंदूक लेकर घूम रहे हो। उससे क्या हल मिला…कुछ नहीं। तनाव बढ़ता जाता है। कोई भी पागल वहां आ जाए तो क्या होगा देश का।

उनके पास एटम बम है। हमारे पास भी है, लेकिन किसी पागल ने हमारे बम को लाहौर स्टेशन में छोड़ा तो आठ सेकेंड के अंदर उसकी रेडियो एक्टिविटी अमृतसर पहुंचेगी। आप उसको इस्तेमाल करने को रोको। लेकिन आपने उससे बात की, उसको इज्जत दी तभी जाकर वह अपने बम के बारे में नहीं सोचेंगे, लेकिन आपने उसको ठुकरा दिया तो फिर क्या होगा?

भारत को विश्वगुरु बनने के लिए यह दिखाना जरूरी है कि हम पाकिस्तान के साथ सभी मुद्दों को हल करने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। पिछले दस सालों में मोदी सरकार की ओर से पाकिस्तान से बातचीत करने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया गया है।

अय्यर के वीडियो पर भाजपा ने क्या कहा
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा: 
कांग्रेस नेता भारत में रहते हैं, लेकिन उनका दिल पाकिस्तान में रहता है। पाकिस्तान में इतनी हिम्मत कि हिंदुस्तान की तरफ आंख उठाकर भी देखे। भारत जानता है कि मुंहतोड़ जवाब कैसे देना है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह: राहुल गांधी, कांग्रेस, मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। मैं कहना चाहूंगा कि कांग्रेस को ये दोहरी नीति छोड़ देनी चाहिए, भारत इतना ताकतवर है कि अगर उसने हम पर नजर डाली तो पाकिस्तान नहीं रहेगा। वे फारूक अब्दुल्ला की भाषा बोल रहे हैं। कांग्रेस पाकिस्तान की आतंकवादियों की भाषा बोलती है।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला: कांग्रेस का ‘पाकिस्तान प्रेम’ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ‘प्रथम परिवार’ के करीबी मणिशंकर अय्यर बाहुबल और ताकत का प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस की लिस्ट देखिए- उन्हें सबसे पहले पाकिस्तान से समर्थन मिला। 26/11 में कसाब को क्लीन चिट दी गई। कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के साथ है।

अय्यर ने लाहौर में कहा था- भारत ‘हिंदू राष्ट्र’ में तब्दील होना चाहता है
मणिशंकर अय्यर इसी साल फरवरी में पाकिस्तान गए थे। वे यहां लाहौर के अलहमरा में फैज महोत्सव में शामिल हुए थे। कांग्रेस नेता ने कहा था- धार्मिक कट्टरवाद में पाकिस्तान की नकल करने की कोशिश कर रहा भारत, खुद को ‘हिंदू राष्ट्र’ बनाना चाहता है।

उन्होंने कहा था- मैं एक्सपीरिएंस से कह सकता हूं कि पाकिस्तानी ऐसे लोग हैं, जो शायद दूसरे पक्ष के रिएक्ट करने पर ओवरिएक्ट करते हैं। अगर हम दोस्ताना हैं, तो वे बहुत ज्यादा दोस्ताना होते हैं। अगर हम दुश्मनी दिखाते हैं, तो वे और भी ज्यादा दुश्मनी दिखाते हैं। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024