गुजरात में बीजेपी नेता के बेटे ने बूथ कैप्चर किया:4 मिनट से ज्यादा LIVE स्ट्रीमिंग की, कहा- EVM अपने बाप की; 2 हिरासत में
लोकसभा चुनाव के तीसरी फेज की वोटिंग के दौरान गुजरात में भाजपा नेता के बेटे ने बूथ कैप्चरिंग की। इसे सोशल मीडिया पर लाइव किया। यह मामला महीसागर जिले के दाहोद लोकसभा सीट का है।
वीडियो में आरोपी विजय भाभोर अपने साथियों से यह कहता नजर आता है कि EVM तो अपने बाप की है। बुधवार सुबह दाहोद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. प्रभाबेन तावियाड ने केस दर्ज कराया।
चुनाव आयोग ने जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। अब तक 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी विजय फरार है।
4 मिनट से ज्यादा लाइव स्ट्रीमिंग की
विजय ने बूथ कैप्चरिंग को सोशल मीडिया पर 4.27 मिनट से ज्यादा लाइव किया। इस दौरान वह अपने साथियों से बात करता नजर आ रहा है। आरोप है कि उसने चुनाव कर्मचारियों के साथ बदतमीजी भी की। आरोपी के पिता दाहोद तालुका के प्रमुख रह चुके हैं।
यह भी दावा किया गया है कि विजय ने लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान EVM अपने साथ ले जाने की भी बात कही थी। FIR होने के बाद विजय ने वीडियो डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक लोग इस बूथ कैप्चरिंग की घटना को देख चुके थे। कईयों ने इसके स्क्रीन शॉट भी शेयर किए।
कांग्रेस ने फिर से वोटिंग की मांग की
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि विजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीजेपी प्रत्याशी के लिए जमकर फर्जी वोटिंग की है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से इस बूथ पर फिर से वोटिंग कराने की अपील की है।
दाहोद लोकसभा सीट से बीजेपी ने जसवंतसिंह भाभोर को अपना कैंडिडेट बनाया है। जसवंत सिंह लगातार दो टर्म से यहां के सांसद हैं। अब तीसरी बार मैदान में है। वहीं, कांग्रेस ने महिला कांग्रेस की पूर्व उपाध्यक्ष प्रभा तवियाड को अपना कैंडिडेट बनाया है।
7 मई को गुजरात की 25 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हुई
मंगलवार को गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से 25 सीटों पर वोटिंग हुई। इनमें कच्छ, बनासकांठा, पाटन, महेसाणा, साबरकांठा, गांधीनगर, अहमदाबाद पूर्व, अहमदाबाद पश्चिम, सुरेंद्रनगर, राजकोट, पोरबंदर, जामनगर, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, आणंद, खेड़ा, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, छोटा उदेपुर, भरूच, बारडोली, नवसारी और वलसाड शामिल हैं।
सूरत सीट पहले ही जीत चुकी है बीजेपी
इनमें से सूरत लोकसभा सीट निर्विरोध BJP के खाते में पहले ही आ चुकी है। यहां से BJP के मुकेश दलाल को निर्विरोध चुन लिया गया है। शाम 5 बजे तक राज्य में 55.22 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है।
गुजरात में कांग्रेस-AAP का गठबंधन
- कांग्रेस और AAP गुजरात में लोकसभा चुनाव साथ लड़ रही हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) 26 में से दो- भरूच और भावनगर लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, कांग्रेस ने बाकी 24 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
- 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में BJP ने गुजरात की सभी 26 सीटों पर जीत हासिल की थी। इतना ही नहीं, 2019 में तो गुजरात की 26 में से 18 सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार ढाई लाख से ज्यादा मतों के मार्जिन से जीते थे। इनमें 15 सीटें ऐसी थीं, जहां बीजेपी को 60 फीसदी से ज्यादा वोट मिले थे।
26 साल से विधानसभा चुनाव भी बीजेपी ही जीत रही
लोकसभा के अलावा बीजेपी गुजरात में 182 सीटों वाली विधानसभा में भी 1998 से लगातार चुनाव जीत रही है। बीजेपी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड 156 सीटें जीती थीं। जबकि कांग्रेस को मात्र 17 सीटें मिली थीं। बीजेपी का कांग्रेस के खिलाफ जीत का औसत आंकड़ा 20% के आसपास है, लेकिन गुजरात में यह 30% के आसपास है।
