पंजाब में बेअदबी के आरोपी को तलवारों से काटा,VIDEO:संगत ने गुरुद्वारे में पकड़ा, पुलिस के सामने भीड़ ने पिटाई की
पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार को श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के एक आरोपी को लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। यह वारदात मल्लांवाल खास कस्बे के बंडाला गांव में हुई। अब इस दुर्घटना का लाइव वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग आरोपी पर हमला करते दिख रहे हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि पहले कई लोगों ने आरोपी को पीटा और जमीन पर गिरा लिया। इसके बाद दो और फिर एक व्यक्ति लगातार आरोपी पर तलवार से हमला करता रहा। इससे आरोपी की मौत हो गई। घटना का पता चलने पर पुलिस के सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
मजहबी सिख था आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे लोगों को पता चला कि एक युवक ने गांव के गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की है। आरोपी ने श्री गुरू ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप के अंग फाड़ दिए हैं। इसके बाद वहां भीड़ जमा हो गई।
भीड़ ने पहले आरोपी युवक को बांधकर रखा और पुलिस को सूचित किया। फिर उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद जब पुलिस मौके पर पहुंच गई तो भीड़ बेकाबू हो गई और आरोपी पर हमला कर दिया। लोगों ने आरोपी को पहले लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद उसके तलवारों से काट दिया।
मृतक युवक की पहचान टल्लीगुलाम के रहने वाले बख्शीश सिंह के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि वह मजहबी सिख था। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
भीड़ को इकट्ठा कर की मारपीट
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक ने गुरुद्वारे के अंदर आकर बेअदबी की। यह देख वहां श्रद्धालुओं ने युवक को पकड़ लिया। वह उसे बाहर ले गए, जहां सबको बताया गया कि इस युवक ने बेअदबी की है। तब वहां भीड़ जमा हुई और आरोपी को बांध लिया। इसके बाद पुलिस के सामने पूरी घटना को अंजाम दिया गया।
मौके पर पहुंचे फिरोजपुर पुलिस के DSP बलबीर सिंह के मुताबिक, आरिफ थाने के अंतर्गत बाबा दीप सिंह जी के गुरुद्वारे में बेअदबी की घटना हुई। इसका पता चलते ही पुलिस वहां पहुंची। वहां जाकर पता चला कि लोगों ने बेअदबी करने वालों को पकड़ा हुआ है। उसके साथ मारपीट की गई है। इससे वह जख्मी है। तब आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद वहां से CCTV कैमरे का DVR जब्त कर लिया।
अपराध किया था तो कानून सजा देता
वहीं, मृतक के परिजनों ने हमलावरों पर कार्रवाई की मांग की है। मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि बख्शीश दो बहनों का इकलौता बड़ा भाई था। वह मानसिक रूप से बीमार रहता था। मेहनत-मजदूरी करता था। उन्होंने कहा कि अगर उसने अपराध किया था तो उसे कानून से सजा मिलनी चाहिए थी। युवक की मौत के बाद रोष जताते हुए परिजनों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है
