कर्नाटक सेक्स स्कैंडल- प्रज्वल को ब्लूकॉर्नर नोटिस की तैयारी:SIT ने CBI को रिक्वेस्ट भेजी, पिता एचडी रेवन्ना के घर पहुंची जांच टीम से भिड़े समर्थक
कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में आरोपी प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ ब्लूकॉर्नर नोटिस भेजने की तैयारी हो गई है। केस की जांच कर रही SIT ने मीटिंग के दौरान कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया को यह जानकारी दी।
प्रज्वल हासन से जेडीएस के सांसद और लोकसभा कैंडिडेट हैं। हासन में 26 अप्रैल को सेकेंड फेज में वोटिंग हुई थी। इसके बाद प्रज्वल जर्मनी चले गए। आरोपों के बाद प्रज्वल को 30 अप्रैल को जनता दल एस से सस्पेंड कर दिया गया।
प्रज्वल पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं और पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना के बेटे। इस केस में एचडी रेवन्ना भी आरोपी हैं, जिन्हें शनिवार को दूसरा लुकआउट नोटिस भेजा गया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच के लिए शनिवार को SIT रेवन्ना के घर पहुंची, यहां रेवन्ना समर्थकों ने टीम के साथ हाथापाई की।
28 अप्रैल को प्रज्वल के खिलाफ उनकी पुरानी हाउसमेड ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। इसके बाद प्रज्वल के करीब 200 से ज्यादा वीडियो सामने आए। दावा किया गया है कि महिलाएं खुद को छोड़ने की गुहार लगा रही हैं और प्रज्वल वीडियो शूट कर रहे हैं।
एचडी रेवन्ना और प्रज्वल के खिलाफ किडनैपिंग का भी केस दर्ज किया गया है। केस में एचडी रेवन्ना के करीबी सतीश बबन्ना को गिरफ्तार किया है।
ब्लूकॉर्नर नोटिस भेजा तो क्या होगा?
ब्लूकॉर्नर नोटिस इंटरनेशनल पुलिस कॉरपोरेशन बॉडी जारी करती है। इसके जरिए SIT को प्रज्वल की लोकशन और गतिविधियों के बारे में अतिरिक्त जानकारी मिल जाएगी। SIT ने CBI को नोटिस के लिए रिक्वेस्ट भेजी है। भारत में इंटरपोल के मामलों में नोटिस के लिए अपील करने वाली एजेंसी CBI है।
SIT ने मुख्यमंत्री को क्या बताया?
- प्रज्वल की गिरफ्तारी के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
- ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद हमें प्रज्वल के बारे में जानकारी मिल जाएगी।
- जैसे ही एयरपोर्ट्स से इन्फर्मेशन मिलेगी हम प्रज्वल को गिरफ्तार कर वापस लाएंगे।
पिता-पुत्र के खिलाफ दूसरा लुक आउट नोटिस
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वरा ने शनिवार (4 मई) को बताया कि एचडी रेवन्ना और प्रज्वल के खिलाफ दूसरा लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। उन्हें SIT के सामने पेश होने के लिए आज शाम तक का वक्त दिया गया है। जी परमेश्वरा ने आशंका जाहिर की कि एचडी रेवन्ना भी विदेश जा सकते हैं। पिता-पुत्र को पहला लुक आउट नोटिस 2 मई को जारी किया गया था।
इस केस से जुड़े दोनों पक्षों के बयान
1. पीड़ित बोली- डर से स्टोर में छिप जाते थे
रेवन्ना और प्रज्ज्वल के खिलाफ FIR करवाने वाली महिला ने कहा कि वह रेवन्ना की पत्नी भवानी की रिश्तेदार है। उसका आरोप है कि मेड की नौकरी करने के चार महीने में ही रेवन्ना ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। पत्नी जब भी बाहर होतीं, रेवन्ना किसी न किसी बहाने कमरे में बुलाते और गलत तरीके से छूते।
उसने बताया कि प्रज्वल के आते ही हम स्टोर में छिप जाते थे। प्रज्वल पीड़ित की बेटी को वीडियो कॉल कर अश्लील बात करता था। पीड़िता ने रेवन्ना और प्रज्वल पर 2019 से 2022 तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।
2. एचडी रेवन्ना बोले- वीडियो 4-5 साल पुराने
प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना ने कहा, “मैं नहीं जानता ये कैसा षड्यंत्र रचा गया है। मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो आसानी से डर कर भाग जाऊं। उन्होंने जो वीडियो रिलीज किए हैं, वे 4-5 साल पुराने हैं। जांच होने दीजिए। पिछले 40 साल में कांग्रेस की सरकार में हमने कई जांच का सामना किया है।”
कर्नाटक के CM ने PM मोदी को लेटर लिखा
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 1 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखा। उन्होंने कहा कि प्रज्वल पर जो भी आरोप लगे हैं, वे शर्मनाक और देश को दहला देने वाले हैं। केंद्र सरकार फरार सांसद को वापस लाने के लिए जल्द से जल्द कदम उठाए।
राहुल गांधी ने कर्नाटक CM को चिट्ठी लिखी
राहुल गांधी ने सिद्धारमैया को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की- पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जाए। प्रज्वल के ऊपर पीएम मोदी और अमित शाह का हाथ है। मुझे सदमा लगा कि जी देवराज गौड़ा ने दिसंबर 2023 में शाह को प्रज्वल की हरकतों की जानकारी दी थी। इसके बावजूद प्रधानमंत्री एक बलात्कारी के लिए प्रचार करने आए थे।
वीडियो सामने आने की एक कहानी
- प्रज्वल रेवन्ना के पूर्व कार ड्राइवर कार्तिक और भाजपा नेता जी देवराज गौड़ा ने एक-दूसरे पर अश्लील वीडियो लीक करने का आरोप लगाया है। एक वीडियो मैसेज में कार्तिक ने कहा कि वह पिछले 15 साल से प्रज्वल के साथ काम कर रहा था। पिछले साल उसने काम छोड़ दिया।
- कार्तिक ने बताया कि प्रज्वल ने उसकी जमीन हथिया ली और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की थी। मुझे भी प्रताड़ित किया गया। इसके बाद मैंने नौकरी छोड़कर अपनी जमीन वापस पाने के लिए लड़ाई शुरू कर दी।
- कार्तिक देवराज गौड़ा के पास भी गया। देवराज ने 2023 का विधानसभा चुनाव होलेनरसिपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर लड़ा था और रेवन्ना से हार गए थे। कार्तिक ने फोटो-वीडियो पर लगा स्टे हटाने का वादा कर एक कॉपी ले ली और इसे वायरल कर दिया।
- आरोपों को खारिज करते हुए देवराज गौड़ा ने कहा कि कार्तिक हासन से कांग्रेस के उम्मीदवार श्रेयस पटेल के साथ घूम रहे थे। न तो जेडी(एस) और न ही भाजपा वीडियो जारी करेगी, क्योंकि यह NDA गठबंधन के उम्मीदवार के खिलाफ जाएगा और कांग्रेस को फायदा पहुंचेगा।
- देवराज गौड़ा ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार (श्रेयस पटेल) ने अपने फायदे के लिए वीडियो में दिख रही महिलाओं की अस्मिता को गिरवी रखा। उन्होंने कहा कि वह SIT के नोटिस का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें वह महत्वपूर्ण दस्तावेज जारी करेंगे। कांग्रेस नेता उसी गड्ढे में गिरेंगे, जो उन्होंने दूसरों के लिए खोदा था।
