Headlines

लोकसभा चुनाव 2024:दिल्ली CM की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रोड शो किया, बोलीं- आपका CM शेर है, उसे कोई तोड़ नहीं सकता

दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को AAP के लिए प्रचार शुरू किया। उन्होंने पूर्वी दिल्ली से पार्टी उम्मीदवार कुलदीप कुमार के समर्थन में कोंडली इलाके में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि आपका CM शेर है, उसे कोई तोड़ नहीं सकता, झुका नहीं सकता। हम तानाशाही हटाने, लोकतंत्र बचाने के लिए वोट करेंगे।

इससे पहले, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार 27 अप्रैल को असम के गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बहती नदी की तरह है। कुछ लोगों के चले जाने से इस पर कोई असर नहीं पड़ता।

खड़गे ने कहा- भाजपा कहती है कि भ्रष्टाचारियों को जेल में डालना चाहिए। लेकिन जब भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करने वाले नेता उनकी पार्टी में शामिल होते हैं, तो उन्हें गोद में बैठाया जाता है। उन्हें राज्यसभा या विधानसभा में भेजा जाता है।

अमेठी की जगह केरल के वायनाड से राहुल के चुनाव लड़ने की आलोचना पर खड़गे ने कहा कि कांग्रेस नेताओं पर सवाल उठाने वालों को बताना चाहिए कि अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने कितनी बार अपनी सीटें बदली हैं। खड़गे ने कहा कि अमेठी और रायबरेली सीट पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।

देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें…

लाइव अपडेट्स

17 मिनट पहले

भाजपा ने वकील उज्ज्वल निकम को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से टिकट दिया, आतंकी कसाब को इन्होंने ही सजा दिलाई थी

भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से मशहूर वकील उज्ज्वल निकम को टिकट दिया है। 2019 में भाजपा ने इस सीट से पूनम महाजन (दिवंगत प्रमोद महाजन की बेटी) को टिकट दिया था। पूनम ने जीत भी दर्ज की थी।

उज्ज्वल निकम ने 26/11 मुंबई हमले के दोषी आतंकी अजमल कसाब के खिलाफ केस लड़ा था और उसे फांसी दिलाई थी। पढ़ें पूरी खबर…

35 मिनट पहले

कर्नाटक में चामराजनगर के बूथ पर फिर से वोटिंग कराने का निर्देश 

चुनाव आयोग ने कर्नाटक के चामराजनगर लोकसभा क्षेत्र के एक बूथ पर 29 अप्रैल को फिर से वोटिंग कराने का निर्देश दिया है। चामराजनगर लोकसभा क्षेत्र के लिए दूसरे फेज में 26 अप्रैल को वोटिंग हुई थई। इंडिगनट्टा गांव में मतदान केंद्र 146 पर वोटिंग का बहिष्कार कर रहे ग्रामीणों ने तोड़फोड़ की थी। यह बूथ सरकारी लोअर प्राइमरी स्कूल, इंदिगानाथ, 221-हनूर विधानसभा क्षेत्र में बनाया गया था। रिचर्निंग अधिकारी की रिपोर्ट के बाद आयोग ने यहां फिर से वोटिंग कराने के निर्देश दिए।

58 मिनट पहले

अनुराग ठाकुर बोले- कांग्रेस आपके बच्चों की संपत्ति मुसलमानों को देना चाहती है

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक रैली में कहा कि कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र तैयार करने में “विदेशी ताकतें’ शामिल हैं। ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस आपके बच्चों की संपत्ति मुसलमानों को देना चाहती है। कांग्रेस देश के परमाणु हथियार खत्म करना चाहती है और देश को देश को जातिवाद और क्षेत्रवाद पर बांटना चाहती है।

उन्होंने कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग ने कांग्रेस को पूरी तरह से घेर लिया है और उनकी विचारधारा को हाईजैक कर लिया है। आपको तय करना है कि बच्चों की संपत्ति उनके पास रहनी चाहिए या मुसलमानों को मिलनी चाहिए।

हमने मुसलमानों को सभी अधिकार समान रूप से दिए। लेकिन हमने इसे धर्म के आधार पर नहीं दिया, हमने इसे इसलिए दिया क्योंकि यह उनका अधिकार था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024