उदयपुर कलेक्टर बोले- फोन करके वोट देने बुलाओ:डिलीवरी के 2 दिन बाद मतदान करने पहुंची; बूथ पर बारात लेकर पहुंचा दूल्हा
उदयपुर लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू हो चुकी है। यहां पहली बार 65,723 मतदाता पहली बार वोट करेंगे। कुल मतदाताओं की संख्यर 22 लाख,30 हजार 971 हैं। इस सीट पर दो अफसरों के बीच मुकाबला है। कांग्रेस प्रत्याशी ताराचंद मीणा पहले कलेक्टर रहे है। वहीं भाजपा उम्मीदवार परिवहन विभाग में अतिरिक्त आयुक्त रहे मन्नालाल रावत है। उदयपुर लोकसभा सीट में आठ विधानसभा आती है जिसमें छह उदयपुर की, एक डूंगरपुर की आसपुर तो एक प्रतापगढ़ की धरियावद विधानसभा शामिल है। उदयपुर में अब तक 59.54% मतदान हुआ।
- उदयपुर कलेक्टर ने BLO से कहा- अब तक जो लोग वोट देने नहीं आ पाएं हैं उन्हें फोन करके बुलाओ।
- डिलीवरी के 2 दिन बाद विवाहिता ने भी वोट दिया।
- सूरत-महाराष्ट्र से आए प्रवासियों ने वोटिंग बारात निकाली। इस दौरान थाली की थाप पर वे लोग नाचते-गाते पहुंचे।
- उदयपुर में फर्जी मतदान के बाद बूथ पर मौजूद अधिकारियों ने युवक से टेंडर डलवाया।
- वहीं असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा- वोट करना मेहरबानी नहीं बल्कि हमारा कर्तव्य है।
- नवविवाहित जोड़ा यहां फेरे लेने के बाद मतदान करने पहुंचा
- वहीं सराड़ा क्षेत्र के लोग नदी पार करते हुए नाव से वोट देने आए।
लाइव अपडेट्स
कलेक्टर बोले- फोन करके मतदान केंद्र पर बुलाओ
उदयपुर के कलेक्टर अरविंद कुमार पोसवाल अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान उदयपुर के सैंट ग्रेगोरियोस मतदान केंद्र पर पहुंचे। यहां पर बीएलओ से कहा- अब जो समय बचा है उसमें जो मतदाता नहीं आए उनको फोन करके यहां बुलाए ताकि वह अपना वोट दे सके।
इस दौरान कलेक्टर ने यहां मतदाताओं से भी बातचीत की और उनको भी कहा कि उनके परिवार के कोई सदस्य गर्मी की वजह से नहीं आ पाया है तो उनको भी यहां बुलाकर वोट करवाएं।
मतदान का कर्तव्य निभाया
उदयपुर निवासी घनश्याम लाल शर्मा (75) ने बीमार होते हुए भी मतदान का कर्तव्य निभाया। एनसीसी के कैडेट्स ने व्हीलचेयर की मदद से शर्मा को मतदान केंद्र तक पहुंचाया।
2 दिन पहले बेटी को जन्म दिया, आज मतदान किया
उदयपुर लोकसभा क्षेत्र के खेरवाड़ा में दो दिन पहले ही बालिका को जन्म देने के बाद प्राची कोठारी मतदान केंद्र पहुंची।
बारात रवानगी से पहले वोट
उदयपुर के देबारी में बारात रवानगी से पहले दूल्हा ढोल के साथ मतदान करने पहुंचा।
बारातियों संग दूल्हे ने डाला वोट
उदयपुर के पडावली कला के बूथ पर बारातियों के साथ मतदान करने पहुंचा दूल्हा प्रकाश सिंह।
फेरों के बाद दो नवविवाहित 2 बहनों ने किया मतदान
उदयपुर शहर के पानेरियो की मादड़ी मतदान केंद्र पर दो बहनों सावित्री और हंस मेनारिया की आज शादी हुई। दोनों नवविवाहिताएं अपने पति संग वोट डालने पहुंची।
