लोकसभा चुनाव 2024:कांग्रेस की 21वीं लिस्ट, हरियाणा के 8 प्रत्याशी घोषित; शाह बोले- तेलंगाना में मुस्लिमों का आरक्षण खत्म करेगी भाजपा
कांग्रेस ने गुरुवार (25 अप्रैल) की देर रात लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की 21वीं सूची जारी की। इसमें हरियाणा की 8 लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है। इससे पहले कांग्रेस ने उत्तर मध्य मुंबई लोकसभा सीट से वर्षा गायकवाड के नाम का ऐलान किया था।
हरियाणा की हिसार सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश को टिकट दिया गया है। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए सांसद बृजेंद्र सिंह की टिकट दिया जाएगा। भिवानी-महेंद्रगढ़ से पूर्व सीएम हुड्डा के करीबी राव दान सिंह चुनाव लड़ेंगे। पूरी खबर पढ़ें
शाह बोले- तेलंगाना में मुस्लिमों का आरक्षण खत्म करेगी भाजपा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि भाजपा तेलंगाना में मुस्लिमों का आरक्षण खत्म कर देगी। एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण लाया जाएगा। शाह सिद्दीपेट में मेडक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार एम रघुनंदन राव के लिए चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा- कांग्रेस ने तेलंगाना में सरकार बनते ही राज्य को दिल्ली का एटीएम बना दिया है। BRS और कांग्रेस मिली हुई है। दोनों पार्टियां तेलंगाना लिबरेशन डे नहीं मनाते, क्योंकि वे मजलिस (AIMIM) से डरते हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने पिछले महीने कहा था कि कांग्रेस सरकार मुस्लिमों को शिक्षा-रोजगार में 4 प्रतिशत आरक्षण जारी रखेगी।
दूसरी तरफ, PM नरेंद्र मोदी आगरा में कहा-कांग्रेस के मेनिफेस्टो पर मुस्लिम लीग का ठप्पा लगा है। कांग्रेस ने पिछले दरवाजे से खेल खेलना शुरू कर दिया है। ठान लिया है कि धर्म के आधार पर रिजर्वेशन लाकर रहेगी।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें…
अपडेट्स
कांग्रेस ने उत्तर मध्य मुंबई लोकसभा सीट से वर्षा गायकवाड को प्रत्याशी बनाया
कांग्रेस ने उत्तर मध्य मुंबई लोकसभा सीट से मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड को उम्मीदवार घोषित किया है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोल इस सीट से पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीम खान को टिकट दिलाने के पक्ष में थे।
टिकट मिलने के बाद वर्षा गायकवाड ने X पर लिखा, ”ये चुनाव भारत के संविधान को बचाने का, देश को बचाने का चुनाव है। हम जी-जान से एकजुट होकर लड़ेंगे और जीतेंगे। हम साथ हैं तो हाथ ये हालात बदल देगा।”
कांग्रेस ने यूपी में 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, इसमें सोनिया, राहुल, प्रियंका का नाम
शिवसेना UBT के घोषणा पत्र में एक साल में 30 लाख सरकारी नौकरी का वादा
शिवसेना UBT के घोषणा पत्र में ग्रामीण भागों में बेरोजगारों को नौकरी देने का वादा किया गया। आरक्षण की सीमा 50 फीसदी से बढ़ाने का वादा भी किया गया। खेती के लिए लगने वाले सभी चीजों को जैसे बीज, दवा, औजार सहित अन्य समान को GST से मुक्त करेंगे। पेट्रोल, डीजल और LPG के दाम कम करेंगे। महिलाओं के लिए अपशब्द का इस्तेमाल करने वालों पर कड़ी कार्यवाई की जाएगी। एक साल में 30 लाख सरकारी नौकरी में भर्ती की जाएगी। नई नौकरियों में महिलाओं का 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।
शिवसेना UBT ने घोषणा पत्र जारी किया, इसे वचन नामा कहा
सुनीता केजरीवाल दिल्ली में रोड शो करेंगी
लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के प्रचार अभियान में सुनीता केजरीवाल जुड़ सकती हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अनुपस्थिति में उनकी जगह वे दिल्ली में रोड शो कर सकती हैं। पार्टी नेताओं ने यह जानकारी गुरुवार को दी। मार्च में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। उनकी न्यायिक हिरासत 7 मई तक बढ़ा दी गई है।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान कई राज्यों में भीषण गर्मी का अनुमान
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को जब लाखों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घर से बाहर निकलेंगे तो उन्हें चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू से गंभीर लू चलने की चेतावनी दी। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए रेड अलर्ट, बिहार और कर्नाटक के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम कार्यालय ने कहा कि त्रिपुरा, केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम, मेघालय और गोवा में उमस ज्यादा रह सकती है। शुक्रवार को दूसरे चरण के चुनाव के दौरान 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 88 लोकसभा क्षेत्रों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
कर्नाटक की डिप्टी सीएम का आरोप- IT अधिकारी नेताओं को धमकी दे रहे हैं
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि आयकर विभाग के अधिकारी लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को निशाना बनाकर छापेमारी कर रहे हैं। जिन नेताओं के यहां छापेमारी हो रही है उन्हें धमकाया जा रहा है कि वह ये कबूल करें कि पैसा उनका। उनका आरोप है कि विभाग भाजपा एजेंटों की तरह काम कर रहा है।
अपर्णा यादव बोलीं- अखिलेश यादव पीएम मोदी की लोकप्रियता से डरे हैं
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव बोलीं- I.N.D.I.A ब्लॉक पीएम मोदी की लोकप्रियता से डरा है। इसी डर के कारण कन्नौज से अखिलेश यादव ने नामांकन किया है। जनता ने भाजपा को वापस लाने का मन बना लिया है। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में जो वादे किए थे, उन्हें हमने समय से पहले पूरा किया है। मुलायम सिंह यादव का लोगों के साथ जुड़ाव के कारण बहुत सारी सीटें सुरक्षित थी, लेकिन अब उन सीटों पर भी बीजेपी का कमल खिल रहा है।
शिंदे बोले- पीएम मोदी का काम हिमालय जैसा
छत्रपति संभाजीनगर में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दस साल के काम की उपलब्धियों की तुलना हिमालय से की। उन्होंने कहा- कांग्रेस द्वारा किया गया काम पहाड़ी के समान है। शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा- इतनी तेजी से रंग बदलने वाला गिरगिट कभी नहीं देखा।
PM बोले- कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण लाएगी, आपकी प्रॉपर्टी हड़पेगी
