लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में वेस्ट यूपी की 8 सीटों मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अमरोहा, अलीगढ़ और मथुरा में वोटिंग चल रही है।
दोपहर 3 बजे तक यानी 8 घंटे में 44.13% वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा अमरोहा में 51.44% और सबसे कम मथुरा में 39.45% वोटिंग हुई।
नोएडा में ओपन हार्ट सर्जरी करवाने के बाद महिला एम्बुलेंस से मतदान केंद्र पहुंची और वोट डाला। अमरोहा में क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने वोट डाला। उन्होंने कहा-मतदान करना आपका हक है, अपने पसंदीदा उम्मीदवार को ही वोट दें।
हापुड़ में फर्जी CBI इंस्पेक्टर गिरफ्तार हुआ है। आरोपी लाल बत्ती कार से आया और बूथ चेक करने लगा। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। गाजियाबाद में दुल्हन ढोल-नगाड़ों के साथ पोलिंग बूथ पर पहुंची और वोट डाला।
गाजियाबाद, बागपत, नोएडा और अमरोहा में EVM खराब हो गई। अलीगढ़ में फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा हो गया है।
8 सीटों पर 91 कैंडिडेट मैदान में हैं। इसमें 81 पुरुष और 10 महिला कैंडिडेट हैं। भाजपा के 4 सांसद भी चुनाव लड़ रहे हैं। 1.67 करोड़ वोटर्स इन उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे। 2019 में 8 में से 7 सीट भाजपा ने जीती थीं। एक सीट (अमरोहा) बसपा ने जीती थी।
