लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नरसिंहपुर जिले की तीन विधानसभा क्षेत्र नरसिंहपुर, तेंदूखेड़ा और गाडरवारा में आज मतदान शुरू हो चुका है।
मतदान केंद्र क्रमांक 185 नेहरू हायर सेकेंडरी विद्यालय नरसिहपुर में इंदिरा नगर वार्ड निवासी साक्षी साहू ने विदाई के पूर्व सागर निवासी पति हरिओम साहू गुलाब कालोनी के साथ मतदान केंद्र जाकर मतदान किया और मतदाताओं से मतदान करने की अपील की।
जिले में 45 पिंक बूथ और कुल 710 मतदान केन्द्र
लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 17 होशंगाबाद के लिए जिले में कुल 710 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं, जिसमें 45 पिंक बूथ और 2 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र 119- नरसिंहपुर में 15 पिंक बूथ समेत 258 मतदान, 120- तेंदूखेड़ा में 15 पिंक बूथ सहित 222 मतदान केन्द्र और 121- गाडरवारा में 15 पिंक बूथ, 2 सहायक मतदान केन्द्र समेत 230 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं।
इसके अलावा जिले में 8 शेडो एरिया मतदान केन्द्र हैं, जिसमें विधानसभा नरसिंहपुर में 3, तेंदूखेड़ा में 3 और गाडरवारा में 2 शेडो एरिया मतदान केन्द्र हैं। इनमें नरसिंहपुर के 128 मतदान केन्द्रों में, तेंदूखेड़ा के 139 मतदान केन्द्रों और गाडरवारा के 142 मतदान केन्द्रों में वेबकास्टिंग होगी।
मतदान केन्द्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं के लिए छाया तथा पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सभी केन्द्रों में रैम्प, व्हीलचेयर, बिजली, पेयजल, शौचालय सहित मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
जिले की 3 विधानसभा में 6 लाख 39 हजार 875 मतदाता
जिले की तीन विधानसभा में कुल 6 लाख 39 हजार 875 मतदाता, जिनमें 3 लाख 30 हजार 111 पुरुष, 3 लाख 9 हजार 753 महिला एवं 11 अन्य मतदाता शामिल हैं, जो अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
विधानसभा क्षेत्र 119- नरसिंहपुर में एक लाख 19 हजार 544 पुरुष, एक लाख 14 हजार 452 महिला और 5 अन्य मतदाता समेत कुल दो लाख 34 हजार एक मतदाता, विधानसभा क्षेत्र 120- तेंदूखेड़ा में 98 हजार 592 पुरुष, 91 हजार 878 महिला व 2 अन्य मतदाता समेत कुल एक लाख 90 हजार 472 मतदाता और विधानसभा क्षेत्र 121- गाडरवारा में एक लाख 11 हजार 975 पुरुष, एक लाख 3 हजार 423 महिला और 4 अन्य मतदाता समेत कुल दो लाख 15 हजार 402 मतदाता हैं, जो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
दिव्यांग मतदाताओं की संख्या
119 नरसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 1690 पुरूष व 1333 महिला सहित कुल 3023 दिव्यांग मतदाता, तेंदूखेड़ा के अंतर्गत 1346 पुरुष व 1021 महिला सहित कुल 2367 दिव्यांग मतदाता और गाडरवारा के अंतर्गत 1366 पुरुष व 1022 महिला सहित कुल 2388 दिव्यांग मतदाता हैं।
क्रिटिकल मतदान केंद्र
लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत संसदीय निर्वाचन क्षेत्र होशंगाबाद के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 119-नरसिंहपुर अंतर्गत 12 शहरी 43 ग्रामीण सहित कुल 55 मतदान केंद्रों को क्रिटिकल मतदान केंद्र चिन्हित किया गया है।
इसी प्रकार 120 -तेंदूखेड़ा के अंतर्गत 2 शहरी तथा 61 ग्रामीण सहित कुल 63 केंद्र और 121-गाडरवारा के अंतर्गत 16 शहरी 50 ग्रामीण सहित कुल 66 मतदान केंद्रों को क्रिटिकल मतदान केंद्र घोषित किया गया है।
मतदान दल की जानकारी
जिले की तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र नरसिंहपुर, तेंदूखेड़ा व गाडरवारा में 26 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए 3 हजार 900 कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जबकि 10 प्रतिशत कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है।
नरसिंहपुर के लिए 1402 कर्मचारियों में 845 पुरूष व 557 महिला, तेंदूखेड़ा के लिए 1182 कर्मचारियों में 709 पुरूष व 473 महिला और गाडरवारा के लिए 1316 कर्मचारियों में 789 पुरूष व 527 महिला कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
