वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर एक्सटिंग्विशर फटने से RPF जवान की मौत
मुजफ्फरपुर में सोमवार सुबह वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस की एक बोगी में फायर एक्सटिंग्विशर फटने से एक RPF जवान विनोद कुमार यादव की मौत हो गई। विनोद, शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग बुझाने के लिए गया था। आग बुझाने के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर में ब्लास्ट हो गया। हादसा यात्रियों के उतरने के बाद हुआ। पढ़ें पूरी खबर…
आज की अन्य बड़ी खबरें…
कलकत्ता हाईकोर्ट ने 2016 की शिक्षक भर्ती और 24 हजार से ज्यादा भर्तियां रद्द कीं
कलकत्ता हाईकोर्ट ने सोमवार (22 अप्रैल) को 2016 में हुई शिक्षक भर्ती रद्द कर दी है। कोर्ट ने पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (WBSSC) को नई नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं। कोर्ट की डिवीजन बेंच ने 20 मार्च को फैसला सुरक्षित रख लिया था।
पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य स्तरीय परीक्षा के जरिए सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ भर्ती किया था। तब 24,640 रिक्त पदों के लिए 23 लाख से अधिक लोगों ने भर्ती परीक्षा दी थी।
भर्ती में अनियमितताओं के मामले की जांच में CBI ने राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग के कुछ अधिकारियों को गिरफ्तार भी किया था।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में NIA की नौ जगहों पर छापेमारी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में नौ जगहों पर सोमवार (22 अप्रैल) सुबह तड़के छापेमारी शुरू की, जो अभी तक जारी है। यह छापेमारी साल 2022 में दर्ज आतंकवाद के एक मामले में हुई है।
NIA को श्रीनगर में रह रहे कुछ संदिग्धों के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। संदिग्धों के लश्कर-ए-तैयबा की शाखा द रेसिस्टेंट फ्रंट (TRF) से जुड़े होने की आशंका है। करीब दो महीने पहले (10 फरवरी) भी NIA ने जम्मू-कश्मीर में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की थी।
तब टेरर फंडिंग के मामले को लेकर जमात-ए-इस्लामी संगठन से जुड़े लोगों के 10 ठिकानों पर रेड हुई थी। यह छापेमारी बडगाम, कुलगाम और जम्मू जिले के गुज्जर नगर, शहीदी चौक में हुई थी। इस दौरान कुलगाम में जमात के पूर्व प्रमुख शेख गुलाम हसन और एक अन्य नेता सयार अहमद रेशी के आवास पर NIA पहुंची थी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का सियाचिन दौरा, सेना अधिकारियों से मीटिंग करेंगे
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज (सोमवार) सियाचिन के दौरे पर हैं। वे लेह के थोईस एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। यहां से वे सियाचिन जाएंगे और सेना अधिकारियों और जवानों से मीटिंग करेंगे। राजनाथ सिंह का सियाचिन दौर 24 मार्च को होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण इसे टालना पड़ा था।
पुणे की तीन मंजिला इमारत में आग लगी, फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
महाराष्ट्र के पुणे में तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। आग इमारत की ग्राउंड फ्लोर पर स्थित जनरल स्टोर में लगी थी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बताया कि ऊपर की मंजिल तक भी आग फैल गई थी। फिलहाल आग लगने के कारण का पता नहीं पाया है। फिलहाल किसी के घायल होने के की सूचना नहीं है।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस के आरोपी रिटायर्ड अफसर को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, आज फिर कोर्ट में पेशी
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में रिटायर्ड IAS अफसर अनिल टुटेजा को गिरफ्तार करने के बाद रायपुर कोर्ट में रविवार को पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आज फिर रायपुर की विशेष अदालत में उनकी पेशी होगी।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने अनिल टुटेजा और उनके बेटे यश टुटेजा को शनिवार को हिरासत में लिया था। रविवार सुबह ED अनिल टुटेजा को गिरफ्तार किया था। वहीं पूछताछ के बाद बेटे यश को छोड़ दिया है।
अमेरिका के डेलावेयर स्टेट यूनिवर्सिटी में 18 साल की महिला की गोली लगने से मौत
अमेरिका के डेलावेयर स्थित डेलावेयर स्टेट यूनिवर्सिटी कैंपस में रविवार को गोली लगने से 18 साल की एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान विलमिंगटन के रूप में की गई है। वह यूनिवर्सिटी की रजिस्टर्ड स्टूडेंट नहीं थी। महिला के शरीर के ऊपरी हिस्से में गोली लगी थी। यूनिवर्सिटी ने अपने बयान में कहा कि रविवार को कैंपस बंद था। यहां किसी के आने-जाने की इजाजत नहीं थी। घटना के बाद कैंपस में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई।
