Headlines

हुबली मर्डर केस को सही ठहराने वाले गिरफ्तार:सोशल मीडिया पर लिखा था- जस्टिस फॉर लव; 23 साल की नेहा को फैयाज ने मारा था

हुबली मर्डर केस को सही ठहराने वाले गिरफ्तार:सोशल मीडिया पर लिखा था- जस्टिस फॉर लव; 23 साल की नेहा को फैयाज ने मारा था

बेंगलुरु1 घंटे पहले
तस्वीर मृतका नेहा और आरोपी फैयाज की है। फैयाज ने 18 अप्रैल को कॉलेज कैंपस में नेहा की हत्या की थी।

कर्नाटक के हुबली में शनिवार को नेहा की हत्या को सही ठहराने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि नेहा और फयाज रिश्ते में थे। दोनों की तस्वीरें पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा था- ‘नेहा-फयाज ट्रू लव, जस्टिस फॉर लव’। दोनों आरोपियों की खिलाफ कुछ हिंदूवादी लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई थी।

उधर, आरोपी फैयाज खोंडुनाईक की मां ने पीड़ित परिवार और राज्य के लोगों से माफी मांगी है। पेशे से टीचर आरोपी की मां ममताज ने कहा कि नेहा के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। वह अच्छी लड़की थी।

उन्होंने आगे कहा कि मेरे बेटे ने जो किया, उससे हमारा सिर शर्म से झुक गया है। उसने बहुत बड़ी गलती की है। उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हालांकि, ममताज ने लव-जिहाद के दावों से इनकार किया।

ममताज ने कहा- फैयाज और नेहा एक दूसरे से प्यार करते थे। मुझे एक साल पहले दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला था। दोनों शादी करना चाहते थे। मेरे बेटे ने मुझे नेहा के बारे में बताया था। तब मैंने पहले उसे अपने करियर पर ध्यान देने को कहा था।

फैयाज ने कॉलेज कैंपस में नेहा की हत्या की थी

कर्नाटक के हुबली स्थित बीवीबी कॉलेज कैंपस में 18 अप्रैल को कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी नेहा हिरेमथ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

फैयाज खोंडुनाईक ​​​​​​ने 18 अप्रैल को हुबली स्थित बीवीबी कॉलेज कैंपस में नेहा हिरेमथ ​​​​​​की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। नेहा कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी थी। वह MCA फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। फैयाज उसका पूर्व क्लासमेट था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

फैयाज ने पूछताछ के दौरान बताया कि नेहा उसके साथ रिलेशनशिप में थी। कुछ दिनों से अचानक वह उससे दूर रहने लगी थी। इसलिए उसने घटना को अंजाम दिया।

घटना के बाद पूरे कर्नाटक में आक्रोश देखा गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) सहित कई संगठनों ने नेहा की हत्या के विरोध में जगह-जगह प्रदर्शन किए। आरोपी को फांसी देने की मांग की जा रही है।

लड़की के पिता बोले- यह लव जिहाद नहीं है तो क्या है?
नेहा के पिता निरंजन हिरेमथ ने बेटी की हत्या को लव-जिहाद का मामला बताया है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी ने उनकी बेटी को फंसाने की योजना बनाई थी। वे उसे धमकी दे रहे थे, लेकिन हमारी लड़की ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

दूसरी तरफ, राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने लव-जिहाद के दावों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह हत्या निजी कारणों से की गई है और राज्य में कानून व्यवस्था बिल्कुल दुरुस्त है।

लड़की के पिता ने 20 अप्रैल को कहा कि घटना से पहले हमने आरोपी से बात की थी। हमने उसे समझाया था कि हम तुम्हें शादी करने की अनुमति नहीं दे सकते।

प्रपोजल ठुकराने से नाराज था आरोपी

पुलिस ने 18 अप्रैल को बताया था कि नेहा और फैयाज एक दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों BCA के दौरान क्लासमेट थे। नेहा ने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया था, जिसके कारण फैयाज ने घटना को अंजाम दिया।

हुब्बली-धारवाड़ की पुलिस कमिश्नर रेणुका एस सुकेमार ने कहा कि इस मामले में कल FIR दर्ज की गई थी, जिसके एक घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। हमने सारी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। आरोपी को ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है।

शुक्रवार (19 अप्रैल) को नेहा की अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें कई लोग शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024