Headlines

भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव का PM मोदी ने उद्घाटन किया, कहा- चुनाव के समय यहां आकर मन को शांति मिली

भास्कर अपडेट्स:भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव का PM मोदी ने उद्घाटन किया, कहा- चुनाव के समय यहां आकर मन को शांति मिली

दिल्ली के भारत मंडपम में पीएम मोदी ने 2550वें भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने एक टिकट और सिक्का भी जारी किया। मोदी ने कहा- चुनाव के कठिन समय में ऐसे पवित्र कार्यक्रम में शामिल होना मन को शांति दे रहा है।

मोदी ने कहा- इस साल हमारे संविधान को भी 75 वर्ष होने जा रहे हैं। इसी समय देश में एक बड़ा लोकतांत्रिक उत्सव भी चल रहा है। देश का विश्वास है कि यहीं से भविष्य की नई यात्रा शुरू होगी। हमारे अनादि मूल्यों के प्रति, भगवान महावीर के प्रति युवा पीढ़ी का आकर्षण और समर्पण विश्वास पैदा करता है कि देश सही दिशा में जा रहा है।

भगवान महावीर का ये 2,550वां निर्वाण महोत्सव हजारों साल का एक दुर्लभ अवसर है। ऐसे अवसर कई विशेष संयोगों को भी जोड़ते हैं। ये वह समय है, जब भारत अमृतकाल के शुरुआती दौर में है। देश आजादी के शताब्दी वर्ष को स्वर्णिम शताब्दी बनाने के लिए काम कर रहा है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकियों का मददगार गिरफ्तार; पिस्तौल और दो ग्रेनेड बरामद

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एक रविवार को आतंकियों का एक मददगार पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक पिस्तौल और दो हथगोले बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक इस ओवरग्राउंड वर्कर की पहचान कमरुद्दीन के रूप में हुई है, जो पेशे से टीचर है, उसे मंडी क्षेत्र के गांव हरि बुड्ढा में उसके घर से पकड़ा गया। कमरुद्दीन को पाकिस्तान से अवैध रूप से तस्करी किए गए हथियारों की बरामदगी के बाद गिरफ्तार किया गया है।

इनपुट मिलने पर पुलिस और सेना ने गांव में तलाशी ली। सुबह मेंढर सेक्टर में कालाबन टॉप पथनाटेर को घेर लिया गया। यहां अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।

अमेरिका के टेनेसी में मास शूटिंग, 2 की मौत, 14 घायल

अमेरिका के टेनेसी राज्य में एक स्ट्रीट पार्टी में मास शूटिंग हुई है। इस दौरान 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावर की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना लोकल समय के मुताबिक शाम 7 बजे के बाद की है। हमलावर ने लोगों पर 2 शॉट फायर किए।

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में ED ने रिटायर्ड IAS ऑफिसर को गिरफ्तार किया, मनी लॉन्ड्रिंग का लगा आरोप

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में ED ने रिटायर्ड IAS ऑफिसर को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। ED के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि 2003 के बैच के रिटायर्ड ऑफिसर अनिल तुतेजा को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया है। मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश कर उसकी कस्टडी की मांग करेंगे।

जापान में 2 मिलिट्री हेलिकॉप्टर क्रैश, 1 की मौत, 7 लापता

जापान में शनिवार देर रात 2 मैरीटाइम सेल्फ-डिफेंस हेलिकॉप्टर क्रैश हो गए। इजू द्वीप के पास हुई इस घटना में 1 क्रू मेंबर की मौत हो गई, जबकि 7 अब भी लापता हैं। हादसे के वक्त दोनों हेलिकॉप्टर ट्रेनिंग कर रहे थे। रविवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जापान के रक्षा मंत्री मिनोरू किहारा ने इसकी जानकारी दी।

किहारा ने बताया कि क्रैश के कारण की जांच की जा रही है। दोनों हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद एक दूसरे के काफी करीब गिरे थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि क्रैश की वजह हेलिकॉप्टरों की टक्कर हो सकती है।

अयोध्या स्टेशन पर देर रात मालगाड़ी की 4 बोगियां पटरी से उतरी, रिपेयरिंग का काम जारी

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जंकशन पर शनिवार देर रात मालगाड़ी की 4 बोगियां पटरी से उतरीं। घटना में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है। रेस्क्यू ऑपरेशन और रिपेयर वर्क रविवार सुबह तक जारी रहा। रेलवे अधिकारियों ने कहा- ट्रेन के पटरी से उतरने का कारण अभी तक पता नहीं लग पाया है।

अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग में 3.0 तीव्रता का भूकंप आया

अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग में शाम 6 बजकर 51 मिनट पर 3.0 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप जमीन से 5 किमी नीचे था। झटकों के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024