देश के 21 राज्यों में पहले फेज के चुनाव के बीच अन्य जगहों पर चुनाव प्रचार जारी है। वर्धा की जनसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 से पहले ये धारणा बन गई थी कि देश में कुछ अच्छा हो ही नहीं सकता। सिर्फ निराशा थी। गांवों को लगता था कि यहां बिजली, पानी, सड़क आ ही नहीं सकती।
गरीब को लगता था कि कितनी पीढ़ियां बीत जाएं, गरीबी से मुक्ति नहीं मिलेगी। किसान को लगता था कि बदहाली शायद उसकी नियति है। कितनी भी मेहनत कर लूं, भाग्य नहीं बदलेगा। महिलाओं को लगता था कि उनकी तकलीफें कोई नहीं समझेगा। जिसको किसी ने नहीं पूछा, उसको गरीब के इस बेटे ने पूजा है।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज केरल के वायनाड में रैली की। जेपी नड्डा ने कहा कि एक तरफ पीएम मोदी के नेतृत्व में वायनाड से के सुरेंद्रन उम्मीदवार हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी यहां से उम्मीदवार हैं।
मुझे समझ नहीं आता, उन्हें (राहुल गांधी) वायनाड में क्यों आना पड़ा? क्या उन्हें भरोसा नहीं है कि वे अपनी पुरानी सीट से जीत सकते हैं, जिसे वे लंबे समय से रिप्रेजेंट करते आए हैं। राहुल गांधी वंशवादी शासन में यकीन करते हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरा है। वे तुष्टीकरण की राजनीति में भरोसा रखते हैं।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार यहां पढ़ें…
लाइव अपडेट्स
बसपा ने 11 प्रत्याशियों का ऐलान किया, मछलीशहर से कृपाशंकर,वाराणसी में प्रत्याशी बदला
बसपा ने प्रत्याशियों की 5वीं लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 11 प्रत्याशियों के नाम है। हरदोई से भीमराव अंबेडकर, संतकबीरनगर से मो. आलम, फतेहपुर से डॉ. मनीष सचान, फिरोजाबाद से चौ. बशीर, सीतापुर से महेंद्र सिंह यादव, महाराजगंज से मोहम्मद मौसमे आलम, मिश्रिख से बीआर अहरिवार, वाराणसी से सैयद नेयाज अली, मछलीशहर से कृपाशंकर सरोज, भदोही से अतहर अंसारी और फूलपुर से जगन्नाथ पाल को टिकट दिया है।बसपा ने वाराणसी और फिरोजाबाद से प्रत्याशी बदला है।
