मोदी बोले-आतंक का सप्लायर पड़ोसी आटे को तरस रहा:दमोह में कहा- इंडी गठबंधन वाले भगवान राम की पूजा को पाखंड बताते हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा- हमारा एक पड़ोसी जो आतंक का सप्लायर था वो अब आटे की सप्लाई के लिए तरस रहा है। ऐसे हालातों में हमारा भारत दुनिया में सबसे तेजी से विकसित हो रहा है।
पीएम मोदी शुक्रवार दोपहर में दमोह में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और इंडी अलायंस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये लोग सनातन को डेंगू-मलेरिया कहते हैं। भगवान राम की पूजा को पाखंड बताते हैं।
पीएम मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें –
परिवारवादी-भ्रष्टाचारियों को मोदी की गारंटी बेचैन कर रही
पीएम मोदी ने कहा- परिवारवादी और भ्रष्टाचारी नेताओं को मोदी की गारंटी बेचैन कर रही है। वे कहते हैं कि तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी तो देश में आग लग जाएगी। इंडी गठबंधन के लोग मोदी को आए दिन धमकियां दे रहे हैं। लेकिन मोदी इन धमकियों से न पहले डरा है, न कभी डर सकता है।
भारत में युद्ध स्तर पर काम करने वाली सरकार जरूरी
पीएम मोदी ने कहा- जब दुनिया में युद्ध का माहौल हो। घटनाएं घट रही हो। तो भारत में युद्ध स्तर पर काम करने वाली सरकार बहुत जरूरी है। ये काम पूर्ण बहुमत वाली भाजपा सरकार ही कर सकती है। स्थिर सरकार कैसे देश और देशवासियों के हित में काम करती है, ये हमने बीते वर्षों में देखा है।
मुद्रा योजना में मदद बढ़ाकर 20 लाख रुपए की जाएगी
पीएम मोदी ने कहा- जिनके पास गारंटी देने के लिए कुछ नहीं है, उनकी गारंटी मोदी ने ली है। मुद्रा योजना के तहत ऐसे युवाओं को लाखों करोड़ रुपए का ऋण दिया है। भाजपा ने घोषणा पत्र में घोषणा की है कि मुद्रा योजना में मदद को बढ़ाकर अब 20 लाख रुपए तक किया जाएगा।
भाजपा सरकार न दबती है, न किसी के सामने झुकती है
कोविड का इतना बड़ा संकट आया। मजबूत भाजपा सरकार पूरी दुनिया से हर भारतीय को सुरक्षित भारत ले आई। करोड़ों परिवारों को मुफ्त राशन की सुविधा दी। भाजपा सरकार ने करोड़ों भारतीयों को मुफ्त वैक्सीन लगाई। आज देश में वो भाजपा सरकार है जो न किसी से दबती है, न किसी के सामने झुकती है।
इंडी गठबंधन वाले हमारे सनातन को डेंगू-मलेरिया कहते हैं
मोदी बोले- ओरछा में हमारे भगवान राम राजा के रूप में विराजित हैं। बुंदेलखंड की धरती देख रही कैसे कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले कहते हैं, हमारा सनातन डेंगू-मलेरिया है। अध्योध्या में राम मंदिर बना है, उसके भी ये विरोधी हैं। राम की पूजा को पाखंड बताते हैं। ये सब वोट की राजनीति के लिए करते हैं।
पीएम मोदी के दमोह दौरे के मिनट-टु-मिनट अपडेट के लिए नीचे दिए ब्लॉग से गुजर जाइए।
अपडेट्स
पूर्व मंत्री की बात पर ठहाके लगाते दिखे पीएम मोदी
दमोह में मंच पर पीएम मोदी ने पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव से बातचीत की। इस दौरान गोपाल भार्गव की किसी बात पर पीएम मोदी जमकर ठहाके लगाते नजर आए।
मोदी-मां हीरा बेन की पेंटिंग लेकर आया लड़का, पीएम ने भाषण रोककर बात की
पीएम मोदी की सभा में एक लड़का मोदी और उनकी मां हीरा बेन की पेंटिंग लेकर पहुंचा था। जिसमें पीएम मोदी मां हीरा बेन को हाथ जोड़कर प्रणाम कर रहे हैं। और मां हीरा बेन उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दे रही है। लड़का काफी देर से पीएम मोदी से सामने ये पेंटिंग दिखा रहा था। जिसे देखकर पीएम मोदी ने बीच में ही अपना भाषण रोका और एसपीजी टीम को कहा- पीछे एक बच्चा मेरी फोटो लेकर आया है। लंबे समय से हाथ हिला रहा है। बेटा फोटो के पीछे अपना नाम पता लिख देना और वो कैमरामैन को दे दो, आराम से बैठो, मेरी चिट्ठी आएगी।
मोदी धमकियों से न डरा है, न कभी डरेगा
परिवारवादी और भ्रष्टाचारी नेताओं को मोदी की गारंटी बेचैन कर रही है। वे कहते हैं कि तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी तो देश में आग लग जाएगी। इंडी गठबंधन के लोग मोदी को आए दिन धमकियां दे रहे हैं। लेकिन मोदी इन धमकियों से न पहले डरा है, न कभी डर सकता है।
इंडी गठबंधन वाले सनातन को डेंगू-मलेरिया कहते हैं
मोदी बोले- ओरछा में हमारे भगवान राम राजा के रूप में विराजित हैं। बुंदेलखंड की धरती देख रही कैसे कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले कहते हैं, हमारा सनातन डेंगू-मलेरिया है। आपके आशीर्वाद से अध्योध्या में जो राम मंदिर बना है, उसके भी ये विरोधी हैं। राम की पूजा को पाखंड बताते हैं। ये बयान तब दिया जाता है, जब अध्योध्या में रामनवमी पर भगवान राम का तिलक हो रहा होता है। ये सब ये लोग वोट की राजनीति के लिए करते हैं।
बुंदेलखंड में पानी की समस्या खत्म करने में जुटे हैं
बुंदेलखंड में पानी की समस्या का समाधान करने के लिए मोदी पूरी ईमानदारी से जुटा है। 45 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च कर केन-बेतवा लिंक परियोजना को पूरा कर रहे हैं। हर घर जल अभियान के तहत पानी पहुंचा रहे हैं।
मोदी आपके के बीच गारंटी लेकर आया है
मोदी बोले- देश में चारों तरफ निराशा का माहौल था। 2014 में मोदी आपके बीच एक उम्मीद लेकर आया था। 2019 में दोबारा आया तो तो विश्वास लेकर आया था और आज 2024 में मोदी आपके पास गारंटी लेकर आया है। और मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरी होने की गारंटी। मोदी की गारंटी है कि गरीब, किसान, युवा और माताएं-बहनें हर लाभार्थी को शत प्रतिशत सुविधाएं मिलेगी।
जिनके पास गारंटी देने के लिए कुछ नहीं है उनकी गारंटी मोदी ने ली है
पीएम मोदी ने कहा- जिनके पास गारंटी देने के लिए कुछ नहीं है उनकी गारंटी मोदी ने ली है…MUDRA योजना के तहत ऐसे युवाओं को लाखों करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध कराया है। अब भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में घोषणा की है कि MUDRA योजना में मदद को बढ़ाकर अब 20 लाख रुपए तक किया जाएगा: प्रधानमंत्री मोदी
