यूपी के एटा में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। मरने वाले में दूल्हा, उसकी 2 भतीजी और उसका दोस्त शामिल हैं। बच्चियों की उम्र 1 और 6 साल थी।
दूल्हे की 6 दिन बाद यानी 24 अप्रैल को शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए परिवार के साथ दिल्ली से मैनपुरी जा रहा था। कार की स्पीड तेज थी। इस दौरान ड्राइवर को झपकी आ गई। जिससे नेशनल हाईवे-91 के सुन्ना नहर पुल पर हादसा हो गया।
हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में दो सगी बहनों की मौत
मरने वाले सभी मूल रूप से मैनपुरी के रहने वाले थे। इनकी पहचान सथिनी दलितपुर के रहने वाले दूल्हा कुलदीप (21), उसकी भतीजी नित्या (1) और आराध्या (6) और उसका दोस्त व्यूति कलां निवासी गुलशन (23) के रूप में हुई है। दोनों बच्चियों के पिता रवि, उनकी मां रंजना और भाई आदित्य और ड्राइवर विष्णु, सतेंद्र भी घायल हो गए।
गुलशन के चचेरे भाई की आज थी शादी
कुलदीप और रवि दिल्ली में प्राइवेट जॉब करते थे। दोनों का परिवार भी साथ रहता था। कुलदीप की शादी 5 महीने पहले किशनी थाने की रहने वाली कुमकुम के साथ तय हुई थी। कुमकुम रिश्ते में उसकी मामा की लड़की है।
बुधवार को कुलदीप ने परिवार का साथ चढ़ावे का सामान खरीदा। इसमें साड़ियां, ज्वेलरी, वर-वधू पक्ष के लिए कपड़े शामिल थे। इसके बाद उसने दोस्त गुलशन को फोन किया। मैनपुरी आने की बात बताई। गुलशन ने उससे कहा कि मुझे में लेकर चलो।
दरअसल, गुलशन के चचेरे भाई निखिल की आज शादी थी। कुलदीप-गुलशन के घर के बीच दूरी 25-30 किलोमीटर है। कुलदीप की बुआ के बेटे राम निवास ने बताया कि 23 अप्रैल से शादी की रस्में शुरू होने वाली थी। शादी की सब तैयारियां चल रही थी। ये लोग दिल्ली से शादी का सारा सामान खरीदकर ला रहे थे, तभी हादसा हो गया।
आगे बढ़ने से पहले हादसे की 4 तस्वीरें देखिए…
बच्चे सीट के नीचे फंस गए थे
स्थानीय ने बताया, ‘कार की टकराने की आवाज सुनकर हम मौके पर पहुंचे। देखा तो कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। सभी लोग उसमें फंसे थे। हमने पहले पुलिस की सूचना दी। तभी आस-पास के लोग भी आ गए।
इसके बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसा इतना भयानक था कि छोटे बच्चे सीट के नीचे फंस गए थे। बच्चों को मुश्किल से बाहर निकाला। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस सभी को मेडिकल कॉलेज ले गई।’
झपकी आने से हुआ हादसा
SSP राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ड्राइवर को नींद आने से हादसा हुआ है। इसमें दो बच्चियों समेत 4 की मौत हुई है। 5 लोग घायल हैं। जिसमें तीन की हालत गंभीर है।
