रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने गुरुवार (18 अप्रैल) को ओडिशा के चांदीपुर इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज दीपुर से इंडिजियस टेक्नॉलॉजी क्रूज मिसाइल (ITCM) का सफल उड़ान परीक्षण किया है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, परीक्षण के दौरान मिसाइल के सभी सब-सिस्टम ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया।
वडोदरा ट्रैफिक पुलिस ने अपने पुलिसकर्मियों को स्पेशल AC हेल्मेट दिए, 40-42 डिग्री में भी ठंडक देंगे
वडोदरा ट्रैफिक पुलिस ने गर्मियों में अपने कर्मियों को रात पहुंचाने के लिए खास हेल्मेट दिए हैं। ये AC हेल्मेट 40-42 डिग्री तापमान में भी ठंडक का अहसास देंगे। इनमें खास फीचर लगाए गए हैं। इनमें आंखों को शील्ड करने के लिए एक फ्रेम लगाया गया है। इनमें एक चार्जिंग पॉइंट भी है। इसे फुल चार्ज करने पर ये आठ घंटे तक ठंडक दे सकता है।
आज की अन्य प्रमुख खबरें…
मनी लॉन्ड्रिंग केस- AAP विधायक अमानतुल्लाह ED दफ्तर पहुंचे; सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी थी अग्रिम जमानत याचिका
ओखला से आम आदमी पार्टी विधायक अमानतुल्लाह खान गुरुवार को मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश हुए। विधायक पर उनके कार्यकाल के दौरान दिल्ली वक्फ बोर्ड में अनियमितताओं का आरोप है। इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी और उन्हें 18 अप्रैल को जांच में शामिल होने का निर्देश दिया था।
खान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की FIR और दिल्ली पुलिस की तीन शिकायतों से जुड़ा है। ED का दावा है कि खान ने दिल्ली वक्फ बोर्ड में कर्मचारियों की अवैध भर्ती के जरिए कमाए पैसे से अपने सहयोगियों के नाम पर अचल संपत्ति खरीदी।
शेर अकबर को सूरज और शेरनी सीता को मिलेगा तनया नाम; बंगाल सरकार ने सेंट्रल जू अथॉरिटी को भेजा प्रस्ताव
त्रिपुरा के सेपाहिजला जूलॉजिकल पार्क से लाए गए शेर अकबर और शेरनी सीता के नाम बदले जाएंगे इसके लिए बंगाल सरकार ने केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (CZA) को नए नाम सूरज और तनया का प्रस्ताव भेजा है। कलकत्ता हाईकोर्ट की जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच के कमेंट के बाद जू अथॉरिटी ने इन शेरों के नाम बदलने का प्रपोजल CZA को भेज दिया था।
शेरों के विवादित नामों को विश्व हिंदू परिषद (VHP) की बंगाल इकाई ने हिंदू धर्म का अपमान बताया था और इसके खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट में 16 फरवरी को याचिका लगाई थी।
दिल्ली पुलिस ने 28 बाइकर्स को अरेस्ट किया, रील बनाने के लिए बिना हेलमेट के बाइक वला रहे थे
दिल्ली पुलिस ने बुधवार रात नई दिल्ली इलाके से 28 बाइकर्स को अरेस्ट किया। ये सभी लोग बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। पूछताछ में पता चला कि ये लोग रील बनाने के लिए इस इलाके में आए थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी बाइक जप्ती में ले ली हैं।
दिल्ली के कालिंदी कुंज के फर्नीचर मार्केट में आग लगी, फायर ब्रिगेड मौके पर मौजूद
दिल्ली के कालिंदी कुंज के फर्नीचर मार्केट में बीती रात आग लग गई। आग काफी फैल गई है और इससे फर्नीचर की दुकानों को नुकसान भी हुआ है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। हादसे में किसी की जान जाने की खबर नहीं है। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगा रही है।
