Headlines

अजान शुरू होने पर प्रियंका ने भाषण रोका:सहारनपुर में रामायण का किस्सा सुनाया; मुस्लिम महिलाओं से बोलीं- अस्सलामु अलैकुम

लोकसभा चुनाव के ऐलान के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को यूपी का पहला रोड शो सहारनपुर में किया। खुली जीप में उनके साथ कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद भी मौजूद रहे। प्रियंका ने कहा- मोदी का ध्यान गरीबों की तरफ नहीं, धन्नासेठों की तरफ है।

प्रियंका के भाषण के दौरान अजान शुरू हो गई, तो उन्होंने भाषण रोक दिया। दोबारा बोलते हुए वाल्मीकि रामायण का एक किस्सा सुनाया। मुस्लिम महिलाओं से अस्सलामु अलैकुम बोलीं। इस दौरान प्रियंका को किसी ने गुलाब तो किसी ने पेंटिंग गिफ्ट की।

रोड शो अमन पैलेस से शुरू हुआ, जो डेढ़ किमी दूर गुरुद्वारा रोड पर खत्म हुआ। 5 साल पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में भी प्रियंका गांधी ने सहारनपुर में रोड शो किया था। तब भी खुली जीप में इमरान मसूद उनके साथ थे।

इससे पहले 1993 में अटल बिहारी वाजपेयी ने भी बलरामपुर में लोकसभा चुनाव के दौरान अजान की आवाज सुनकर भाषण रोक दिया था। (पूरी खबर यहां पढ़ें.)

अपडेट्स

03:20 PM17 अप्रैल 2024

‘EVM में कोई गड़बड़ न हो, तो बीजेपी को 180 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी’

प्रियंका गांधी ने कहा कि इन्होंने कुछ गड़बड़ पहले से कर रखी है कि इनको पता है कि इन्हें 400 पार मिलने वाले हैं। अगर देश में ऐसा चुनाव हो, जिसमें EVM में कोई गड़बड़ न हो, तो मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि ये 180 से ज्यादा सीटें नहीं ले सकते, उससे भी कम सीटें लेंगे।

02:53 PM17 अप्रैल 2024

“इलेक्टोरल बॉन्ड से ब्लैक मनी को व्हाइट कर रहे”

प्रियंका बोलीं- इलेक्टोरल बॉन्ड पारदर्शी है तो यह सूची पहले क्यों नहीं पेश की। सुप्रीम कोर्ट ने जब हस्तक्षेप किया, तब जाकर लिस्ट सामने आई है। जो कंपनी 180 करोड़ रुपए का मुनाफा कमा रही थी, उस कंपनी ने भाजपा को 1100 करोड़ रुपए का चंदा दिया। काला धन इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से सफेद करने की कोशिश है।

02:47 PM17 अप्रैल 2024

पीएम मोदी के भ्रष्टाचार की पोल खोलता है इलेक्टोरल बॉन्ड

प्रियंका बोलीं- मोदी जी कहते हैं कि मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ अकेला ही लड़ रहा हूं। फिर यह इलेक्टोरल बॉन्ड क्या है? नोटबंदी के वक्त कहा था काला धन वापस आएगा। सभी के खातों में 15-15 लख रुपए डाले जाएंगे। वह 15 लख रुपए कहां है। इलेक्टोरल बॉन्ड उनके भ्रष्टाचार की पोल खोलता है।

02:42 PM17 अप्रैल 2024

’10 हजार रुपए के लिए आत्महत्या कर रहा किसान’

प्रियंका गांधी ने कहा- मोदी जी को देश की मिट्‌टी सींचने वाला किसान नहीं दिख रहा। किसान अपने हक के लिए दिल्ली में कई महीने तक बैठे रहे। लेकिन मोदी जी को सुनाई नहीं दिया।

देश का किसान 10 हजार कर्ज के लिए आत्महत्या कर रहा है। किसान का कर्ज माफ नहीं किया जा रहा। लेकिन अडाणी का 16 लाख करोड़ रुपया एक झटके में माफ कर दिया।

02:36 PM17 अप्रैल 2024

प्रियंका बोलीं- मोदी जी से डरते हैं सभी

प्रियंका बोलीं- मोदी जी के साथ वही लोग हैं जो उनसे हाथ मिलाते हैं। देश में जितने अधिकारी, सांसद, विधायक, मंत्री हैं, सभी उनसे डरते हैं। उनके डर के मारे कोई सच्चाई नहीं बताता।

मोदी जी को क्या मालूम कि जनता कितना तड़प रही है। उन्हें महिलाओं का दुख क्या मालूम। आज के समय में महिलाएं महंगाई के कारण अपने बच्चों के कपड़े भी नहीं खरीद पा रही हैं।

02:27 PM17 अप्रैल 2024

“पैगंबर साहब ने आपके लिए लड़ाई लड़ी”

प्रियंका गांधी बोलीं- पैगंबर मोहम्मद साहब को आप लोग इसलिए मानते हैं क्योंकि उन्होंने आपके लिए लड़ाई लड़ी। आपके साथ हमेशा खड़े रहे। उनके पास कोई सत्ता नहीं थी। फिर भी आप लोग उन्हें मानते हैं।

01:29 PM17 अप्रैल 2024

वाल्मिकी रामायण का किस्सा सुनाया

प्रियंका ने वाल्मिकी रामायण का किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा- आज रामनवमी का दिन है। यह शुभ अवसर है। रामायण में लिखा है, जब राम युद्ध भूमि में उतरे। उन्होंने सामने देखा, तो शक्ति माता की पूरी शक्ति रावण की तरफ थी। इस पर भगवान राम मायूस हो गए। इसके बाद उन्होंने 9 दिनों तक तपस्या की। इस दौरान उन्होंने माता की आराधना की। मां दुर्गा को मनाने की कोशिश की और 108 नीलकमल मां के चरणों में चढ़ाए।

इस दौरान मां दुर्गा ने उनकी परीक्षा ली। उन्होंने एक नीलकमल को छुपा लिया। तब श्रीराम बड़े परेशान हुए। तब राम को अपने बचपन की याद आई और उन्हें याद आया कि उनकी मां उन्हें बचपन में नीलकमल सी आंखों वाला कहती थी। जब श्रीराम अपनी आंख को निकालने के लिए चलें, तभी मां प्रकट हुईं और उन्होंने उन्हें आशीर्वाद दिया।

01:13 PM17 अप्रैल 2024

मुस्लिम महिलाओं से अस्सलामु अलैकुम बोला

प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी जी का ध्यान गरीबों की तरफ नहीं है, बल्कि उनका धन्नासेठों की ओर है। देश को मोदी के इन्हीं धन्नासेठ चला रहे हैं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने मुस्लिम महिलाओं से अस्सलामु अलैकुम बोला।

12:54 PM17 अप्रैल 2024

नोटबंदी में मोदी ने लोगों को कतार में खड़ा कर दिया

नोटबंदी में मोदी ने लोगों को लाइन की कतार में खड़ा कर दिया। कह रहे थे कि कला धन आएगा। लेकिन जो सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर खुलासा हुआ, तो पता चला कि वह पैसा कहां गया।

12:52 PM17 अप्रैल 2024

प्रियंका बोलीं- किसान मर रहे, लेकिन मोदी कर्ज माफ नहीं कर रहे

प्रियंका गांधी ने कहा कि किसान कर्ज से मर रहे हैं। मगर मोदी जी किसानों का कर्ज माफ नहीं कर रहे है। लेकिन अडाणी के अरबों रुपए माफ कर दिए।

12:41 PM17 अप्रैल 2024

अजान होने पर प्रियंका ने रोका भाषण

मस्जिद में अजान होने के कारण प्रियंका गांधी ने थोड़ी देर के लिए अपने भाषण को रोक दिया है।

12:36 PM17 अप्रैल 2024

रोड शो की तस्वीरें देखिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024