लोकसभा चुनाव से पहले चेकिंग के दौरान चुनाव आयोग (EC) ने 4658.13 करोड़ रुपए जब्त किए हैं। इनमें कैश, सोना-चांदी, शराब, ड्रग्स और कीमती सामान शामिल हैं। आयोग ने सोमवार को बताया कि लोकसभा चुनाव के 75 साल के इतिहास में ये अब तक की सबसे बड़ी जब्ती है। 2019 में 3475 करोड़ रुपए सीज किए गए थे।
चुनाव आयोग ने बताया कि 1 मार्च के बाद से हर दिन करीब 100 करोड़ रुपए सीज किए जा रहे हैं। आयोग के मुताबिक, सबसे ज्यादा कैश तमिलनाडु में 53 करोड़, तेलंगाना में 49 करोड़, महाराष्ट्र में 40 करोड़, कर्नाटक और राजस्थान में 35-35 करोड़ रुपए से ज्यादा जब्त किए गए हैं।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार यहां पढ़ें…
लाइव अपडेट्स
राजनाथ बोले- रूस-यूक्रेन युद्ध के समय मोदी ने दोनों देशों के राष्ट्रपतियों से बात की, इसके बाद युद्ध रुक गया
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध के समय दोनों देशों के राष्ट्रपतियों से फोन पर बात की थी। इसके बाद यह युद्ध रुक गया।
उन्होंने कहा- विश्व के अधिकांश देश कोविड के संकट से प्रभावित थे। भारत की हालत तो ये थी कि यहां पर कोविड के संकट से निजाद दिलाने के लिए हमारे पास वैक्सीन नहीं थी।
आज मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भारत में शायद ही ऐसा कोई नागरिक हो जिसे कोविड की दो या तीन डोज नहीं लगी होगी।
चुनाव से पहले ED ने दो हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की ड्रग्स बरामद की
2024 चुनाव से पहले हुई जब्ती (13 दिन में)
कैश: 395.39 करोड़ शराब:489.3 करोड़ ड्रग्स: 2068.8 करोड़ कीमती सामान: 562.1 करोड़ मुफ्त का सामान: 1142.49 करोड़ ——- 2019 लोकसभा चुनाव में जब्ती कैश: 844 करोड़ शराब: 304.6 करोड़ ड्रग्स: 1279.9 करोड़ कीमती सामान: 987.11 करोड़ मुफ्त का सामान: 60.15 करोड़
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के DIG को इलेक्शन कमीशन ने बर्खास्त किया
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में लोकसभा चुनाव से पहले हिंसा होने पर इलेक्शन कमीशन ने एक्शन लिया है। इलेक्शन कमीशन ने मुर्शिदाबाद के DIG को बर्खास्त कर दिया है।
कमलनाथ के बंगले पर पुलिस पहुंची, भाजपा प्रत्याशी का फर्जी वीडियो वायरल कराने के मामले में जांच जारी
छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू की शिकायत पर कांग्रेस कमलनाथ के छिंदवाड़ा स्थित बंगले पर पुलिस पहुंच गई है।
बंटी साहू का आरोप है कि कमलनाथ के पीए आरके मिगलानी और निजी चैनल के एक वीडियो जर्नलिस्ट ने कुछ पत्रकारों को उनका फर्जी वीडियो वायरल करने के लिए 20 लाख रुपए का प्रलोभन दिया था।
विवेक बंटी साहू ने इससे जुड़ी बातचीत का एक वीडियो जारी किया है। पुलिस इसी मामले में जांच कर रही है। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान के अलवर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव को लेकर आज राजस्थान में पहला रोड शो कर रही हैं। अलवर शहर में कंपनी बाग के सामने शहीद स्मारक से दोपहर एक बजे रोड शो शुरू हुआ। प्रियंका हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन भी कर रही हैं। लोग अपनी समस्याएं कागज पर लिखकर रथ पर पहुंचा रहे हैं।
अलवर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव के समर्थन में रोड शो लगभग 3 किमी का होगा। रोड शो करीब डेढ़ घंटे चलेगा। प्रियंका के साथ रथ में पूर्व सीएम अशोक गहलोत, राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह भी हैं। पूरी खबर पढ़ें…
खुजराहो लोकसभा सीट पर सपा उम्मीदवार का नामांकन खारिज, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के कैंडिडेट को समर्थन देगी कांग्रेस
