Headlines

लोकसभा चुनाव-2024:भाजपा 14 अप्रैल को मेनिफेस्टो जारी करेगी; कंगना रणोट बोलीं- मोदी भगवान राम का अंश, मैं रामसेतु की गिलहरी

ठीक एक हफ्ते बाद 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग है। भाजपा 14 अप्रैल को दिल्ली में पार्टी का घोषणापत्र जारी करेगी। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी मौजूद रह सकते हैं।

इस बीच, मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनोट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान राम का अंश बताया। ये भी कहा कि हम सब उनकी (पीएम मोदी) चेतना, उनके त्याग और उनके चरित्र का अंश हैं।

वहीं, गया में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने मीसा भारती पर निशाना साधा। चिराग ने कहा- ये किस तरह की भाषा है? इस तरह की भाषा से आप देश और दुनिया को किस तरह का मैसेज दे रही हैं? इस तरह की भाषा वे लोग इस्तेमाल कर रहे हैं, जो खुद भ्रष्टाचार में आरोपी हैं। उनके परिवार के कई सदस्य भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपी हैं। यह बदले की भाषा है।

हाल ही में लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने कहा था कि हमारी (I.N.D.I. गठबंधन) की सरकार बनी तो पीएम मोदी जेल जाएंगे। RJD ने मीसा भारती को पाटलिपुत्र और उनकी छोटी बहन रोहिणी आचार्य को सारण से टिकट दिया है।

देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार यहां पढ़ें…

अपडेट्स

08:41 PM12 अप्रैल 2024

मणिपुर में विस्थापित लोगों के लिए 29 स्पेशल पोलिंग स्टेशन बनाए गए

मणिपुर की इनर मणिपुर लोकसभा सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। यहां पर चुनाव आयोग ने खास इंतजाम किए हैं। मणिपुर हिंसा में विस्थापित हुए लोगों के लिए 29 स्पेशल पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर ठा. किरण कुमार ने कहा कि चुनाव के लिए तैयारियां जारी हैं।

08:26 PM12 अप्रैल 2024

टीएमसी को पुलिस और गुंडे चला रहे- केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक

केंद्रीय मंत्री और कूच बिहार से भाजपा उम्मीदवार निशीथ प्रमाणिक ने कहा- तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी है। तृणमूल कांग्रेस का पश्चिम बंगाल में एक संगठन के रूप में देहांत हो चुका है। पुलिस और कुछ गुंडों द्वारा पार्टी चलाने का प्रयास किया जा रहा है। ममता मुख्यमंत्री हैं, वे जितना बार चाहें, कूच बिहार आ सकती हैं, लेकिन उससे कुछ भी फायदा नहीं होगा। जितनी बार वे आएंगी, तृणमूल कांग्रेस उतने ज्यादा वोट से हारेगी।

08:11 PM12 अप्रैल 2024

14 अप्रैल को भाजपा का घोषणापत्र जारी होगा

भाजपा 14 अप्रैल सुबह 11:30 बजे अपना मेनिफेस्टो जारी करेगी। दिल्ली स्थित भाजपा विस्तार कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा घोषणापत्र जारी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें मौजूद रह सकते हैं।

07:21 PM12 अप्रैल 2024

सपा हार चुकी है, चुनाव लड़ने की औपचारिकता कर रही है- यूपी के डिप्टी सीएम

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- सपा समाप्तवादी पार्टी है। यूपी में उसका खाता भी नहीं खुलेगा। उन्हें (अखिलेश यादव) और उनके परिवार के हर सदस्य को पता है कि वे चुनाव हार चुके हैं। वे चुनाव लड़ने की फॉर्मेलिटी कर रहे हैं। भाजपा को 370 और NDA को 400 सीटें मिलेंगी।

07:11 PM12 अप्रैल 2024

लालू यादव बोले- ऐपीटाइजर लाते-लाते 10 साल लगा दिए

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने शुक्रवार को X पर ट्वीट कर PM मोदी पर निशाना साधा। लालू ने लिखा- ऐपीटाइजर लाते-लाते 10 साल लगा दिए। मेन कोर्स लाते-लाते तो 100 साल लगा देंगे। बंदा इंतजार करते-करते मर जाएगा। दूसरा- जब इनके ऐपीटाइजर में ही गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर है तो थाली में क्या होगी? आपके हाथ में थाली नहीं बल्कि कटोरा होगा। इसलिए वोट की चोट दीजिए और नौकरी देने वाली सरकार चुनिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024