Headlines

तेजस्वी बोले-नीतीश कुमार ने PM मोदी के पैर छुए:इतने अनुभवी CM ने भरे मंच पर ऐसा किया, शर्मिंदगी हुई; अटल-आडवाणी वाली BJP अलग थी

नवादा में रविवार को PM मोदी की चुनावी सभा हुई। जिसमें CM नीतीश समेत NDA के कई बड़े नेता भी शामिल हुए। तेजस्वी यादव ने इस रैली का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में PM मोदी, CM नीतीश समेत कई नेता मंच पर दिख रहे हैं। इस दौरान CM नीतीश PM मोदी का अभिवादन करते दिख रहे

तेजस्वी ने वीडियो शेयर कर कहा है कि CM नीतीश PM मोदी के पैर छू रहे हैं। इतने बुजुर्ग और अनुभवी CM होकर नीतीश कुमार ने जो भरे मंच पर किया, उससे हम शर्मिंदा हैं।

तेजस्वी ने आगे कहा कि यह देखकर हमें शर्म महसूस हो रही है। क्या हालात हो गए हैं। इसलिए मैं कहता हूं कि अटल और आडवाणी की BJP अलग थी। बगहा में चुनावी सभा में शामिल होकर तेजस्वी पटना लौटे थे, और एयरपोर्ट पर ये बातें कहीं।

इधर, जदयू ने बयान पर आपत्ति जताते हुए इसे वापस लेने को कहा है। पार्टी का कहना है कि तेजस्वी को सम्मान की व्यावहारिकता का ज्ञान नहीं है।

पहले तस्वीरों में देखिए कैसे CM नीतीश ने PM मोदी का अभिवादन किया था…

तेजस्वी ने आगे कहा कि लंबे समय से नीतीश जी मुख्यमंत्री बने हुए हैं। इतना अनुभवी नेता देश में और कोई नहीं है। मोदी जी तो गुजरात में जब भूकंप आया था, तब CM बने थे, लेकिन नीतीश कुमार उससे पहले न केवल बिहार के मुख्यमंत्री बन चुके थे, बल्कि वे कई बार केन्द्रीय मंत्री भी रह चुके थे।

यह वही नीतीश कुमार हैं जो मोदी जी की थाली खींचने से भी नहीं घबराते थे। तब गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी जी ने बिहार में आई भीषण बाढ़ के लिए धनराशि भेजी थी, जिसे नीतीश कुमार ने गुजरात को वापस लौटा दिया था, लेकिन आज मुख्यमंत्री जी को मोदी जी के पैर तक छूने पड़ रहे हैं।

तेजस्वी को व्यावहारिक रूप से सम्मानित होने का अनुभव नहीं- JDU
तेजस्वी के इस बयान पर JDU ने पलटवार करते हुए तेजस्वी से तत्काल प्रभाव से अपने शब्द वापस लेने की मांग की। JDU के राष्ट्रीय सचिव राजीव रंजन ने दावा किया कि तेजस्वी जंगल राज की पार्टी से हैं, जो अराजकतावादियों से भरी हुई है।

रंजन ने कहा कि तेजस्वी को व्यावहारिक रूप से सम्मानित होने का अनुभव नहीं है, इसलिए वे सम्मान देने में कम कुशल हैं।

दरअसल,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नवादा की चुनावी रैली को संबोधित किया था। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए। इस चुनावी सभा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, इसमें नीतीश को PM मोदी के सार्वजनिक संबोधन के बाद मंच पर उनके बगल में बैठने से ठीक पहले उनका अभिवादन करते देखा गया था।

अपने भाषण के बाद CM PM के बगल में आकर बैठे और कुछ इस तरह से उनका अभिवादन किया था।

मीसा भारती ने कहा- CM ने पद की मर्यादा नहीं रखी
नीतीश कुमार के पैर छूने वाले फोटो-वीडियो शेयर कर राजद नेता और पाटलिपुत्रा से प्रत्याशी मीसा भारती ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा- नीतीश जी, आप जनाधार में और धरातल से लुप्त हो चुकी पार्टी के नेता मात्र ही नहीं हैं! दुर्भाग्यवश ही सही, आप करोड़ों बिहारवासियों का प्रतिनिधित्व भी करते हैं। अपने पद की मर्यादा व गरिमा को तार तार करते हुए राजनीतिक विवशता में किसी के चरणों पर गिर जाना समस्त बिहार को लज्जित करता है।

तेजस्वी PM मोदी पर लगातार हमलावर
RJD नेता तेजस्वी यादव ने PM मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब हमने डेटा पेश करते हुए परिवारवाद का जिक्र किया तो वह चुप हो गए। PM हर बार सभा करते हैं। उन्होंने नवादा में सभा को संबोधित किया। इसके पहले उन्होंने कहा था कि चीनी मिल चालू कर देंगे, लेकिन वहां भी चीनी मिल नहीं चालू हुई। वहीं मोतिहारी में सभा को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा था कि मोतिहारी के चीनी मिल की चाय हम पिएंगे, लेकिन आज भी चीनी मिल चालू नहीं हुई।

तेजस्वी ने बगहा में नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे चाचा तो पलट गए। चाचा जी बोलते थे कि मर जाएंगे मिट जाएंगे, लेकिन भाजपा में नहीं जाएंगे। तेजस्वी यादव ने अपने 17 महीने के कार्यकाल की उपलब्धि बताते हुए कहा कि मैंने 5 लाख युवाओं को रोजगार दिया। हमने कहा था कि सरकार बनी तो हम 10 लाख युवाओं को रोजगार देंगे, लेकिन दुर्भाग्य से हम सरकार नही बना पाए. क्योंकि हमें जबरदस्ती हरा दिया गया।

इसे भी पढ़िए…

तेजस्वी बोले-PM के छलावे में ना आएं:बगहा में कहा- मेरी मूंछ भी नहीं आई थी, तब से केस में फंसाने की चल रही साजिश

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने रविवार को बगहा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने PM मोदी पर निशाना साधा। कहा कि चंपारण महात्मा गांधी की भूमि रही है। यह भूमि मोहनदास करमचंद गांधी को महात्मा बनाने का काम किया है। जिसे हम कभी भी भुला नहीं सकते हैं। यहां लगातार NDA के MLA और MP बनते आए हैं, तब भी यहां बदहाली और गरीबी है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री पर निशाना चाहते हुए तेजस्वी ने कहा कि मोदी जी जब आप यहां आते हैं तो बड़ी-बड़ी बात करते हैं, लेकिन चले जाने के बाद यहां के लोगों को याद तक नहीं करते। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।

बिहार में PM बोले-इंडी गठबंधन ने गारंटी को गुनाह बनाया:नवादा में कहा- भारत को आंख दिखाने वाले आज आटे के लिए तरस रह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बिहार के नवादा में जनसभा की। 30 मिनट की स्पीच में प्रधानमंत्री ने इंडी गठबंधन, राम मंदिर, टुकड़े-टुकड़े गैंग, जंगलराज और तीन तलाक जैसे मुद्दों पर बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडी गठबंधन कहता है कि मोदी की गारंटी गैरकानूनी है, इसे बंद कराना चाहिए। उन्होंने गारंटी को गुनाह बना दिया है। उन्होंने कहा कि 370 और तीन तलाक खत्म करने की गारंटी दी थी। जो कहता हूं करता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को आंख दिखाने वाले आज आटे के लिए तरस रहे हैं। वे बोले, ‘इंडी गठबंधन के बड़े नेता रैली नहीं कर रहे हैं। पता चला यहां के एक नेता हठ कर के बैठ गए हैं। उनका कहना है कि जब तक मुझे PM कैंडिडेट घोषित नहीं किया जाएगा, रैली नहीं करेंगे।’ पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024