जम्मू-कश्मीर में
जम्मू-कश्मीर में चुनावों से पहले माहौल बिगाड़ने और आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान से जुड़े आतंकी संगठन साजिश रच रहे हैं। इस मंसूबे को लेकर लश्कर-ए-तैयबा कमांडर जुनैद अहमद बट कुलगाम में छिपा है। भारतीय खुफिया एजेंसियों को पता लगा है कि आने के बाद उसने स्लीपर सेल के गुर्गों के साथ बैठक भी की है।
कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
सूत्रों के मुताबिक एजेंसियों ने हाल ही में एक सैटेलाइट फोन से हो रही बातचीत को इंटरसेप्ट किया था। इससे पता चला कि कश्मीर पहुंच चुके जुनैद ने अपनी स्लीपर सेल से जुड़े गुर्गों को 31 मार्च को कुलगाम के गांव नौबल में आतंकी के घर बुलाया था। तब बड़े बगीचे में स्लीपर सेल से जुड़े 6 लोग मौजूद थे। हालांकि उनकी पहचान नहीं हो सकी। इस मीटिंग की सूचना गृह मंत्रालय को दी गई है। इसके बाद कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट कर दिया गया है।
भाजपा नेताओं की रैलियों पर खतरा ज्यादा, सुरक्षा बढ़ाई गई
सूत्र का कहना है कि खुफिया एजेंसियों को यह भी पता चता है कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी ने स्लीपर सेल को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी रैलियों पर हमले की योजना बनाई है। कश्मीर में विशेष रूप से भाजपा की रैलियों को निशाना बनाए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। जिसके बाद से कुलगाम और इसके आस-पास होने वाली चुनावी रैलियों के लिए खासतौर पर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सुरक्षाबलों की पकड़ में आने से पहले ही भाग निकला जुनैद
सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्रालय के निर्देश पर कश्मीर पुलिस, BSF और NIA की टीमें मिलकर लश्कर आतंकी जुनैद अहमद व उसके साथियों की तलाश कर रही है। इनपुट पर BSF के जवानों ने नौबल के आधा दर्जन संदिग्धों के घरों की तलाशी ली। आतंकी जुनैद व उसके साथी इससे पहले ही वहां से भाग निकले। पर सुरक्षा बलों को ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जो इस ओर इशारा करते हैं कि इस बार आतंकी संगठन सियासी रैलियों पर आतंकी हमले जैसी कोई साजिश रच रहा है।
रक्षामंत्री ने कहा था- आतंकियों को पाकिस्तान में घुसकर मारेंगे
राजनाथ सिंह ने शुक्रवार (5 अप्रैल) को कहा कि अगर आतंकवादी भारत में शांति भंग करने या आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा। अगर वे पाकिस्तान भाग जाते हैं, तो भारत उन्हें मारने के लिए पड़ोसी देश में घुस जाएगा।
राजनाथ सिंह की यह टिप्पणी ब्रिटेन के गार्जियन अखबार में पब्लिश रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें आरोप लगाया गया है कि भारत सरकार ने विदेशी धरती पर रहने वाले आतंकवादियों को खत्म करने की रणनीति के तहत पाकिस्तान में कई लोगों की हत्या की। पढ़ें पूरी खबर…
गृह मंत्रालय कश्मीर के 12 संगठनों को बैन कर चुका पिछले दिनों एक मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि मोदी सरकार ने 12 संगठनों को बैन किया है, जिनके तार आतंकवाद से जुड़े थे। हमारी सरकार में टेरर फंडिंग से जुड़े 22 केस दर्ज किए गए हैं। 150 करोड़ की संपत्ति भी सीज की है। साथ ही 134 बैंक अकाउंट भी फ्रीज किए हैं।
ये खबर भी पढ़ें…
कश्मीर में BJP पहली जीत के करीब, लाल चौक शांत, आर्टिकल-370 पुराने दिनों की बात, INDIA ब्लॉक टूटने से BJP को फायदा
‘जम्मू-कश्मीर में लोग आर्टिकल-370 की बात नहीं कर रहे हैं। लोग करियर की बात कर रहे हैं। अपना फ्यूचर देख रहे हैं। 370 तो अब कोई मुद्दा ही नहीं है।’ श्रीनगर से निकलने वाले अंग्रेजी अखबार ब्राइटर कश्मीर के एडिटर इन चीफ फारूक वानी लाल चौक पर बने अपने ऑफिस में बैठकर ये बात कहते हैं। भारत विरोधी प्रदर्शनों का सेंटर पॉइंट रहा लाल चौक अब शांत है, किसी आम चौराहे की तरह। पढ़ें पूरी खबर…
जम्मू-कश्मीर से AFSPA हटाने पर विचार होगा, वहां मौजूद जवानों को भी वापस बुलाया जा सकता है
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार (27 मार्च) को कहा था कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर से आर्म्ड फोर्स स्पेशल पावर्स एक्ट (AFSPA) हटाने पर विचार करेंगे। वहां मौजूद जवानों को वापस बुलाने का भी प्लान बनाया जा रहा है। इसके अलावा अमित शाह ने राज्य में सितंबर से पहले विधानसभा चुनाव कराने की भी बात कही है।
अमित शाह ने कहा कि सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लॉ एंड ऑर्डर की जिम्मेदारी अब सिर्फ पुलिस को सौंपने की तैयारी की है। पहले वहां की पुलिस पर भरोसा नहीं किया जा सकता था, लेकिन अब पुलिस बड़े ऑपरेशन लीड कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…
लोकसभा चुनाव 2024 की ताजा खबरें, रैली, बयान, मुद्दे, इंटरव्यू और डीटेल एनालिसिस के लिए दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड करें। 543 सीटों की डीटेल, प्रत्याशी, वोटिंग और ताजा जानकारी एक क्लिक पर।
