बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही एक निजी बस रविवार तड़के होलालाकेरे शहर के पास पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना होलालकेरे टाउन के बाहरी इलाके में अंजनेय मंदिर के पास हुई। घालयें में 8 की हालत गंभीर है। स्थानीय लोगों ने इस इलाके में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के लिए गलत सड़क निर्माण को जिम्मेदार ठहराया।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
मुख्तार अंसारी के परिवारवालों से मिलने गाजीपुर पहुंचे SP अध्यक्ष अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश के माफिया रहे मुख्तार अंसारी के परिवारवालों से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार (7 अप्रैल) को मिलने पहुंचे हैं। मुख्तार अंसारी की 28 मार्च को बांदा जेल में तबीयत बिगड़ी थी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई है।
जेपी नड्डा की पत्नी की चोरी हुई कार वारणसी से बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की पत्नी की चोरी हुई फॉर्च्यूनर कार वाराणसी से रविवार (7 अप्रैल) को बरामद कर ली गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि 18 मार्च को मलिका नड्डा की कार को ड्राइवर सर्विसिंग के लिए ले गया था। इसके बाद उसने कार को गोविंदपुरी स्थित अपने घर के पास पार्क की। यहीं से चोरों ने कार चुराई। ड्राइवर ने 19 मार्च को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। CCTV फुटेज में कार को गुरुग्राम ले जाते देखा गया था।
कारगिल और अंडमान में भूकंप के झटके, 3.4 और 4.3 रही तीव्रता
लद्दाख और अंडमान में शनिवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, लद्दाख में आए भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.4 मापी गई है। वहीं, अंडमान में आए भूकंप की तीव्रता 4.3 रही। दोनों जगह भूकंप से किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
आज की अन्य बड़ी खबरें
मध्यप्रदेश के अनूपपुर में विशाखापट्टनम-अमृतसर हिराकुंड एक्सप्रेस से टकराई कार, कई कोच क्षतिग्रस्त
मध्यप्रदेश के अनूपपुर में शनिवार देर रात एक रेलवे क्रॉसिंग के पास विशाखापट्टनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस ट्रेन से एक कार टकरा गई। इस हादसे में ट्रेन के कई कोच क्षतिग्रस्त हो गए। अभी तक किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
