Headlines

कांग्रेस ने राम-मंदिर पर नेताओं के मुंह पर ताला लगवाया’:PM मोदी बोले-दस साल में जो हुआ वो स्टार्टर है, खाने की पूरी थाली बाकी

चूरू पहुंचे पीएम मोदी का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित भाजपा के कई नेताओं ने स्वागत किया।

राजस्थान के चूरू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते 10 साल में हमने कई काम किए हैं, लेकिन ये बहुत कम है। अभी तक जो मोदी ने किया है, वो तो सिर्फ बड़ी होटलों में मिलने वाला स्टार्टर (एपेटाइजर) है, अभी तो खाने की पूरी थाली बाकी है।

उन्होंने तीन तलाक पर कहा कि यह कानून हमारी मुस्लिम बहनों की मदद कर रहा है। वे यह समझें कि यह तीन तलाक आपके जीवन पर तो खतरा था ही, मोदी ने आपकी रक्षा तो की है, लेकिन मोदी ने हर मुस्लिम परिवार की भी रक्षा की है। प्रधानमंत्री ने राममंदिर, भ्रष्टाचार और परिवारवाद पर कांग्रेस व विरोधियों को घेरा।

पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने तो राममंदिर पर एडवाइजरी जारी की है। अपने लोगों से मुंह पर ताला लगाने को कहा है। उन्हें लगता है कि भगवान राम पर कुछ बोला तो कहीं राम-राम न हो जाए।

चूरू से भाजपा ने पैरालंपियन देवेंद्र झाझड़िया को उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा छोड़कर हाल ही में पार्टी का दामन थामने वाले राहुल कस्वां को टिकट दिया है।

अपडेट्स

01:51 PM5 अप्रैल 2024

मोदी की भाजपा नेताओं को नसीहत

  • मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से कहा- मैं सार्वजनिक रूप से आपसे प्रार्थना करता हूं। चुनाव का समय है। सबके अपने काम है। इनके मन में रहता है कि प्रधानमंत्री आएं और हम नहीं जाएंगे तो कैसा लगेगा।
  • मैं इनसे कहना चाहता हूं कि आप मेरी चिंता छोड़ दीजिए। मेरे हर कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं को दौड़ने की जरूरत नहीं है। कोई छोटा कार्यकर्ता भी रहेगा तो चलेगा। मोदी भी छोटा है, उसके बगल में ही बैठ जाएगा।
01:09 PM5 अप्रैल 2024

मेरा और देवेंद्र झाझड़िया का पुराना नाता – मोदी

  • मोदी ने कहा कि आपमें से बहुत कम लोगों को पता है कि देवेंद्र झाझड़िया और मेरा बहुत पुराना नाता है। मैं जब पहली बार उनसे मिला तो उनकी मां की बातें मेरे मन को छू गई।
  • मुसीबतों से गुजारा करने वाली मां अपने बेटे को देश की सेवा के लिए प्रेरित करती है। देवेंद्र ने भारत का सम्मान बढ़ाया है। देवेंद्र को टिकट देने के पीछे मोदी का मकसद यही था कि गरीब मां के सपने पूरे होने चाहिए।
  • हिंदुस्तान के खेल जगत के बेटे-बेटियों को प्रोत्साहन मिले। इसका प्रतीक देवेंद्र झाझड़िया है। देवेंद्र ने सिर्फ गरीबी से लड़ाई नहीं लड़ी, दुनिया में देश का डंका बजाया।
01:07 PM5 अप्रैल 2024

कांग्रेस के एक सांसद से 300 करोड़ मिले और खोजना बाकी है- मोदी

  • मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक सांसद के घर से 300 करोड़ रुपए मिले हैं और क्या-क्या होगा वो अभी बाकी है। ईडी ने दस साल में भ्रष्टाचारियों से एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति जब्त की है।
  • ऐसे लोगों पर कार्रवाई हाेनी चाहिए, ऐसे लोगों की जिंदगी जेल में बीतनी चाहिए। मैं इन परिवारवादियों से कहना चाहता हूं कि कितने भी झूठ फैला हो, मोदी डरने वाला नहीं है।
  • कांग्रेस सिर्फ अपना हित देखती है। ये वही लोग हैं, जिन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर का सम्मान नहीं किया। आपातकाल लगाया। संविधान को बंधक बनाया।
  • पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं दिया। भाजपा ने देश को पहला दलित राष्ट्रपति, आदिवासी राष्ट्रपति दिया।
01:03 PM5 अप्रैल 2024

कांग्रेस पार्टी खुलेआम हमारी आस्था का अपमान कर रही – पीएम

  • मोदी ने कहा कि घमंडिया गठबंधन के लोगों ने भगवान राम मंदिर को काल्पनिक बताया था। कुछ महीने पहले ही अयोध्या में राम मंदिर का सपना पूरा हुआ। कांग्रेस पार्टी खुलेआम हमारी आस्था का अपमान कर रही थी।
  • देश ने कांग्रेस के पापों की हमेशा कीमत चुकाई है। कांग्रेस पार्टी ने डरे-डरे हुए एक एडवाइजरी निकाली है। उन्होंने सबसे कहा है कि राम मंदिर की चर्चा निकले तो मुहं पर ताला लगा लेना। उनको लगने लगा है कि अगर राम का नाम लिया तो पता नहीं कब राम-राम हो जाए। यह हाल हो गया है उनका।
  • हमारा देश, हमारी आस्था का घोर अपमान देश सह नहीं सकता है। इन परिवारवादियों के भ्रष्टाचार की लूट का हिसाब हो रहा है तो सब एक हो रहे हैं। मैं कहता हूं भ्रष्टाचार हटाओ, तो वो कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ।
12:57 PM5 अप्रैल 2024

मोदी बोले- मैं देश नहीं रुकने दूंगा, देश नहीं झुकने दूंगा

  • मोदी ने कहा कि 26 फरवरी 2019 में मैं चूरू आया था। उसी समय देश ने बालाकाेट में एयर स्ट्राइक की थी। हमने आतंकियों को सबक सिखाया था।
  • चूरू की धरती पर जिन शब्दों को मैंने दोहराया था, आज एक बार फिर मैं अपने उन भावों को दोहरा रहा हूं- ‘सौगंध मुझे इस मिट्‌टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं रुकने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा, मेरा वचन है भारत मां को, तेरा शीश नहीं झुकने दूंगा।
  • हमारी सेना ने जब सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक की, तब घमंडिया गठबंधन के लोग सेना से शौर्य के सबूत मांग रहे थे। सेनाओं का अपमान, देश का विभाजन कांग्रेस पार्टी की पहचान है।
  • जब तक कांग्रेस के लोग सत्ता में रहे, हमारे जवानों के हाथ बांधकर रखे। दुश्मन हमला करके चला जाता था, वे जवानों को जवाब देने की इजाजत नहीं देते थे।
12:55 PM5 अप्रैल 2024

तीन तलाक आपके जीवन पर खतरा था – पीएम

  • नरेंद्र मोदी ने कहा- जम्मू-कश्मीर में राजस्थान के वीर जवान भी शहीद हुए। आज उस कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म हो गया है। तीन तलाक पर कानून हमारी मुस्लिम बहनों की मदद कर रहा है।
  • वे यह समझें कि यह तीन तलाक आपके जीवन पर तो खतरा था ही, मोदी ने आपकी रक्षा तो की है, लेकिन मोदी ने हर मुस्लिम परिवार की भी रक्षा की है। क्योंकि वह पिता सोचता था कि बेटी की शादी करके भेजा तो है, लेकिन दो-तीन बच्चों के बाद तीन तलाक करके बेटी को भेजा तो कैसे संभालूंगा।
  • पूरा परिवार तीन तलाक के नाम पर लटकती तलवार के नीचे जिंदगी गुजारता था। मोदी ने सिर्फ मुस्लिम बहनों को नहीं, सभी मुस्लिम परिवारों को बचाया है।
12:50 PM5 अप्रैल 2024

भाजपा जो कहती है वो जरूर करती है – मोदीmodi

  • मोदी ने कहा कि मैंने गारंटी दी थी कि पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ जांच बैठाई जाएगी। ईआरसीपी प्रोजेक्ट को कांग्रेस ने लटकाकर रखा था, उसका काम तेजी से जारी है।
  • मोदी ने जो गारंटी दी थी, उसे पूरा किया है। भाजपा जो कहती है, वो जरूर करती है। दूसरी पार्टियां की तरह भाजपा केवल घोषणा पत्र जारी नहीं करती। हम संकल्प पत्र लेकर आते हैं। 2019 में हमने जो संकल्प पत्र जारी किया था, उसके ज्यादातर संकल्प पूरे हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024