दतिया के डगरई टोल प्लाजा पर नकाबपोश बदमाशों ने कर्मचारियों से मारपीट के बाद फायरिंग कर दी। कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। उनमें से 2 पास के खेत में बने कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। इसके सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।
पुलिस ने मृतकों के नाम हरियाणा निवासी श्रीनिवास परिहार और नागपुर निवासी शिवाजी कांडेले बताए हैं। ग्वालियर-झांसी हाईवे के चिरुला थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा पर 4 बाइक से 10-12 बदमाश पहुंचे थे।
अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
एसडीओपी प्रियंका मिश्रा ने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 10 से 12 संदेहियों को राउंडअप किया है।
1 अप्रैल को ही ट्रांसफर होकर आया था श्रीनिवास
उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला श्रीनिवास परिहार पिता महेंद्र सिंह (38) 12 साल से NHAI में काम कर रहा था। इससे पहले वह फरीदाबाद के टोल प्लाजा पर सुपरवाइजर था। 1 अप्रैल को ही ट्रांसफर होकर दतिया के डगरई टोल प्लाजा पर आया था। उसकी दो बेटी और एक बेटा है।
शिवाजी कांडेले महाराष्ट्र के नागपुर का रहने वाला था। दूरी ज्यादा होने के कारण उसके परिजन बुधवार को दतिया नहीं पहुंच पाए, जिसके कारण अब पोस्टमॉर्टम गुरुवार सुबह होगा।
VIP लेन से गाड़ी निकालने को लेकर हुआ था विवाद
टोल प्लाजा के एक कर्मचारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया, ‘मंगलवार रात करीब 9 बजे कुछ युवक कार में आए थे। वे वीआईपी लेन से गाड़ी निकालने की जिद कर रहे थे। इसी बात को लेकर टोल कर्मचारियों से उनकी बहस हुई थी। बाद में वही अपने साथियों के साथ वापस आए और वारदात को अंजाम दिया।’
