दिल्ली जल बोर्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट गुरुवार को सुनवाई करेगी। कोर्ट ने ED की तरफ से दायर चार्जशीट पर संज्ञान लिया। कोर्ट ने देवेंदर मित्तल और तेजिंदर पाल सिंह को अदालत में पेश होने के लिए समन जारी किया। साथ ही मामले से जुड़े जगदीश अरोड़ा और अनिल अग्रवाल को भी पेश होने को कहा।
ED ने 30 मार्च को जल बोर्ड केस में पहली चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें एक कंपनी और 4 लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। चार्जशीट में जल बोर्ड के पूर्व इंजीनियर जगदीश कुमार अरोड़ा, कॉन्ट्रेक्टर अनिल कुमार अग्रवाल, NBCC इंडिया लिमिटेड कंपनी के पूर्व जनरल मैनेजर डीके मित्तल, NKG इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और तेजिंदर सिंह को आरोपी बनाया गया है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
संजय निरुपम ने कहा- कांग्रेस पार्टी मेरे लिए ऊर्जा नष्ट नहीं करे, मेरी एक हफ्ते की अवधि पूरी हुई
कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने पार्टी को अल्टिमेटम दिया है। उन्होंने X पोस्ट में लिखा कि, ”कांग्रेस पार्टी मेरे लिए ज्यादा ऊर्जा और स्टेशनरी नष्ट ना करे। बल्कि अपनी बची-खुची ऊर्जा और स्टेशनरी का इस्तेमाल पार्टी को बचाने के लिए करे। वैसे भी पार्टी भीषण आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है। मैंने जो एक हफ्ते की अवधि दी थी, वह आज पूरी हो गई है। कल मैं खुद फैसला ले लूंगा।”
गुजरात के मोरबी में फैक्ट्री में आग लगी, फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुटी
गुजरात के मोरबी में विनायक कॉर्पोरेशन की फैक्ट्री में बुधवार (3 अप्रैल) की दोपहर आग लग गई। ये फैक्ट्री पनेली रोड पर मौजूद है। मौके पर फायर ब्रिगेड टीम पहुंची है।
शिवसेना (UBT) ने 4 और उम्मीदवारों की घोषणा की, कल्याण से वैशाली दारेकर राणे को टिकट
शिवसेना (UBT) ने बुधवार(3 अप्रैल) को लोकसभा चुनाव के लिए चार और उम्मीदवारों की घोषणा की है। हाई प्रोफाइल कल्याण लोकसभा सीट से वैशाली दरेकर राणे को टिकट दिया गया है। हटकनंगले से सत्यजीत पाटिल, पालघर से भारती कामदी और जलगांव लोकसभा सीट से करण पवार की टिकट दिया गया है। पार्टी अब तक 21 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर चुकी है।
गृह मंत्रालय ने पांच NGO के FCRA लाइसेंस रद्द किए, विदेशी फंड के दुरुपयोग का आरोप
गृह मंत्रालय ने पांच नामी NGOs के फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट (FCRA) लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। इन NGOs पर विदेशी फंड के दुरुपयोग समेत कई आरोप लगाए गए हैं।
बिहार से राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी को कैंसर हुआ, बोले- चुनाव में कुछ नहीं कर पाऊंगा
बिहार से सांसद संजय सिंह ने अपने कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी साझा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि पिछले 6 माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं। अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है। लोक सभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊंगा। PM को सब कुछ बता दिया है। देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित। सुशील कुमार मोदी बिहार से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं।
