Headlines

होटल जहांनुमा के मालिक ने सुसाइड किया:भोपाल में अपने घर में खुद को गोली मारी; डिप्रेशन में थे, इलाज चल रहा था

भोपाल के होटल जहांनुमा पैलेस के चेयरमैन नादिर रशीद (72) ने बुधवार सुबह अपने घर पर खुदकुशी कर ली। उन्होंने बाथरूम में अपनी 275 बोर की राइफल से खुद के जबड़े के नीचे से गोली मारी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वे बीमार चल रहे थे और इसी वजह से डिप्रेशन में थे।

घटना श्यामला हिल्स स्थित नादिर कॉलोनी में उनकी कोठी में सुबह करीब 9.30 बजे की है। जिस वक्त नादिर रशीद ने सुसाइड किया, उस समय उनके दोनों बेटे जफर और फजल कोठी के ही दूसरे हिस्से में मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनकर वे पिता के पास पहुंचे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के मुताबिक मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब 5 बजे रातीबड़ स्थित नवाब साहब के पुराना घोड़ा कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। यह इनका पुश्तैनी कब्रिस्तान है।

सूचना मिलते ही पुलिस नादिर रशीद के घर श्यामला कोठी पहुंची।

छह महीने से डिप्रेशन में थे, इसी वजह से सुसाइड किया: पुलिस

श्यामला हिल्स थाना टीआई आरवी सिंह विमल ने बताया कि नादिर रशीद लंबे समय से बीमार थे। जिसके चलते वह डिप्रेशन में आ चुके थे। बीते 6 महीनों से एकांत में रहना पसंद कर रहे थे। रिश्तेदारों से मेल-जोल भी कम कर दिया था।

नादिर रशीद के दो बेटे हैं, जफर और फजल। एक बेटी है, जो विदेश में रहती हैं।

नादिर रशीद का शव प्राइवेट एम्बुलेंस से हमीदिया अस्पताल ले जाया गया।

पत्नी की तबीयत बिगड़ी
नादिर रशीद के आत्महत्या करने के बाद उनकी पत्नी सोनिया की तबीयत बिगड़ गई। श्यामला हिल्स पर ही रहने वाले फैमिली डॉ. मोइज हुसैन को बंगले पर बुलाया गया। बंगले से बाहर निकलने पर डॉ. मोइज ने कहा कि अंदर बहुत पुलिस है। क्या हुआ कुछ कह नहीं सकते। इतनी बड़ी घटना हुई है। उनकी पत्नी की तबीयत खराब होना स्वाभाविक है। उन्हें दवाइयां दी हैं।

गोल्फ खेलने के शौकीन थे
नादिर स्पोर्ट्स में रुचि रखते थे। वह गोल्फ खेलने के शौकीन थे। पिछले 6 महीने से उन्होंने अपने पसंदीदा खेल गोल्फ से भी दूरी बना ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024