Headlines

तेलंगाना में मोदी बोले- I.N.D.I.A की लड़ाई शक्ति के खिलाफ:कर्नाटक में महिला वोटर को शक्ति स्वरूप बताया; कोयंबटूर में 4 किमी लंबा रोड शो निकाला

पीएम मोदी ने सोमवार को तेलंगाना और कर्नाटक में रैली को संबोधित करने के बाद कोयंबटूर में रोड शो निकाला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तीन राज्यों तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु का दौरा किया। तेलंगाना के जगतियाल में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने 17 मार्च की INDI अलायंस की रैली का जवाब दिया।

मोदी ने कहा- मुंबई में INDI अलायंस की रैली में उन्होंने अपना घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें कहा गया है कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। मेरे लिए तो हर मां-बेटी शक्ति का रूप है। मैं इनको शक्ति के रूप में पूजता हूं और इनकी रक्षा के लिए जान की बाजी लगा दूंगा।

PM ने कर्नाटक के शिवमोगा में भी कहा- INDI अलायंस के लोग हिंदू धर्म में समाहित शक्ति को समाप्त करना चाहते हैं। हिंदू समाज जिन्हें शक्ति मानता है, उस शक्ति के विनाश का ऐलान कर दिया है। अगर शक्ति विनाश का उनका ऐलान है, तो शक्ति उपासना का मेरा भी ऐलान है।

मोदी ने आगे कहा- कई राजनीतिक जानकार कहते रहे हैं कि नारी शक्ति मोदी की साइलेंट वोटर है। लेकिन मेरे देश की नारी शक्ति वोटर नहीं, बल्कि मां शक्ति स्वरूपा है।

दिन के अंत में पीएम ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में चार किमी लंबा रोड शो निकाला।

पीएम मोदी की स्पीच की 3 मुख्य बातें

1. राहुल के शक्ति वाले बयान पर
PM ने कहा- कल मुंबई में इंडी अलायंस की रैली थी। चुनाव घोषित होने के बाद इंडी अलायंस की ये पहली और उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण रैली थी। उस रैली में उन्होंने अपना घोषणा पत्र जारी किया और उनके घोषणा पत्र का ऐलान है कि मेरी (इंडी अलायंस) लड़ाई शक्ति के खिलाफ है।

हम सब शक्ति की आराधना करते हैं। हमने चंद्रयान की सफलता को भी शिव शक्ति नाम देकर शक्ति को समर्पित किया है। एक ओर शक्ति के विनाश की बात करने वाले लोग हैं। दूसरी ओर शक्ति की पूजा करने वाले लोग हैं। मुकाबला 4 जून को हो जाएगा कि कौन शक्ति का विनाश कर सकता है और कौन शक्ति का आशीर्वाद प्राप्त कर सकता है।

2. कांग्रेस और BRS के परिवारवाद-भ्रष्टाचार पर
मोदी ने कहा-एक ओर वो कांग्रेस पार्टी है, जिसने तेलंगाना के सपनों को कुचला। दूसरी ओर BRS है, जिसने यहां के लोगों की भावनाओं का इस्तेमाल किया, सत्ता पाई और बाद में जनता से ही विश्वासघात किया। तेलंगाना निर्माण के पहले 10 वर्षों तक BRS ने तेलंगाना को जमकर लूटा। अब कांग्रेस ने तेलंगाना को ATM स्टेट बना लिया है।

परिवारवादियों का पूरा इतिहास उठाकर देख लीजिए। देश में जितने भी बड़े घोटाले हुए हैं, उनके पीछे कोई न कोई परिवारवादी पार्टी ही मिलेगी। BRS और कांग्रेस एक दूसरे के लिए चाहे कितनी भी कवर फायर कर लें, इनकी एक एक लूट का हिसाब होता रहेगा। मोदी, तेलंगाना के लोगों को लूटने वालों को छोड़ेगा नहीं। ये मोदी की गारंटी है।

3. 2024 लोकसभा चुनाव पर
PM नरेंद्र मोदी ने कहा- 13 मई को तेलंगाना में होने वाला मतदान विकसित भारत के लिए होगा। जब भारत विकसित होगा तो तेलंगाना भी विकसित होगा। यहां तेलंगाना में भाजपा के लिए लगातार समर्थन बढ़ता जा रहा है। मैं पिछले 3 दिनों में दूसरी बार तेलंगाना आया हूं। विकास आज तेलंगाना के हर इलाके में पहुंच रहा है।

इसलिए तेलंगाना के कोने-कोने में भाजपा के लिए समर्थन बढ़ता ही जा रहा है। जैसे-जैसे 13 मई निकट आ रही है, वोटिंग का दिन करीब आ रहा है, तेलंगाना में भाजपा की लहर कांग्रेस और BRS का सूपड़ा साफ कर देगी। इसलिए आज पूरा देश कह रहा है, 4 जून को 400 पार।

PM मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में 4 किमी लंबा रोड शो किया
पीएम मोदी ने सोमवार शाम को तमिलनाडु के कोयंबटूर में रोड शो किया। इसके लिए भाजपा को पहले अनुमति नहीं मिल रही थी। 14 मार्च को कोयंबटूर के भाजपा जिला अध्यक्ष जे रमेश कुमार ने पुलिस से रोड शो के लिए अनुमति मांगी थी।

15 मार्च की सुबह कानून व्‍यवस्‍था का हवाला देते हुए पुलिस ने रोड शो की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद रमेश ने मद्रास HC का रुख किया था। कोर्ट ने तमिलनाडु पुलिस को कुछ शर्तों के साथ PM मोदी के रोड शो को मंजूरी देने का निर्देश दिया।

साउथ में भाजपा की क्या है स्थिति?
केरल में पिछले 3 लोकसभा चुनाव की बात करें तो यहां NDA को एक भी सीट नहीं मिली। हालांकि, उनका वोटिंग प्रतिशत बढ़ा है। तमिलनाडु में सहयोगी पार्टी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के अलग होने के बाद भाजपा यहां अलग-थलग पड़ गई है। तेलंगाना में 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 4 सीटें जीती थीं, लेकिन विधानसभा चुनाव हारने के बाद यहां कांग्रेस मजबूत नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024