Headlines

आंध्र प्रदेश के पलनाडु में NDA की रैली:मोदी बोले- कांग्रेस का एक ही एजेंडा गठबंधन के लोगों को यूज एंड थ्रो करना

आंध्र प्रदेश के पलनाडु में NDA की रैली हो रही है। पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम ने कहा- NDA में हम सबको साथ लेकर चलते हैं, दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी है जिसका एक ही एजेंडा है गठबंधन के लोगों को यूज एंड थ्रो करना। आज कांग्रेस के लोगों को भले ही मजबूरी में INDI गठबंधन बनाना हो लेकिन इनकी सोच वहीं है।

मंच पर पीएम नरेंद्र मोदी के साथ TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण भी नजर आए। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर BJP और TDP के बीच सीट शेयरिंग फाइनल हो चुकी है।

भाजपा छह लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि TDP 17 संसदीय और 144 राज्य सीटों पर चुनाव लड़ेगी। समझौते के तहत, पवन कल्याण की जनसेना दो लोकसभा और 21 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

पलनाडु में रैली के दौरान कुछ लोग पोल पर चढ़ गए। पीएम मोदी ने उन्हें नीचे उतरने को कहा।

पलनाडु में PM मोदी के संबोधन की बड़ी बातें…

1. पूरा देश कह रहा है, 4 जून को 400 पार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- कल ही देश में चुनाव का बिगुल बजा है और आज मैं आप सबके बीच हूं। यहां मुझे ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों का आशीर्वाद मिल रहा है। त्रिदेवों के इस आशीर्वाद से हमारी सरकार के तीसरे कार्यकाल में देश और भी बड़े निर्णय लेगा। ये संयोग है कि इस बार चुनावों के परिणाम 4 जून को आने वाले हैं। पूरा देश कह रहा है, 4 जून को 400 पार।

2. कांग्रेस का एजेंडा, गठबंधन के लोगों को यूज एंड थ्रो करना
पीएम मोदी ने कहा- NDA में हम सबको साथ लेकर चलते हैं, दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी है जिसका एक ही एजेंडा है गठबंधन के लोगों को यूज एंड थ्रो करना। आज कांग्रेस के लोगों को भले ही मजबूरी में INDI गठबंधन बनाना हो लेकिन इनकी सोच वहीं है। लेफ्ट और कांग्रेस केरल में एक दूसरे को क्या कहते हैं। बंगाल में TMC और लेफ्ट एक दूसरे के लिए क्या-क्या बोलते हैं। पंजाब में कांग्रेस और AAP एक दूसरे के लिए कैसी भाषा बोलते हैं। जो लोग चुनाव से पहले अपने फायदे के लिए ऐसे लड़ते हों वो चुनाव के बाद क्या करेंगे इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

3. 10 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये
PM ने कहा- हमारी सरकार गरीबों की सेवा करती है। पिछले 10 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये हैं। आंध्र प्रदेश में, एनडीए सरकार ने पीएम आवास योजना के तहत लगभग 10 लाख घर दिए हैं। यहां पलनाडु में गरीबों के लिए करीब 5 हजार पक्के घर बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत आंध्र प्रदेश में करीब एक करोड़ परिवारों को नल कनेक्शन मिल चुका है।

4. भाजपा के सहयोगी बढ़ रहे हैं, NDA की ताकत बढ़ी
मोदी ने कहा- हमारा NDA गठबंधन क्षेत्रीय आकांक्षाएं और राष्ट्रीय प्रगति दोनों को साथ लेकर चलता है। इस चुनाव में भाजपा के सहयोगी हमारे साथी लगातार बढ़ रहे हैं। NDA की ताकत बढ़ रही है। चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण दोनों लंबे समय से आप लोगों के हक के लिए आंध्र के विकास के लिए दिन रात आपके लिए काम करते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024