कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज 63 दिन बाद महाराष्ट्र के मुंबई में समापन हो रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुंबई में मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक न्याय संकल्प पदयात्रा निकाली। इस पदयात्रा में उनके साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और एक्ट्रेस स्वरा भास्कर भी मौजूद हैं।
न्याय यात्रा के समापन को लेकर शिवाजी पार्क में एक रैली का आयोजन किया गया है। इसमें राहुल के अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, राजद नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव शामिल होंगे। शिवसेना (UBT), NCP (शरद गुट), आम आदमी पार्टी (AAP) सहित I.N.D.I.A ब्लॉक की अन्य पार्टियों के नेता भी पहुंचेंगे। इस रैली को विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।
63 दिनों तक चली राहुल की न्याय यात्रा शनिवार (16 मार्च) को मुंबई के ठाणे में खत्म हुई थी। कांग्रेस सांसद ने कल सेंट्रल मुंबई में डॉ बीआर अम्बेडकर के स्मारक चैत्यभूमि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। फिर संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अपनी यात्रा खत्म की।

