साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हराया:6 बॉल पर 24 रन चाहिए थे, अफगानिस्तान 19 रन ही बना सका
साउथ अफ्रीका ने टी-20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को खेले गए इस मुकाबले में टूर्नामेंट के इतिहास का पहला डबल सुपर ओवर देखने को मिला।
ग्रुप-डी के इस मैच के दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 6 गेंदों पर 23 रन बनाकर अफगानिस्तान को 24 रन का लक्ष्य दिया। टारगेट का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान टीम ने दूसरी ही गेंद पर मोहम्मद नबी का विकेट गंवा दिया।
इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने तीसरी, चौथी व पांचवीं गेंद पर लगातार तीन छक्के जड़ दिए, लेकिन आखिरी बॉल पर आउट हो गए। इससे पहले दूसरे सुपर ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने तीन सिक्स लगाकर साउथ अफ्रीका को 23 रन तक पहुंचाया था।
पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स ने फजलहक फारूकी की बॉल पर सिक्स लगाकर स्कोर बराबर किया था।
अफगानिस्तान ने जीता हुआ मैच गंवाया
अफगानिस्तान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन चाहिए थे। ओवर की पहली ही गेंद पर कागिसो रबाडा ने नो-बॉल फेंकी। उस पर कैच भी हुआ, लेकिन बल्लेबाज आउट नहीं हुए और फ्री-हिट मिल गई। इसके बाद एक वाइड और फिर फ्री-हिट ने साउथ अफ्रीका पर दबाव बढ़ा दिया।
19.2 बॉल पर नूर अहमद ने सिक्स लगाकर मुकाबला अफगानिस्तान की तरफ मोड़ दिया। अब 4 गेंदों पर 5 रन चाहिए थे। अगली गेंद डॉट रही, लेकिन 19.4 पर फिर नो-बॉल हो गई, जिस पर नूर ने दो रन ले लिए और टीम जीत के बेहद करीब पहुंच गई। इसके बाद आखिरी 3 गेंदों पर सिर्फ 2 रन चाहिए थे।
अगली गेंद पर नूर ने लॉन्ग-ऑफ की तरफ शॉट खेला और आसान दो रन का मौका बन गया, लेकिन यहीं मैच पलट गया। दूसरा रन लेते समय फजलहक फारूकी धीमे पड़ गए। रबाडा ने तेजी से गेंद उठाकर बेल्स उड़ा दीं। रिप्ले में साफ दिखा कि फारूकी का बैट हवा में था, जिसके चलते उन्हें रन-आउट दे दिया गया।

मैच का हाल, दोनों टीमों ने 187-187 रन बनाए
इससे पहले दोनों टीमों के बीच मुकाबला टाई रहा। निर्धारित 20 ओवरों में दोनों ने 187-187 रन बनाए। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी।
साउथ अफ्रीका के लिए रायन रिकेल्टन (61) और क्विंटन डी कॉक (59) ने शानदार अर्धशतक जड़े, जबकि डेविड मिलर 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।
अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने 3 विकेट लिए, राशिद खान को 2 सफलताएं मिलीं, वहीं फजलहक फारूकी ने 1 विकेट हासिल किया।
188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान के लिए ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज ने सबसे ज्यादा 84 रन की पारी खेली। साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी ने 26 रन देकर 3 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच का स्कोरकार्ड…
साउथ अफ्रीका टॉप पर
ग्रुप-डी के पॉइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका टॉप पर पहुंच गया है। टीम ने दो मैच में दो जीत हासिल की है। दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड हैं, टीम के भी 4 पॉइंट्स हैं
प्लेइंग-11 अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दारविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नाईब, राशिद खान (कप्तान), फजलहक फारूकी, नूर अहमद और मुजीब उर रहमान।
साउथ अफ्रीका: ऐडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, रायन रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी।
मैच से जुड़े अपडेट्स के लिए LIVE ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
गुरबाज ने 3 छक्के लगाए, लेकिन अफगान हारे
दूसरे सुपर ओवर 24 रन का टारगेट चेज कर रही अफगानिस्तान की टीम दो विकेट पर 19 रन ही बना सकी।
ओवर की पहली बॉल डॉट रही। उसके बाद मोहम्मद नबी आउट हो गए। यहां से गुरबाज ने तीसरी, चौथी और 5वीं बॉल पर छक्के लगाए। लेकिन आखिरी बॉल पर चूक गए।
साउथ अफ्रीका ने 24 रन का टारगेट दिया
दूसरे सुपर ओवर में 6 बॉल पर 23 रन बनाए और अफगानिस्तान को 24 रन का टारगेट दिया है। अजमतुल्लाह उमरजई की पहली बॉल पर स्टब्स ने छक्का लगाया। फिर मिलर ने चौथी और 5वीं बॉल पर छक्का लगाया। आखिरी बॉल पर दो रन आए।
टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहला डबल सुपर ओवर
टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार कोई मैच डबल सुपर ओवर में गया है। टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार कोई मैच डबल सुपर ओवर में गया है।
पहला सुपर ओवर टाई रहा, स्टब्स ने छक्का लगाया
साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान का पहला सुपर ओवर टाई हो गया है। इसमें दोनों टीमों ने एक समान 17-17 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी बॉल पर छक्का लगाकर पहले सुपर ओवर को टाई करा दिया।
ब्रेविस छक्का लगाकर आउट, स्कोर 7 रन
डेविड मिलर ने फारुकी की पहली बॉल पर सिंगल लिया। फिर डेवाल्ड ब्रेसिव ने दूसरी बॉल पर छक्का लगाया और तीसरी बॉल पर आउट भी हो गए।
अफगानिस्तान ने साउथ अफ्रीका को 18 रन का टारगेट दिया
अफगानिस्तान की टीम 6 बॉल पर 17 रन बनाए और अफ्रीका को 18 रन का टारगेट दिया है। उमरजई ने शुरुआत दो बॉल पर एक छक्का और चौका लगाया। उन्होंने 5वीं बॉल पर भी चौका लगाया। गुरबाज ने एक रन लिया।
साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान में सुवर ओवर जारी
टी-20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच सुपर ओवर जारी है। अफगानिस्तान की टीम बल्लेबाजी कर रही है। लुंगी एनगिडी गेंदबाजी कर रहे हैं।
फारुकी रनआउट हुए, मैच टाई हुआ
टी-20 वर्ल्ड कप में बुधवार को साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच का मैच टाई हो गया है। साउथ अफ्रीका ने 188 रन का टारगेट दिया था। अफगानिस्तान की टीम भी 20 ओवर में 188 रन ही बना सकी।
राशिद के विकेट के साथ अफगानिस्तान के जीत की उम्मीद खत्म
19वें ओवर की तीसरी बॉल पर राशिद खान आउट हो गए। उन्हें मार्को यानसन ने डेविड मिलर के हाथों कैच कराया। राशिद ने 12 बॉल पर 20 रन बनाए।
अजमतुल्लाह उमरजई आउट
18वें ओवर की 5वीं बॉल पर अफगानिस्तान को झटका लगा। टीम के सेट बल्लेबाज अजमतुल्लाह उमरजई 22 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लुंगी एनगिडी ने ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच कराया। स्टब्स ने शानदार कैच पकड़ा।
लिंडे ने नबी को पवेलियन भेजा
16वें ओवर की पहली बॉल पर जॉर्ज लिंडे ने आते ही असर दिखाया और मोहम्मद नबी को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने लेग स्टंप के बाहर धीमी गेंद डाली। नबी ने जगह बनाकर लेग साइड में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हल्का सा टर्न हुई और टाइमिंग बिगड़ गई। शॉट हवा में चला गया और कवर पर खड़े ऐडन मार्करम ने आसान कैच लपक लिया। नबी 6 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुए।
14 ओवर के बाद अफगानिस्तान 127/5
लुंगी एनगिडी ने एक बार फिर कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 14वें ओवर में सिर्फ 6 रन दिए। उन्होंने लगातार धीमी गेंदों और सटीक यॉर्कर का इस्तेमाल कर बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। मोहम्मद नबी ने ओवर की पहली गेंद पर दो रन लेकर थोड़ी राहत दी, लेकिन उसके बाद एनगिडी ने रफ्तार में बदलाव करते हुए उन्हें बांधे रखा। एक बेहतरीन यॉर्कर पर नबी सिर्फ एक रन ही ले सके। अजमतुल्लाह उमरजई ने भी सिंगल लेकर स्ट्राइक रोटेट करने की कोशिश की। 14 ओवर के बाद अफगानिस्तान 127/5 पर पहुंच गया है।
13वें ओवर में 2 विकेट गिरे
केशव महाराज के ओवर में अफगानिस्तान की पारी बिखरती नजर आई। इस ओवर में 7 रन आए, लेकिन दो बड़े झटके लगे और एक रन आउट ने टीम को पूरी तरह दबाव में डाल दिया।
- 13वें ओवर की तीसरी बॉल पर महाराज ने रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट किया। गुरबाज 42 गेंदों में 84 रन (4 चौके, 7 छक्के) बनाकर शानदार पारी खेल रहे थे।
- इसके बाद 5वीं बॉल पर बड़ा ड्रामा देखने को मिला। अजमतुल्लाह उमरजई ने पॉइंट की ओर शॉट खेला, जहां सिंगल नहीं था, लेकिन दरविश रसूली रन के लिए भाग पड़े। आधी पिच पार करने के बाद उन्हें लौटना पड़ा और तब तक देर हो चुकी थी। थ्रो डी कॉक के पास आया, जिन्होंने गेंद महाराज को दी और आसान रन आउट पूरा किया। रसूली 18 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान का स्कोर 100 पार
अफगानिस्तान का स्कोर 11वें ओवर में 100 पार हो गया। इस दौरान गुरबाज ने अर्धशतक लगाया।
गुरबाज ने 14वीं बार 50+ स्कोर बनाया
गुरबाज अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा टी-20 इंटरनेशनल में 50+ स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वे और जादरान दोनों ने 14-14 बार यह कारनामा किया है।
गुरबाज ने टूर्नामेंट में टीम के लिए दूसरी सबसे तेज फिफ्टी लगाई
रहमानुल्लाह गुरबाज ने 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो टी-20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के लिए दूसरा सबसे तेज पचासा है। उनसे पहले 2014 में शफीकुल्लाह शिनवारी ने हांगकांग के खिलाफ 24 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी, जो अब भी अफगानिस्तान की ओर से इस टूर्नामेंट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड है।
गुरबाज ने 13वीं हाफ सेंचुरी जमाई
अफगानिस्तान के ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज ने टी-20 इंटरनेशनल करियर की 13वीं हाफ सेंचुरी जमा दी है। उन्होंने 8वें ओवर में जॉर्ज लिंडे की पहली और तीसरी गेंद पर छक्के जमाए।
पावरप्ले में अफगानिस्तान 56/3
188 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने पावरप्ले में 56 रन तो बना लिए, लेकिन इसके लिए उन्हें 3 अहम विकेट गंवाने पड़े। रहमानुल्लाह गुरबाज ने तेज शुरुआत दी, मगर दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। लुंगी एनगिडी ने दो झटके दिए, जबकि कगिसो रबाडा ने भी एक विकेट लेकर साउथ अफ्रीका को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
अफगानिस्तान को तीसरा झटका
कगिसो रबाडा ने आते ही असर दिखाया और अटल को पवेलियन भेज दिया। बैक ऑफ लेंथ गेंद लेफ्ट हैंडर की ओर एंगल करती हुई आई। अटल ने अंदर की लाइन में आकर फ्लिक खेलने की कोशिश की, लेकिन शॉट हवा में चला गया। शॉर्ट फाइन लेग पर खड़े मार्को यानसन ने अपनी लंबाई का फायदा उठाते हुए स्लाइड कर शानदार दो हाथों से कैच लपक लिया। अटल 3 गेंदों में बिना खाता खोले आउट हुए।
एनगिडी ने एक ओवर में 2 विकेट लिए
लुंगी एनगिडी ने अपने दूसरे ओवर में शानदार वापसी करते हुए अफगानिस्तान को दो बड़े झटके दिए। 5वें ओवर में सिर्फ 1 रन आया और दो विकेट गिरे।
- ओवर की दूसरी बॉल पर एनगिडी की बेहतरीन धीमी गेंद पर इब्राहिम जादरान बोल्ड हो गए। जादरान 12 रन बनाए।
- इसके बाद ओवर की चौथी बॉल पर एनगिडी ने गुलबदीन नाईब को कॉट एंड बोल्ड किया। नाईब खाता भी नहीं खोल सके।
एनगिडी ने जादरान को बोल्ड किया
लुंगी एनगिडी ने शानदार गेंद पर इब्राहिम जादरान को बोल्ड कर साउथ अफ्रीका को अहम सफलता दिलाई। इब्राहिम जादरान 10 गेंदों में 12 रन (1 चौका, 1 छक्का) बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान ने 2 ओवर में 23 रन बनाए
188 रन के टारगेट का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने 2 ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 23 रन बना लिए हैं। रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान क्रीज पर हैं।
डी कॉक टी-20 वर्ल्ड कप में टीम के टॉप स्कोरर
टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब क्विंटन डी कॉक के नाम हो गया है, जिन्होंने अब तक 737 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर एबी डिविलियर्स हैं, जिनके नाम 717 रन दर्ज हैं। तीसरे नंबर पर जेपी डुमिनी (568 रन) हैं। डेविड मिलर 482 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि ऐडन मार्करम 448 रन बनाकर पांचवें नंबर पर मौजूद हैं।
साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 187/6
आखिरी ओवर में अजमतुल्लाह उमरजई ने एक बार फिर असरदार गेंदबाजी की। ओवर से 11 रन आए और एक विकेट भी गिरा। 19.2 पर डेविड मिलर ने शानदार अंदाज में धीमी गेंद को लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से छक्के के लिए भेजा। इसके बाद 19.4 पर मार्को यानसन ने लगभग यॉर्कर लेंथ गेंद को बेहतरीन तरीके से खेलते हुए लॉन्ग-ऑफ के दाईं ओर चौका जड़ दिया।
हालांकि, आखिरी गेंद पर उमरजई ने धीमी शॉर्ट बॉल से यानसन को फंसा लिया। यानसन ने सीधा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे से लगकर हवा में चली गई। लॉन्ग-ऑन से अंदर आते हुए सेदिकुल्लाह अटल ने कैच लपक लिया। यानसन 7 गेंदों में 16 रन (2 चौके, 1 छक्का) बनाकर आउट हुए। डेविड मिलर 15 गेंदों में 20 रन बनाकर नाबाद रहे।
साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 187 रन बनाए। अब अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 188 रन का टारगेट है।
