वृंदावन के होटल में भीषण आग, 40 लोग अंदर फंसे:उद्घाटन के दिन हादसा, क्रेन से लटकाकर लोगों को निकाला जा रहा
मथुरा के वृंदावन में नए बने सिद्धि विनायक होटल में बुधवार को भीषण आग लग गई। इससे होटल के अंदर घना धुआं भर गया। इसमें 3 लोग बुरी तरह झुलस गए, जबकि 40 लोग होटल के अंदर फंस गए। आज ही होटल का उद्घाटन किया गया था। इसके कुछ ही घंटे बाद आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। 6 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं। अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
देखिए 4 तस्वीरें
तीन मंजिला सिद्धि विनायक होटल वृंदावन के पॉश इलाके रुक्मणी विहार में स्थित है। सुभाष अग्रवाल करीब 6 महीने से यह होटल बनवा रहे थे। सुभाष अग्रवाल राया के रहने वाले हैं। होटल को बनाने में करीब 6 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इस होटल में 24 कमरे हैं।
होटल मालिक सुभाष अग्रवाल के भतीजे सोनू ने बताया- आज ही चाचा ने इस नए होटल का उद्घाटन किया था। हम पूरे परिवार के साथ यहां आए हैं। अंदर करीब 40 लोग फंसे हैं। ऊपर शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया- सिद्धि विनायक होटल का आज उद्घाटन हो रहा था। इसी दौरान आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। अंदर फंसे लोगों को क्रेन की मदद से नीचे उतारा जा रहा है।
स्पोर्ट्स टीचर बोले- 1.5 घंटे में आग पर काबू पाया गया स्पोर्ट्स टीचर चौधरी अजीत सिंह ने बताया- जैसे ही हमें होटल में आग लगने की जानकारी मिली, हम तुरंत मौके पर पहुंच गए। हमारे साथ स्थानीय लोग भी आग बुझाने में जुट गए। धुएं का घना गुबार होने की वजह से कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। हालांकि, 1.5 घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
वहीं, एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- जैसे ही मैंने होटल में आग लगती देखी, तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद हम लोग भी आग बुझाने में जुट गए। साथ ही अंदर फंसे 2 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
होटल मालिक सुभाष अग्रवाल के समधी हरिमोहन के बेटे विनीत की तबीयत ज्यादा खराब हो गई है। वहीं, आग से 3 लोग झुलस गए। इनमें 2 बच्चे कार्तिक, समर और 1 महिला जिया शामिल है।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया- रुक्मिणी विहार स्थित सिद्धि विनायक होटल में उद्घाटन के दिन शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में होटल मालिक के परिवार के 3 लोग झुलस गए। हालांकि सभी खतरे से बाहर हैं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
