Headlines

आसनसोल से भाजपा कैंडिडेट पवन सिंह पीछे हटे:भोजपुरी सिंगर बोले- चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा; टिकट कटने के बाद हर्षवर्धन का राजनीति से संन्यास

भोजपुरी सिंगर पवन सिंह ने रविवार को पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा- भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को दिल से आभार, लेकिन किसी कारण वश मैं आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा। इस बीच पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने उन्हें दिल्ली बुलाया है।

भाजपा ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को 195 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की। इसमें पवन सिंह को हिन्दी भाषी आसनसोल सीट से प्रत्याशी बनाया गया था। कभी भाजपा में रहे शत्रुघ्न सिन्हा फिलहाल यहां से TMC के सांसद हैं। सिन्हा से पहले सिंगर बाबुल सुप्रियो यहां से भाजपा के दो बार सांसद रह चुके हैं।

पवन सिंह के चुनाव लड़ने से इनकार के बाद ममता बनर्जी के भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा- खेला होने से पहले खेला हो गया। ये भाजपा का पहला सेल्फ गोल है।

उधर, दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने रविवार को सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया। हर्षवर्धन ने सोशल मीडिया X पर लिखा- कृष्णानगर का ENT क्लिनिक मेरा इंतजार कर रहा है। हर्षवर्धन चांदनी चौक से सांसद हैं। पार्टी ने उनकी जगह प्रवीण खंडेलवाल को इस बार टिकट दिया है।

भाजपा ने शनिवार शाम को 16 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 195 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए। 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला है। सूची में 28 महिलाएं, 27 एससी, 18 एसटी, 57 ओबीसी नाम हैं। 50 साल से कम उम्र के 47 कैंडिडेट हैं, जिन्हें पार्टी ने युवा कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024