जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पांडुरंग कोंडबाराव पोले ने शनिवार को बताया कि, भारत चुनाव आयोग अगले 20 दिनों में लोकसभा चुनाव तारीखों को ऐलान कर सकता है।
लोकसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पीके पोले दक्षिण कश्मीर पहुंचे थे। उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा- चुनाव आयोग द्वारा अगले 15 से 20 दिनों में चुनाव की तारीखों के संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी करने की उम्मीद है।
चुनाव अधिकारी ने अनंतनाग, शोपियां में मीटिंग की
चुनाव अधिकारी पीके पोले ने कहा- प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है, यह सुनिश्चित करना कि मतदाता बिना किसी डर या कठिनाई के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
अपनी समीक्षा के दौरान, पोले ने दक्षिण कश्मीर के तीन जिलों – अनंतनाग, शोपियां और पुलवामा के अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। उन्होंने इन जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) से भी बातचीत की।
उन्होंने बताया, सुरक्षा बलों की कोई भी अतिरिक्त तैनाती भारत के चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मानदंडों का पालन करते हुए की जाएगी।
