मनाली विंटर कार्निवल में थिरकेंगे टूरिस्ट:CM सुक्खू ने किया शुभारंभ, 2 दिन लगेगी महानाटी, विंटर क्वीन और वॉयस ऑफ कॉर्निवल चुने जाएंगे
हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल मनाली में अगले चार दिन तक टूरिस्ट विंटर कार्निवल में थिरकेंगे। देशभर से यहां पहुंचे टूरिस्ट के मनोरंजन के लिए आज से विंटर कार्निवल शुरू हो गया है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सर्किट हाउस मनाली से महिला मंडलों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों की झांकियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सीएम अब मॉल रोड पर बने मंच से झांकियों का अवलोकन कर रहे हैं। इसके बाद मनु रंगशाला पहुंचकर विंटर कार्निवाल (शरदोत्सव) का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
21 से 23 जनवरी तक विंटर क्वीन और वॉयस ऑफ कार्निवाल की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इस बार सभी स्टार नाइट्स पूरी तरह हिमाचली गायकों के नाम रहेंगी, जिससे स्थानीय कला और संस्कृति को विशेष बढ़ावा मिलेगा।
21 और 23 जनवरी को होगी महानाटी
विंटर कार्निवाल का मुख्य आकर्षण 21 और 23 जनवरी को होने वाली महानाटी रहेगी। महानाटी प्रतियोगिता में मनाली के लेफ्ट और राइट बैंक के लगभग 45 महिला मंडलों की 1500 से ज्यादा महिलाएं पारंपरिक परिधानों में मॉल रोड पर नाटी डालेगी।
झांकियों में दिखेगी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत
मनाली के मॉल रोड पर महिला मंडल पारंपरिक वेशभूषा में झांकियों के माध्यम से घाटी की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन करेंगे। झांकियों को देखने के लिए हजारों दर्शकों के उमड़ने की संभावना है। विंटर कार्निवाल के तहत मनु रंगशाला के साथ-साथ मॉल रोड पर बने मंचों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मनाली को मिली करोड़ों की विकास परियोजनाएं
सीएम सुक्खू आज मनाली क्षेत्र को करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मनाली से कन्याल सड़क के अपग्रेडेशन कार्य, नथान से जाणा सड़क के अपग्रेडेशन, नाबार्ड के तहत बबेली से जिंदौर सड़क के मेटलिंग व टायरिंग कार्य का उद्घाटन किया।
इसके साथ ही ब्यास नदी पर रांगड़ी में 75 मीटर स्पैन मोटर योग्य पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास तथा अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
मनाली विंटर कार्निवल से जुड़े PHOTOS..
