Headlines

भाजपा 155 प्रत्याशियों के नाम आज जारी कर सकती है:चुनाव समिति ने 5 से 7 मार्च तक फिर बैठक बुलाई, बची सीटों पर चर्चा होगी

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) एक बार फिर 5 से 7 मार्च तक लगातार तीन दिन बैठक करेगी। इसमें बाकी बची सीटों पर प्रत्याशियों के नाम फाइनल किए जाएंगे। इससे पहले 29 फरवरी को हुई बैठक में 17 राज्यों की 155 लोकसभा सीटों पर चर्चा हुई थी। इन सीटों पर कैंडिडेट्स की घोषणा आज शाम 6 बजे पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हो सकती है।

29 फरवरी को हुई मीटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी महासचिव बीएल संतोष के अलावा BJP शासित राज्यों के CM, प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारी, सह-प्रभारी और चुनाव प्रभारी मौजूद थे। यह मीटिंग रात 11 बजे से सुबह 3:15 बजे तक करीब 4 घंटे चली थी।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा की पहली लिस्ट में PM मोदी को वाराणसी, अमित शाह को गांधीनगर, राजनाथ सिंह को लखनऊ, स्मृति ईरानी को अमेठी, धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा के संबलपुर, ज्योतिरादित्य सिंधिया को ग्वालियर या गुना-शिवपुरी, शिवराज सिंह चौहान को भोपाल या विदिशा और संबित पात्रा को ओडिशा के पुरी से टिकट देने की चर्चा है।

इनके अलावा भिवानी बल्लभगढ़ से भूपेंद्र यादव, डिब्रूगढ़ से सर्बानंद सोनोवाल, राजौरी-अनंतनाग से रविंद्र रैना, कोटा से ओम बिड़ला, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली से मनोज तिवारी, पश्चिमी दिल्ली से परवेश वर्मा और आसनसोल से TMC के शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ भोजपुरी सिंगर पवन सिंह को उतारा जा सकता है।

BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में PM मोदी का स्वागत किया।

राज्यवार भाजपा और सहयोगी दलों के बीच ​​​​​​सीट शेयरिंग का फॉर्मूला…

मध्य प्रदेश: भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर सांसदों के टिकट कट सकते हैं
​​​​​​भाजपा ​सूत्रों की मानें तो भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और सागर में मौजूदा सांसदों के टिकट काटे जा सकते हैं। यहां नए चेहरे होंगे। भाजपा ने इस साल विधानसभा चुनाव में 3 केंद्रीय मंत्री, 5 सांसद और राष्ट्रीय महासचिव को उतारा था। इसी तर्ज पर लोकसभा चुनाव में भी दिग्गजों को उतारा जा सकता है। पार्टी का मानना है कि इससे जीत का अंतर बढ़ेगा।

इस रणनीति के तहत केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ग्वालियर, पूर्व CM शिवराज सिंह चौहान को भोपाल, 9 बार के विधायक गोपाल भार्गव को सागर से टिकट दिया जा सकता है। वहीं, जबलपुर और इंदौर में चौंकाने वाले चेहरे सामने आ सकते हैं। उम्मीदवारों की पहली सूची में मध्य प्रदेश की 12 से 15 सीटें घोषित हो सकती हैं। पूरी खबर पढ़ें…

छत्तीसगढ़: दुर्ग से विजय बघेल और कोरबा से सरोज पांडे का नाम फाइनल
भाजपा अध्यक्ष किरणदेव ने कहा कि लोकसभा में नामों पर चर्चा हुई है। सूत्र बता रहे हैं कि दुर्ग से विजय बघेल और कोरबा से चरणदास महंत की पत्नी ज्योत्सना महंत के खिलाफ सरोज पांडे चुनाव लड़ सकती हैं। सरोज पांडेय का राज्यसभा का कार्यकाल हाल ही में पूरा हुआ है। विजय बघेल अभी दुर्ग से सांसद हैं।

सरगुजा से कमलभान सिंह, रामसेवक पैकरा, विजय नाथ सिंह, रामकिसुन सिंह का नाम है, जबकि रायगढ़ से आरपी साय, सुषमा खलको, गेंदलाल कंवर व रजनी राठिया का नाम है। जांजगीर से गुरुदयाल पाटले, कमलेश जांगड़े, वेदराम मनहरे, गुहाराम अजगले, विकास महतो, बिलासपुर से अमर अग्रवाल, रजनीश सिंह, लखनलाल साहू का नाम चर्चा में है।

रायपुर से लक्ष्मी वर्मा, संजय श्रीवास्तव, केदारनाथ गुप्ता दावेदार हैं। वहीं महासमुंद से चंदूलाल साहू व चुन्नीलाल साहू प्रबल दावेदार हैं। कांकेर से भोजराज नाग, विकास मरकाम, या मोहन मंडावी और बस्तर से रूपसिंह मंडावी, सुभाऊराम कश्यप या महेश गागड़ा को मौका मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश: सहयोगी दलों के लिए 6 सीट छोड़ सकती है भाजपा
राज्य में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अपना दल, RLD और अन्य पार्टियों को 6 सीटें दे सकती है। अपना दल को मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज, जबकि RLD को बिजनौर, बागपत सीट मिल सकती हैं। इसके अलावा ओपी राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को घोसी और संजय निषाद की निषाद पार्टी को खलीलाबाद सीट मिल सकती है।

बिहार: सहयोगी दलों से सीट शेयरिंग फाइनल होने के बाद लिस्ट आएगी
बिहार में BJP का नीतीश कुमार की पार्टी JDU, लोजपा, हम पार्टी से गठबंधन है। अभी पार्टियों में सीट शेयरिंग फाइनल नहीं है, इसलिए BJP के यहां कैंडिडेट्स घोषित करने की संभावना कम है। दिल्ली में हुई मीटिंग में बिहार से एक भी नेता शामिल नहीं हुआ था।

अगर बिहार में कैंडिडेट्स घोषित होते हैं, तो सबसे पहले 10 कमजोर सीटों- नवादा, मुंगेर, वैशाली, वाल्मीकि नगर, झंझारपुर, किशनगंज, सुपौल, कटिहार, पूर्णिया और गया हैं। इनमें नवादा, वैशाली, सुपौल, मुंगेर लोकसभा सीट BJP कभी नहीं जीती है।

झारखंड: 14 सीटों में से 13 पर खुद लड़ेगी भाजपा, AJSU को एक सीट देगी
सूत्रों के मुताबिक, झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में से भाजपा अपने सहयोगी AJSU के लिए एकमात्र गिरिडीह सीट छोड़ेगी। बाकी 13 सीटों पर वह खुद चुनाव लड़ेगी। पहली लिस्ट में 2019 में हारी हुई राजमहल और पश्चिमी सिंहभूम सीट पर प्रत्याशी का ऐलान हो सकता है।

पंजाब: अकाली से गठबंधन पर चर्चा जारी, चंडीगढ़ से युवराज सिंह का नाम
पंजाब में लोकसभा की कुल 13 सीटें हैं। भाजपा यहां अपने पुराने सहयोगी अकाली दल को NDA में शामिल कराना चाहती है। दोनों के बीच बातचीत भी चल रही है। अभी सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान होल्ड किया गया है। पटियाला सीट से पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर का नाम तय माना जा रहा है, लेकिन उन्होंने औपचारिक तौर पर भाजपा जॉइन नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024