मकर संक्रांति- प्रयागराज में 91 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया:PM ने अपने आवास पर गायों को चारा खिलाया, पतंगबाजी से दो दिनों में 17 लोगों की मौत
नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ2 घंटे पहले
देशभर के कई हिस्सों में गुरुवार को भी मकर संक्रांति मनाई जा रही है। संक्रांति को लेकर गंगा, यमुना और नर्मदा जैसी प्रमुख नदियों के तटों पर लाखों लोग सुबह से डुबकी लगा चुके हैं। प्रयागराज माघ मेले में आज मकर संक्रांति का स्नान पर्व है। संगम में शाम बजे तक 91 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। आज करीब डेढ़ करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
पतंगबाजी से 17 लोगों की मौत
मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के दौरान लगातार हादसे भी सामने आ रहे हैं। बीते दो दिनों में गुजरात में में 9 और राजस्थान में 6, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में 1-1 लोगों की मौत हो चुकी है।
यूपी के वाराणसी के गंगा घाट और पश्चिम बंगाल के गंगासागर में स्नान के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी है। पंजाब के अमृतसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सचखंड श्री दरबार साहिब में पवित्र स्नान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मकर संक्रांति के अवसर पर अपने आवास पर गायों को चारा खिलाया।
उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाकाल का तिल के तेल से अभिषेक हुआ। भस्म आरती में भी तिल चढ़ाया गया और तिल के लड्डुओं का भोग लगा।
मकर संक्रांति से जुड़ी तस्वीरें…PM आवास पर दुर्लभ पुंगनूर नस्ल की छोटी-छोटी गायें हैं, जिन्हें मोदी हर साल मकर संक्रांति पर खिली धूप में हरा चारा खिलाते हैं।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मकर संक्रांति के अवसर पर गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र स्नान करने के लिए जमा हुए।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह खिचड़ी चढ़ाकर मकर संक्रांति की शुरुआत की।
मकर संक्रांति से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
01:40 PM
15 जनवरी 2026
सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में पूजा कर सीटी बजाई
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यानाथ ने मकर संक्रांति पर गुरुवार तड़के गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाई। गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी ने सुबह 3:40 बजे मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। नाथ परंपरा के अनुसार, उन्होंने गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना की। इसके बाद गले में लटकी सीटी बजाई और दंडवत होकर प्रणाम किया।
01:21 PM
15 जनवरी 2026
तमिलनाडु: पूर्व सीएम पन्नीरसेल्वम ने थेनी में पोंगल मनाया
01:05 PM
15 जनवरी 2026
तमिलनाडु; अवनियापुरम में जल्लीकट्टू का आयोजन हुआ
जल्लीकट्टू एक ऐसा खेल है, जिसमें भीड़ के बीच सांड छोड़ दिया जाते हैं। इस खेल में हिस्सा लेने वाले लोग सांड का कूबड़ पकड़कर उसे कंट्रोल करने की कोशिश करते हैं। कई सांड का कूबड़ ज्यादा से ज्यादा देर तक पकड़े रखने वाला ही विजेता होता है।
12:43 PM
15 जनवरी 2026
प्रयागराज के संगम नोज पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़
प्रयागराज के संगम नोज पर गंगा स्नान के लिए सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। लोग जय गंगा मैया उद्घोष के साथ स्नान कर रहे हैं। दोपहर 12 बजे तक 54 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं।
12:07 PM
15 जनवरी 2026
कोयंबटूर एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में पोंगल सेलिब्रेशन
तमिलनाडु की कोयंबटूर एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स और प्रोफेसर्स ने गायों की पूजा कर पोंगल मनाया।
11:37 AM
15 जनवरी 2026
तमिलनाडु में पोंगल उत्सव के लिए गन्ने से बना 21 फीट ऊंचा रथ
तमिलनाडु के कांचीपुरम के पास ग्रीन पार्क एवेन्यू में पोंगल उत्सव के लिए गन्ने से बना एक विशाल रथ तैयार किया गया है। 21 फीट ऊंचा और 10 फीट चौड़ा, पांच टन वजनी इस रथ को 15 लोगों ने 15 दिनों में तैयार किया है।
पूरी तरह से गन्ने से बने इस रथ को सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए रखा गया है, जिसे देखकर स्थानीय लोगों में काफी दिलचस्पी और उत्सव का उत्साह देखने को मिल रहा है।
11:18 AM
15 जनवरी 2026
रजनीकांत ने पोंगल पर अपने घर के बाहर प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं
