जयपुर-रेस लगा रही ऑडी ने 16 को रौंदा, एक मौत,VIDEO:120 की स्पीड थी, बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई, गाड़ी का नहीं था इंश्योरेंस
जयपुर में शुक्रवार रात रेसिंग कर रहे एक ऑडी कार ने कहर मचा दिया। मानसरोवर के भीड़भाड़ वाले इलाके में 120 की रफ्तार से दौड़ रही ऑडी कार पहले बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क किनारे लगी फूड स्टॉल्स में घुस गई।
इस दौरान वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। कार करीब 16 लोगों को रौंदते हुए एक पेड़ से टकराकर रुकी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, चार लोग गंभीर घायल हैं।
ऑडी में ड्राइवर सहित 4 लोग बैठे थे। इनमें जयपुर पुलिस का सिपाही भी है। घटना के तुरंत बाद भीड़ ने एक कार सवार को पकड़ लिया था। जबकि, एक युवक को शनिवार सुबह पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
आरोपी ड्राइवर दिनेश सहित दो लोग फरार हैं। जानकारी के अनुसार चारों लोग नशे में थे। हादसा रात करीब 9:30 बजे पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित खरबास सर्किल के पास हुआ। गाड़ी का इंश्योरेंस भी नहीं था।
दो कारों में हो रही थी रेस
मौके से पकड़े गए कार सवार रेनवाल निवासी पप्पू ने पुलिस को बताया कि ऑडी कार चूरू का रहने वाला दिनेश रणवां चला रहा था। दिनेश ने उसे शुक्रवार रात खरबास सर्किल के पास बुलाया था।
पप्पू ने बताया है कि ऑडी में दो और लोग बैठे थे। इसके बाद दिनेश ने एक और कार के साथ रेसिंग शुरू कर दी। आरोपी करीब 120 की स्पीड पर ऑडी को दौड़ा रहा था। कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई तो, पीछे वाले कार वापस घूम गई।
हादसे में ज्यादातर घायल स्टॉल संचालक और खाना खाने आए लोग
डिवाइडर से टकराने के बाद दिनेश ने कार सड़क किनारे की तरफ की फूड स्टॉल्स में घुसा दी। उस दौरान वहां करीब 50 लोग मौजूद थे। दिनेश ने कार की स्पीड और बढ़ा दी और उसने 10 से ज्यादा थड़ी-स्टॉल्स को टक्कर मार दी।
ऑडी की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि उसकी टक्कर से एक और कार पलट गई। आरोपी ने 16 से ज्यादा लोगों को रौंद दिया। करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ से टकराकर उनकी कार रुकी।
एक युवक की मौत, 4 गंभीर घायल
पत्रकार कॉलोनी पुलिस थाने के एसएचओ गुंजन सोनी ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया।
जहां भीलवाड़ा के रहने वाले रमेश बैरवा को मृत घोषित कर दिया गया। रमेश एक फूड स्टॉल पर हेल्पर का काम करता था वहीं, 4 गंभीर घायलों को एसएमएस रेफर किया गया।
अब देखिए- हादसे से जुड़े PHOTOS…
जयपुर ऑडी हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
अपडेट्स
ऑडी ड्राइवर का लाइसेंस निरस्त होगा
आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- परिवहन आयुक्त के निर्देश के बाद ऑडी हादसे में कार्रवाई शुरू हो गई है। ऑडी ड्राइवर का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। गाड़ी को पुलिस के साथ-साथ परिवहन विभाग ने भी सीज कर लिया है।
हादसे का एक और वीडियो, हॉस्पिटल में लगे कैमरे में कैद हुई घटना
ऑडी कार हादसे का एक और वीडियो सामने आया है। घटना स्थल के ठीक सामने हॉस्पिटल में लगे कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई।
वीडियो में नजर आ रहा है कि तेज रफ्तार ऑडी अचानक सड़क किनारे खड़े ठेलों को टक्कर मारती हुई पेड़ से टकरा गई।
