Headlines

कबड्‌डी प्लेयर का हत्यारा एनकाउंटर में ढेर:फायरिंग में 2 मुलाजिम घायल; मास्टरमाइंड दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, 2 शूटरों की फोटो सामने आई

कबड्‌डी प्लेयर का हत्यारा एनकाउंटर में ढेर:फायरिंग में 2 मुलाजिम घायल; मास्टरमाइंड दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, 2 शूटरों की फोटो सामने आई

मोहाली4 घंटे पहले
एनकाउंटर के बारे में जानकारी देते SSP हरमनदीप हंस, इनसेट में राणा बलाचौरिया की फाइल फोटो।

पंजाब के मोहाली में कबड्‌डी प्लेयर व प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया है। मोहाली में लालड़ू के नजदीक अंबाला हाईवे पर शूटर हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू को पुलिस ने घेरा।

पुलिस को देख उसने जिगाना पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें 2 पुलिसवाले जख्मी हुए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मरने वाले मिड्‌डू ने शूटरों को ग्राउंड सपोर्ट दिया था।

मिड्‌डू तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नुआं का रहने वाला था। वहीं इस मामले में कत्ल के मास्टरमाइंड एशदीप सिंह को अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा। उसकी पूछताछ पर अमृतसर से जुगराज सिंह को पकड़ा गया।

एनकाउंटर में मारे गए आरोपी का इनपुट भी उसी से मिला। मोहाली के SSP हरमनदीप हंस के मुताबिक एशदीप डोनी बल का हैंडलर और कोऑर्डिनेटर है। उसी ने मर्डर की योजना बनाई थी। कत्ल के बाद विदेश भागने के लिए वह टिकट भी बुक करवा चुका था।

वहीं इस मामले में आज सुबह ही दो शूटरों आदित्य कपूर और करण पाठक की फोटो सामने आई थी, जिन्होंने परफेक्ट प्लानिंग से बलाचौरिया का कत्ल किया था। आरोपी आदित्य कुछ ही दिन पहले जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद उसने बलाचौरिया का मर्डर कर दिया।

एनकाउंटर से जुड़े 2 PHOTOS…

कबड्डी प्लेयर राणा बलाचौरिया की हत्या में शामिल एक आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। मौके पर पुलिस की कई गाड़ियां खड़ी हैं।
मोहाली में घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस।

मोहाली SSP ने बताई एक्शन की पूरी कहानी…

मास्टरमाइंड की विदेश भागने की तैयारी थी: SSP हरमनदीप हंस ने बताया- जब मास्टरमाइंड एशदीप को पकड़ा गया तो पता चला कि वह 25 नवंबर को रूस से भारत आया था। यह पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है और बाहर जा चुका था। इसका डोनी बल के साथ सीधा संपर्क है। दो लड़के जोधा (इटली) और गुरलाल (यूएसए)डैनी बल के आदमी हैं और यह उनके संपर्क में था। आरोपी ने पूरी प्लानिंग के साथ बाहर जाने की तैयारी कर ली थी। 14 तारीख को इसने टिकट बुक करवा ली थी और 15 तारीख को प्लान पूरा होने के बाद यह दिल्ली के लिए निकला। 16 तारीख को सूचना मिलने पर इसे एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।

अमृतसर निशानदेही पर दूसरा आरोपी पकड़ा: SSP ने कहा- जब एशदीप को पकड़ा गया तो कत्लकांड से जुड़े और लोगों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद अमृतसर से जुगराज सिंह नाम के एक और आरोपी को अमृतसर पुलिस के साथ मिलकर गिरफ्तार कर लिया गया। अब तक इस केस में दो लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।

छह लोग शामिल, सभी की पहचान: SSP ने कहा- पूरी पूछताछ में पता चला कि इस वारदात में पांच से छह लोग शामिल थे। इनमें दो एक्टिव शूटर थे, जबकि चार अन्य लोग उन्हें सपोर्ट कर रहे थे। इनमें से एक का आज एनकाउंटर हुआ है। यह आरोपी पांच से छह वारदातों में शामिल था और एक्टिव शूटरों को सपोर्ट कर रहा था।

जिगाना पिस्तौल से पुलिस पर फायरिंग: SSP ने कहा- जिस आरोपी का एनकाउंटर हुआ, वह भी एशदीप सिंह के साथ विदेश भागने की फिराक में था। उसने उसे लालड़ू के लहली एरिया से उठाना था, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के कारण उनका टाई-अप नहीं हो पाया। जब आज पुलिस टीमें पहुंचीं तो आरोपी को तीनों तरफ से घेर लिया गया। वह एक इमारत में चला गया। उसके पास जिगाना पिस्टल (9 एमएम) थी, जिससे उसने फायर किया। इसमें हमारे दो मुलाजिम घायल हुए हैं।

हत्या में प्रयोग बाइक व एक वाहन बरामद: हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक सोहाना एरिया से बरामद कर ली गई है। एक अन्य वाहन भी बरामद किया गया है। बाकी शूटरों की पहचान हो चुकी है और उन्हें भी जल्द काबू कर लिया जाएगा। शूटर आदित्य कपूर और पाठक मेन शूटर हैं।

राणा बलाचौरिया को मारने वाले शूटर करण पाठक और आदित्य कपूर।

कैसे हुआ बलाचौरिया का मर्डर, पूरी कहानी…

  • टीम के जरिए भेजी जा रही थी धमकी: राणा बलाचौरिया के करीबियों के मुताबिक राणा को कबड्‌डी को लेकर धमकी दी जा रही थी। उसकी टीम काफी मजबूत थी। उसे टीम को टूर्नामेंट में खेलने से रोकने को कहा जा रहा था। खास बात ये थी कि धमकी सीधे बलाचौरिया को नहीं बल्कि उसकी टीम और करीबियों के जरिए उस तक पहुंचाई गई थी।
  • परमिशन लेकर टूर्नामेंट, पुलिस तैनात, DSP चीफ गेस्ट: मोहाली के सोहाना में कबड्‌डी टूर्नामेंट के दौरान कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए आयोजकों ने पूरा प्रोसीजर अपनाया। मोहाली के SSP हरमनदीप हंस ने कहा कि टूर्नामेंट की परमिशन ली गई थी। वहां सिक्योरिटी के लिए पुलिस तैनात थी। यह भी पता चला कि उसमें DSP हरसिमरन सिंह बल्ल को भी चीफ गेस्ट के तौर पर बुलाया गया था।
  • DSP के लौटे ही एक्टिव हुआ मॉड्यूल: DSP बल्ल टूर्नामेंट में आकर स्टेज पर बैठे। वह कुछ देर रुके। वहां सिक्योरिटी का प्रबंध वगैरह देखा। DSP के टूर्नामेंट में होने से पुलिसकर्मी भी अलर्ट पर थे। मगर, कुछ देर रुकने के बाद DSP वहां से लौट गए। उनके जाते ही सोर्स से शूटर्स को पता चला और पूरा मॉड्यूल एक्टिव हो गया। शूटर कत्ल के लिए रेडी हो गए।
15 दिसंबर को मोहाली के स्टेडियम में फायरिंग की आवाज सुनते ही खिलाड़ी और दर्शक इस तरह से भागते नजर आए।
  • बलाचौरिया को सेल्फी के बहाने कोई बुलाकर ले गया: मोहाली के SSP हरमनदीप हंस के मुताबिक राणा बलाचौरिया को कोई बुलाकर ले गया। सारे लोग टूर्नामेंट के मंच पर और आगे थे। वह व्यक्ति बलाचौरिया को मंच के साइड में ले गया। वहां पर शूटर पहले से तैयार थे। हालांकि फैंस से मिलाने की बात कहकर ले गया या फिर कोई दूसरी बात कही, इसके बारे में पुलिस पता कर रही है। चूंकि राणा उसके साथ जाने को राजी हो गए तो वह कोई राणा का करीबी, आयोजकों या कोई कबड्‌डी से जुड़ा बड़ा चेहरा हो सकता है। ऐसा पुलिस को शक है।
  • फैन बनकर करीब पहुंचे, पॉइंट ब्लैंक से गोली मारी: इसके बाद शूटर फैन बनकर राणा बलाचौरिया के करीब पहुंचे। उन्होंने सेल्फी लेने की रिक्वेस्ट की। कबड्‌डी का माहौल था तो फैन समझकर राणा ने इनकार नहीं किया। इसके बाद वह सेल्फी लेने लगे और उसी वक्त बिल्कुल करीब से या सटाकर राणा के सिर में गोली मार दी। राणा नीचे गिर पड़े तो शूटर वहां से बाइक में बैठकर फरार हो गए।
  • जल्दी अस्पताल न पहुंचाएं, फायरिंग की: पुलिस जांच में यह भी पता चला कि गोली लगते ही वहां हड़कंप मच गया। रोपड़ का एक युवक करीब पहुंचा तो शूटरों ने फायरिंग कर दी। जब लोग करीब जाने लगे तो फिर फायरिंग की। टूर्नामेंट में भीड़ थी, उनका मकसद ये था कि राणा को जल्दी अस्पताल न पहुंचा सकें और उसे बचाया न जा सके। हालांकि सिर के पीछे से लगी गोली मुंह के रास्ते बाहर निकलने से राणा की फोर्टिस अस्पताल पहुंचने तक मौत हो गई।

राणा की हत्या करने वाले शूटर कौन हैं? SSP हरमनदीप हंस के मुताबिक ये शूटर आदित्य कपूर उर्फ मक्खन और करन पाठक ने बलाचौरिया को गोलियां मारीं, दोनों के साथ एक और शूटर था। आदित्य और करन अमृतसर के रहने वाले हैं। आदित्य पर 13 और करन पर 2 FIR दर्ज हैं। उनका पूरा क्रिमिनल रिकॉर्ड निकलवाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ये दोनों बंबीहा गैंग के गैंगस्टर लक्की पटियाल और डोनी बल से जुड़े हुए हैं।

हत्या की वजह को लेकर 2 दावे

बंबीहा गैंग ने कहा- मूसेवाला मर्डर का बदला लिया बंबीहा गैंग ने कत्ल की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि राणा बलाचौरिया ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कातिलों को ठहरने की जगह दिलाई। उनकी मदद की। इसलिए उसे मारकर मूसेवाला की हत्या का बदला लिया गया। उसने राणा को जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा हुआ बताया।

मोहाली पुलिस बोली– कबड्‌डी में डोमिनेंस का झगड़ा मोहाली SSP हरमनदीप हंस ने बंबीहा गैंग के मूसेवाला मर्डर का बदला लेने का दावा खारिज कर दिया। उन्होंने कहा- यह मर्डर कबड्‌डी को कंट्रोल करने के मकसद से की गई है ताकि उनका डोमिनेंस हो। राणा बड़ा नाम था, इसलिए उसे मारा गया। सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लेने की बात तो इसे जस्टिफाई करने के लिए किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024