Headlines

राहुल गांधी ने म्यूनिख में BMW प्लांट देखा:कहा- भारत में मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट आ रही: जर्मनी के तीन दिन के दौरे पर हैं

राहुल गांधी ने म्यूनिख में BMW प्लांट देखा:कहा- भारत में मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट आ रही: जर्मनी के तीन दिन के दौरे पर हैं

नई दिल्ली4 घंटे पहले

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को जर्मनी में कहा, ‘मैन्युफैक्चरिंग मजबूत अर्थव्यवस्थाओं की रीढ़ होती है। दुर्भाग्य से भारत में मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट आ रही है। विकास को तेज करने के लिए हमें ज्यादा से ज्यादा उत्पादन करना होगा। मैन्युफैक्चरिंग का इकोसिस्टम बनाना होगा।’

राहुल गांधी प्रोग्रेसिव अलायंस के आमंत्रण पर तीन दिन के दौरे पर आज जर्मनी पहुंचे। ये अलायंस दुनियाभर की 117 प्रगतिशील राजनीतिक पार्टियों का एक प्रमुख समूह है।

राहुल ने पहले दिन म्यूनिख स्थित ऑटोमोबाइल कंपनी BMW के मुख्यालय का दौरा किया। यहां उन्होंने विभिन्न कारों और मोटरसाइकिलों के बारे में जानकारी ली। राहुल देर रात बर्लिन में IOC कार्यक्रम में भाग लेंगे।

BMW प्लांट के दौरे की फोटोज…

राहुल ने BMW इसेट्टा देखी। यह 1950 के दशक की आइकॉनिक माइक्रो कार है, जो इटालियन Iso के डिजाइन पर BMW ने 1955-62 तक लाइसेंस पर बनाई। 2 सीटर छोटी कार फ्यूल एफिशिएंट होने से यूरोप में हिट हुई। इसमें 13hp पावरफुल इंजन आता था। इसकी टॉप स्पीड 90kmph थी। इसकी कुल 1,61,000 यूनिट्स बिकीं थीं।
BMW और TVS ने पार्टनशिप में 450cc की यह एडवेंचर बाइक बनाई है। राहुल इस बाइक पर बैठे भी। उन्होंने कहा- यह कमाल है। भारतीय इंजीनियरिंग पर हमें गर्व है। राहुल ने स्टाफ से इस बाइक की खासियत भी जानी। भारत में इसे अगले साल तक लॉन्च किया जा सकता है।
राहुल ने बीएमडब्ल्यू iX3 नई जनरेशन की फुली इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार भी देखी। ये सिर्फ 4.9 सेकंड में 0-100kmph की स्पीड पर दौड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 210kmph है। इसमें 108.7 kWh बैटरी से WLTP रेंज 679-805 km मिलती है। भारत में ये 2026 में लॉन्च होगी।
राहुल ने रोल्स-रॉयस फैंटम को भी देखा। यह दुनिया की सबसे लग्जरी कारों में से एक मानी जाती है, जो 2003 से बिक रही है। 2025 मॉडल में 6.75-लीटर ट्विन-टर्बो V12 इंजन है, जो 563 hp पावर देता है। स्टारलाइट हेडलाइनर, कस्टम इंटीरियर और साइलेंट राइड के साथ शुरुआती कीमत 4.68 करोड़ रुपए है।

राहुल गांधी का पिछले 6 महीनों में यह चौथा विदेश दौरा

राहुल 19 दिसंबर तक जर्मनी में ही रहेंगे। उनका जर्मनी दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब देश में संसद का शीतकालीन सत्र (1 से 19 दिसंबर तक) चल रहा है। इसको लेकर भाजपा ने राहुल के जर्मनी दौरे पर निशाना साधा था।

राहुल गांधी का पिछले 6 महीनों में यह चौथा विदेश दौरा है। इससे पहले जुलाई से लेकर सितंबर के बीच वे लंदन, मलेशिया, ब्राजील-कोलंबिया की यात्रा पर गए थे।

राहुल के जर्मनी पहुंचने के बाद की 2 तस्वीरें…

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बुधवार को जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंचे। इस दौरान उनके साथ भारतीय विदेश कांग्रेस (IOC) के पदाधिकारी।
राहुल गांधी का बर्लिन पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और उनके साथ फोटो खिंचवाई।

भाजपा बोली थी- उनके लिए ‘LoP’ लीडर ऑफ पर्यटन

राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा था- राहुल गांधी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ‘LoP’ का मतलब ‘लीडर ऑफ पर्यटन’ होता है। वे लीडर ऑफ पार्टींइंग (पार्टी करने वाले नेता हैं)।

इधर, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा था- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने काम का आधा समय विदेश में बिताते हैं। फिर भाजपा की ओर से विपक्ष के नेता की विदेश यात्रा पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं

राहुल के पिछले 6 महीनों की विदेश यात्राएं…

25 जून से 6 जुलाई 2025- लंदन (यूके): 2025 के मध्य में राहुल गांधी लंदन भी यात्रा पर रहे। सुरक्षा एजेंसियों के पत्र में यह विवरण आया है।

4 से 8 सितंबर 2025 – मलेशिया: सितंबर में उन्होंने मलेशिया का दौरा किया- जिसके बारे में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी सुर्खियों में रहे।

सितंबर 2025 -दक्षिण अमेरिका (ब्राजील, कोलंबिया): दक्षिण अमेरिका दौरे पर ब्राजील, कोलंबिया समेत चार देशों में छात्रों, व्यापारियों और नेताओं से संवाद किया था।

राहुल गांधी की यह तस्वीर सितंबर में सामने आई थी, जिसे लेकर दावा किया गया था कि वोटर अधिकार यात्रा के बाद वे सिंगापुर में छुटि्टयां मनाने गए थे।

नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद विदेश में 3 विवादित बयान

2 अक्टूबरः कोलंबिया में कहा- RSS और भाजपा की विचारधारा में कायरता

राहुल ने 2 अक्टूबर को कोलंबिया की EIA यूनिवर्सिटी में ‘द फ्यूचर इज टुडे’ कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा की विचारधारा के मूल में कायरता है।’ इसके लिए उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर के 2023 में चीन को लेकर दिए बयान का हवाला दिया।

21 अप्रैलः अमेरिका में कहा- महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़ी साफ दिख रही

राहुल गांधी ने 21 अप्रैल को अमेरिका के बॉस्टन में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर सवाल उठाए। उन्होंने भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पूरी तरह साफ है कि भारतीय चुनाव आयोग समझौता कर चुका है। इस सिस्टम में कुछ गड़बड़ी

9 सितंबर, 2024ः अमेरिका में कहा- सब कुछ मेड इन चाइना

राहुल गांधी विपक्ष के नेता के तौर पर पहली बार विदेश दौरे पर थे। उन्होंने 9 सितंबर को अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास के छात्रों से भारतीय राजनीति, इकोनॉमी और भारत जोड़ो यात्रा समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। राहुल ने कहा, “भारत में सब मेड इन चाइना है। चीन ने प्रोडक्शन पर ध्यान दिया है इसलिए चीन में रोजगार की दिक्कतें नहीं हैं।”

राहुल गांधी ने 9 सितंबर 2024 को यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास में कहा कि खुद के आइडिया को खत्म कर लोगों के बारे में सोचना ही देवता होना होता है।

नेता प्रतिपक्ष बनने से पहले की विदेशी यात्राएं जो विवादित रहीं…

  • मई 2022- राहुल गांधी ब्रिटेन के दौरे पर थे। उन्होंने CBI और ED का हवाला देते हुए भारत सरकार की तुलना पाकिस्तान सरकार से की थी। BJP ने राहुल पर विदेश में जाकर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया
  • दिसंबर 2020- राहुल गांधी नानी से मिलने इटली गए थे। 28 दिसंबर को हर साल कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इसमें वे शामिल नहीं हुए। इस पर विवाद हुआ। कुछ महीने बाद पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर और यूपी में चुनाव हुए। इसमें कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। इसके बाद कई कांग्रेस नेताओं ने इसे राहुल के विदेशी दौरे से जोड़ा। राहुल पर आरोप लगा कि इटली जाने के लिए उन्होंने पंजाब में रैली को कैंसिल करवा दिया।
  • दिसंबर 2019- भारत में CAA के खिलाफ बड़ा आंदोलन चल रहा था। राहुल गांधी तब दक्षिण कोरिया चले गए थे। उनकी इस यात्रा को लेकर कई कांग्रेसी नेताओं ने भी सवाल उठाए थे।
  • अक्टूबर 2019- हरियाणा और महाराष्ट्र में होने वाले चुनाव से सिर्फ 15 दिन पहले राहुल गांधी कंबोडिया चले गए। BJP ने कहा कि राहुल गांधी पर्सनल टूर पर बैंकॉक गए हैं। वहीं, कांग्रेस ने कहा कि वे मेडिटेशन के लिए कम्बोडिया गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024