Headlines

बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में बम ब्लास्ट:CM सिद्धारमैया ने पुष्टि की; कैफे से जली बैटरी और बैग मिला, NIA पहुंची

बेंगलुरु के मशहूर रामेश्‍वरम कैफे में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक विस्‍फोट हुआ। घटना में कैफे के 3 स्टाफ और 2 ग्राहक समेत 5 लोग घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये खतरे से बाहर हैं। कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने बम ब्लास्ट की पुष्टि की है।

घटना की सूचना पर पुलिस, बम स्क्वॉड, फॉरेंसिक और NIA की टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस ने बताया कि जब हम मौके पर पहुंचे तो कैफे की दीवार पर लगा शीशा टूटकर टेबल पर बिखरा पड़ा था। व्हाइटफील्ड फायर स्टेशन के एक अफसर ने कहा कि उन्हें कैफे में सिलेंडर विस्फोट की सूचना मिली थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैफे में धमाके वाली जगह से बैटरी, जला हुआ बैग और कुछ आईडी कार्ड मिले हैं। इसके आधार पर विस्फोट को लेकर साजिश की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। राज्य के गृहमंत्री ने कहा- धमाका एक सिटिंग एरिया में हुआ और वहां कोई सिलेंडर नहीं था। मामले की जांच कर रहे हैं।

उधर, घटना को लेकर भाजपा के दो सांसदों ने संदेह जताया है। सबसे पहले बेंगलुरु सेंट्रल से भाजपा सांसद पीसी मोहन ने इसे रहस्यमयी घटना बताया। इसके बाद बेंगलुरु साउथ से भाजपा सांसद और BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि यह बम विस्फोट का मामला हो सकता है।

पुलिस ने रामेश्‍वरम कैफे के आसपास घेराबंदी कर दी है। कैफे के अंदर जाने पर फिलहाल रोक है।

गृह मंत्री की अधिकारियों के साथ बैठक जारी
कैफे में सिक्योरिटी गार्ड का काम करने वाले शख्स ने बताया कि मैं कैफे के बाहर खड़ा था। होटल में कई ग्राहक आए थे। अचानक एक जोरदार आवाज आई और आग लग गई, जिससे होटल के अंदर मौजूद ग्राहक घायल हो गए। मामले को लेकर राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। कुछ ही देर में बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर दयानंद इस घटना को लेकर आधिकारिक बयान देंगे।

तेजस्वी सूर्या बोले- बम विस्फोट का मामला, CM जवाब दें
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि रामेश्वरम कैफे के फाउंडर नागराज से उनके कैफे में हुए विस्फोट के बारे में बात हुई। उन्होंने मुझे बताया कि विस्फोट एक ग्राहक द्वारा छोड़े गए बैग के कारण हुआ है। सूर्या ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से बम विस्फोट का मामला दिख रहा है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मामले में जवाब दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024