CM नीतीश ने महिला डॉक्टर का हिजाब हटाया:पहले पूछा- ये क्या है जी; पटना में आयुष डॉक्टर्स को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे
पटना में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आयुष डॉक्टर्स को नियुक्ति पत्र देते वक्त एक महिला डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब अपने हाथ से हटा दिया।
नुसरत को मुख्यमंत्री ने पहले तो नियुक्ति पत्र दे दिया। इसके बाद उसे देखने लगे। महिला भी मुख्यमंत्री को देखकर मुस्कुराई।
CM ने हिजाब की ओर इशारा करते हुए पूछा कि ये क्या है जी। महिला ने जवाब दिया हिजाब है सर। CM ने कहा कि हटाइए इसे।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथ से महिला का हिजाब हटा दिया। महिला थोड़ी देर के लिए असहज हो गई। आसपास मौजूद लोग हंसने लगे।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने महिला को नियुक्ति पत्र फिर थमाया और जाने का इशारा किया। महिला फिर वहां से आ गई।
मुख्यमंत्री आवास पर हुए कार्यक्रम में 1283 आयुष डॉक्टर्स को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस घटना के वीडियो को शेयर करके आरजेडी ने लिखा- ‘यह क्या हो गया है नीतीश जी को। मानसिक स्थिति बिल्कुल ही अब दयनीय स्थिति में पहुंच चुकी है या नीतीश बाबू अब 100% संघी हो चुके हैं।’
3 तस्वीरों में समझिए पूरा घटनाक्रम
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दिया। इन नवनियुक्त 1283 आयुष चिकित्सकों में 685 आयुर्वेदिक, 393 होमियोपैथिक और 205 यूनानी चिकित्सक शामिल हैं।
इन सभी नवनियुक्त 1283 आयुष चिकित्सकों को ‘राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम’ के तहत चल रहे ‘चलंत चिकित्सा दल’ और आयुष चिकित्सा सेवा के तहत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में ओपीडी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चल रहे अन्य कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए कई स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापित किया जा रहा है।
इससे स्कूलों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेगी।
हाल की कुछ और घटनाएं देखिए
13 दिसंबर: नीतीश ने 3 मंत्रियों से कहा- अरे आइए ना
बिहार पुलिस अकादमी राजगीर में 1218 ट्रेनी दरोगा के दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के तौर पर सीएम नीतीश कुमार शामिल हुए। उन्होंने परेड की सलामी ली।
दीक्षांत परेड के निरीक्षण के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुली जीप में सवार होने वाले थे। परंपरा के अनुसार उनके साथ केवल पुलिस महानिदेशक (DGP) जीप में मौजूद थे।
जैसे ही मुख्यमंत्री जीप की ओर बढ़े, उनकी नजर मंच पर बैठे मंत्रियों पर पड़ी। तभी उन्होंने सम्राट चौधरी की ओर इशारा करते हुए कहा, अरे आप भी आओ भाई…चलो ना। इसके बाद सम्राट जीप पर सवार हो गए।
13 दिसंबर: नीतीश ने तेजस्वी से कहा- ऐ खड़ा हो ना भाई
