Headlines

केरल में पहली बार भाजपा का मेयर बन सकता है:तिरुवनंतपुरम से जीतीं श्रीलेखा; राज्य की पहली महिला IPS अधिकारी, DGP पद से रिटायर हुईं

केरल में पहली बार भाजपा का मेयर बन सकता है:तिरुवनंतपुरम से जीतीं श्रीलेखा; राज्य की पहली महिला IPS अधिकारी, DGP पद से रिटायर हुईं

तिरुवनंतपुरम11 घंटे पहले

केरल के निकाय चुनाव में NDA को बड़ी कामयाबी मिली है। गठबंधन ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम के 101 वार्डों में से 50 वार्डों पर जीत दर्ज की है। पिछले 45 साल से यहां वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) का कब्जा है। LDF को 29 और कांग्रेस गठबंधन (UDF) को 19 वार्डों में जीत मिली है।

कॉर्पोरेशन (मेयर) की कुल 6 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को एक सीट मिली। भाजपा की तरफ से चुनाव लड़ीं पूर्व IPS अधिकारी आर श्रीलेखा ने सस्थमंगलम डिवीजन से भारी अंतर से जीत हासिल की।

श्रीलेखा की जीत के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि मेयर के लिए वे बीजेपी की पसंद होंगी। अगर ऐसा होता है तो वह राज्य में भाजपा की पहली मेयर होंगी।

टॉप पुलिस अधिकारी से मेयर पद की दावेदार

आर श्रीलेखा का करियर करीब 33 साल का रहा।

तिरुवनंतपुरम में जन्मी और पली-बढ़ी श्रीलेखा जनवरी 1987 में केरल की पहली महिला IPS अधिकारी बनीं। तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने CBI, केरल क्राइम ब्रांच, विजिलेंस, फायर फोर्स, मोटर वाहन विभाग और जेल विभाग सहित प्रमुख एजेंसियों में सेवा दी।

2017 में उन्हें पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद पर प्रमोट किया गया। जिसके बाद वह केरल में यह रैंक हासिल करने वाली पहली महिला बनीं। CBI में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें अपनी निडर छापेमारी और भ्रष्टाचार विरोधी रुख के लिए ‘रेड श्रीलेखा’ के नाम से बुलाया जाता था। 33 साल की सर्विस के बाद दिसंबर 2020 में रिटायर हो गईं। चार साल बाद 2024 में वे बीजेपी में शामिल हुईं।

कांग्रेस सांसद थरूर के गढ़ में बीजेपी की जीत श्रीलेखा अगर मेयर बनती हैं तो वह तिरुवनंतपुरम का प्रतिनिधित्व करेंगी। जिसे कांग्रेस सांसद शशि थरूर का गढ़ माना जाता है। केरल के 1,199 स्थानीय निकायों के लिए दो फेज 9 और 11 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। इनमें 6 कॉर्पोरेशन, 86 नगर पालिकाएं, 14 डिस्ट्रिक्ट काउंसिल, 152 ब्लॉक पंचायत और 941 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।

चुने गए पंचायत सदस्यों और नगर पालिका पार्षदों, कॉर्पोरेशन पार्षदों का शपथ ग्रहण 21 दिसंबर को होगा। सांसद शशि थरूर ने लिखा कि जनता के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। चाहे वह UDF के लिए हो या उनके निर्वाचन क्षेत्र में BJP की जीत के लिए।

पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘तिरुवनंतपुरम नगर निगम में शानदार जीत पर मेहनती भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक धन्यवाद। आज का दिन केरल में कार्यकर्ताओं की पीढ़ियों के कार्य और संघर्षों को याद करने का है, जिन्होंने जमीनी स्तर पर काम किया। हमारे कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं और हमें उन पर गर्व है।’

जीत के बाद भाजपा उम्मीदवार।

राहुल ने कहा- आगामी विधानसभा चुनाव में भी हमारी जीत तय

  • कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘यह केरल लोकल बॉडी चुनावों के इतिहास में UDF और कांग्रेस को सबसे ज्यादा सीटें मिली हैं। यह हमारे लिए एक बड़ी जीत है। निश्चित रूप से हम अगले विधानसभा चुनाव जीतने वाले हैं। उन्होंने कहा कि मैं तिरुवनंतपुरम के किसी भी व्यक्ति (कांग्रेस सांसद शशि थरूर) पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता क्योंकि हम वैसे भी सफलताओं और असफलताओं दोनों की समीक्षा करेंगे।’
  • भाजपा उम्मीदवार आर. श्रीलेखा ने कहा- जब से मेरी उम्मीदवारी की घोषणा हुई है, LDF और कांग्रेस ने उम्मीद से ज्यादा मेरी आलोचना की है। मुझे खुशी है कि मेरे वार्ड के लोगों ने उन सभी बातों को नजरअंदाज किया और मेरा साथ दिया।
  • जेपी नड्डा ने X पर लिखा, ‘लोकल बॉडी चुनावों में BJP और NDA के साथ खड़े रहने के लिए केरल के लोगों का दिल से धन्यवाद। यह नतीजा हमारी बढ़ती जमीनी मौजूदगी को दिखाता है| पूरे राज्य में शासन में बदलाव की मजबूत इच्छा का संकेत देता है।’
  • नितिन गडकरी ने X पर लिखा, ‘केरल के लोगों का मैं दिल से शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने BJP और NDA उम्मीदवारों पर भरोसा जताया और म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन्स में पार्टी के शानदार प्रदर्शन से एक नया अध्याय शुरू किया। इस दिल को छू लेने वाली जीत पर हमारे मेहनती कार्यकर्ताओं और BJP की केरल लीडरशिप को हार्दिक बधाई।’
  • केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा, ‘सभी को मेरा नमस्कार। आज हम केरल के राजनीतिक इतिहास में बीजेपी/एनडीए के लिए एक बहुत बड़ी जीत देख रहे हैं। मैं इस जनादेश के लिए सभी मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। लोगों ने विकसित केरल के संदेश को स्वीकार किया है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024