वैभव सूर्यवंशी ने एक मैच में 14 सिक्स लगाए:ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा; भारत ने यूथ वनडे में सबसे बड़ा स्कोर बनाया
वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ 14 सिक्स लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने शुक्रवार को दुबई में खेले गए U-19 एशिया कप मैच में 95 गेंदों पर 171 रन बना दिए। इस पारी में वैभव ने 14 छक्के और 9 चौके के सहारे 180 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की।
इसी के साथ वे यूथ वनडे में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल का 2008 में बना 12 सिक्स वाला रिकॉर्ड तोड़ दिया।
14 साल के वैभव ने महज 56 गेंदों में सेंचुरी पूरी की। उनकी बैटिंग के दम पर भारत ने यूथ वनडे में अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम ने 433 रन बनाए, जो पिछले साल ढाका द्वारा स्कॉटलैंड के खिलाफ बनाए 425 रन के रिकॉर्ड से ज्यादा है। वैभव के साथ एरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने भी 69-69 रन की अहम पारियां खेलीं।
भारत 234 रन से जीता भारत ने मुकाबला 234 रन से जीत लिया। 434 रन के लक्ष्य का पीछा करती UAE की टीम 50 ओवर खेलकर 7 विकेट पर सिर्फ 199 रन ही बना सकी। UAE की ओर से दो बल्लेबाजों ने फिफ्टी जमाई। उड्डीश सूरी 78* रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि पृथ्वी मधु ने 50 रन जोड़े। भारत की तरफ से 9 गेंदबाजों को आजमाया गया और इनमें दीपेश देवेन्द्रन सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट अपने नाम किए।
वैभव सूर्यवंशी के टॉप-3 रिकॉर्ड
वैभव मुश्ताक अली में शतक लगाने वाले यंगेस्ट बैटर वैभव ने 10 दिन पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी शतक लगाया था। 14 साल के वैभव टूर्नामेंट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने 2 दिसंबर को ईडन गार्डन्स में महाराष्ट्र के खिलाफ 61 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल थे। साथ ही वैभव 14 की उम्र में 3 टी-20 सेंचुरी लगाने वाले इकलौते प्लेयर हैं।
वैभव IPL में फिफ्टी लगाने वाले यंगेस्ट प्लेयर वैभव सूर्यवंशी IPL में फिफ्टी लगाने वाले सबसे कम उम्र के प्लेयर बने। उन्होंने मात्र 14 साल और 32 दिन में अर्धशतक लगाया। सेकेंड पोजिशन पर कप्तान रियान पराग है, उन्होंने 17 साल 175 दिन में 2019 में फिफ्टी लगाई थी।
वैभव टी-20 में शतक लगाने वाले यंगेस्ट बैटर टी-20 क्रिकेट में अब तक के सबसे युवा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में वैभव सूर्यवंशी का नाम सबसे ऊपर आता है। उन्होंने 14 साल 32 दिन की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 बॉल में शतक पूरा किया। इसके बाद, विजय जोल ने 18 साल 118 दिन में महाराष्ट्र के लिए मुंबई के खिलाफ 2013 में शतक लगाया था।
वैभव से जुड़े रोचक फैक्ट्स…
वैभव ने 8 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले वैभव सूर्यवंशी ने बिहार के लिए अबतक 8 फर्स्ट क्लास और 6 लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं। वैभव ने फर्स्ट क्लास मैचों में जहां 207 रन बनाएं हैं, तो वहीं लिस्ट में उनके नाम 132 रन दर्ज हैं। उनके नाम 18 टी-20 में 701 रन दर्ज हैं।
पिता ने जमीन बेचकर क्रिकेट एकेडमी जॉइन कराई वैभव सूर्यवंशी बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर के रहने वाले हैं। 27 मार्च 2011 को जन्मे वैभव ने 9 साल की उम्र में अपने पिता संजीव के गाइडेंस में क्रिकेट खेलना शुरू किया। अपने बेटे का क्रिकेट के प्रति लगाव देखकर संजीव ने वैभव की ट्रेनिंग के लिए जमीन बेच दी। उन्होंने जेनिथ क्रिकेट एकेडमी समस्तीपुर से ट्रेनिंग शुरू की।
वैभव के कोच के मुताबिक, उनके पिता संजीव उन्हें मैच दिखाने के लिए हर दूसरे दिन 100 किमी दूर ले जाते थे। वैभव जब भी एक्स्ट्रा ट्रेनिंग करते थे उनके पिता संजीव उनके अलावा सभी 10 साथी खिलाड़ियों के लिए भी टिफिन पैक करके लाते थे, क्योंकि उसके साथी गेंदबाज उसे बॉलिंग करने के लिए एक्स्ट्रा टाइम देते थे।
गूगल में ट्रेंड पर आए वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 एशिया कप में रिकॉर्ड तोड़ पारी खेलने के बाद गूगल में ट्रेंड पर आ गए हैं। उन्हें खूब सर्च किया जा रहा है।
