IND-SA दूसरा टी-20; टीमें स्टेडियम पहुंचीं, टॉस थोड़ी देर में:श्रीनगर से मैच देखने पहुंची फैमिली, कहा- अच्छे गेम को सपोर्ट करेंगे
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मैच न्यू चंडीगढ़ स्थित मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां पहली बार इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा। मैच को लेकर फैंस में उत्साह है। श्रीनगर से मैच देखने आई एक फैमिली ने कहा- हम अच्छे गेम को सपोर्ट करेंगे।
मैच के लिए दोनों टीमें स्टेडियम पहुंच चुकी हैं। कुछ ही देर में टॉस होगा। मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा। लोकल फैंस की नजरें अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह जैसे होम बॉयज पर होंगी।
लेकिन 26 साल के गिल अभी तक सबसे छोटे फॉर्मेट में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं। वे पिछली 16 पारियों में एक भी फिफ्टी नहीं लगा सके हैं। उन्होंने आखिरी फिफ्टी 13 जुलाई 2024 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में लगाई थी। ऐसे में देखना यह है कि…
‘क्या टीम मैनेजमेंट गिल की जगह संजू सैमसन को मौका देगा?’
सैमसन ने पिछले साल ओपनिंग करते हुए तीन शतक लगाए थे। उसके बाद से उन्हें 5 मौके ही मिले। जबकि गिल ने 13 मैचों में ओपनिंग की। हालांकि न्यू चंडीगढ़ के ठंडे माहौल में भारत का अपने विनिंग कॉम्बिनेशन में कोई बदलाव करने की संभावना नहीं है।
इन रिकॉर्ड्स पर नजरें
- भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या टी-20 इंटरनेशनल में 99 विकेट ले चुके हैं। वे 100 विकेट क्लब से एक विकेट दूर हैं। वे ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय होंगे। उनसे पहले अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ऐसा कर चुके हैं।
- अर्शदीप सिंह पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में भुवनेश्वर कुमार की बराबरी पर हैं। दोनों के नाम 47-47 विकेट हैं। ऐसे में एक और विकेट लेकर अर्शदीप सिंह भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ सकते हैं।
क्या ओपनिंग में गिल से बेहतर सैमसन? हां, आंकड़े कुछ ऐसी ही कहानी बयां कर रहे हैं। गिल ने 34 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में ओपनिंग की है। उन्होंने 29.00 के एवरेज और 140.63 के स्ट्राइक रेट से 841 रन बनाए हैं। इनमें एक शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, संजू सैमसन ने इसके आधे 17 मैचों में 32.62 के एवरेज और 178.76 के स्ट्राइक रेट से 522 रन बना डाले हैं। इनमें 3 शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं।
तो फिर सैमसन को मौका क्यों नहीं मिल रहा क्योंकि गिल टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं। उन्हें टी-20 टीम का उपकप्तान भी बनाया गया है। ऐसे में गिल का प्लेइंग में रहना जरूरी है। उन्हें टी-20 का कप्तान भी बनाया जा सकता है। यही कारण है कि गिल को सैमसन से ज्यादा मौके मिल रहे हैं।
भारत ने 60% मैच जीते, घर में भी 50-50 रिकॉर्ड भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 60% टी-20 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 32 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए हैं। इनमें से 60% यानी कि 19 मैच भारत ने जीते हैं, जबकि साउथ अफ्रीका ने 12 मैच अपने नाम किए हैं। एक मैच नो रिजल्ट रहा है।
भारत की घरेलू पिचों पर दोनों टीमों के बीच का रिकॉर्ड 50-50 है। टीम इंडिया ने अपने होम ग्राउंड पर साउथ अफ्रीका से 13 मैच खेले हैं। इनमें से 50% यानी कि 6 मैच भारत ने जीते हैं। इतने ही मुकाबले साउथ अफ्रीका के नाम भी रहे हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है।
अब दोनों टीमों के बेस्ट प्लेयर्स
पिच एंड वेदर रिपोर्ट: मुल्लांपुर में पहला इंटरनेशनल मैच मुल्लांपुर में पहला इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा। यहां की पिच आमतौर पर बैलेंस्ड, लेकिन थोड़ी धीमी मानी जाती है। बल्लेबाज यहां बड़ी पारियां तभी खेल सकते हैं, जब वे क्रीज पर टिककर खेलें। आउटफील्ड तेज है, इसलिए गैप मिलते ही बाउंड्री भी आसानी से निकलती है।
यहां शुरुआत में गेंदबाजों को हल्की मदद मिलती है, खासकर सीम और स्विंग की वजह से तेज गेंदबाज शुरुआती ओवरों में असर डालते हैं। मिडिल ओवर्स में पिच धीरे-धीरे स्पिनरों के लिए मददगार साबित होती जाती है। गेंद ग्रिप करती है और टर्न भी मिल सकता है, इसलिए स्पिनर्स मैच का रुख बदल सकते हैं। शाम के समय ओस पड़ने पर दूसरी पारी में बैटिंग थोड़ी आसान हो जाती है, ऐसे में कैप्टन टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुन सकते हैं।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-XI भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह।
साउथ अफ्रीका: ऐडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, डेवॉल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसन, केशव महाराज, लूथो सिपामला, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्खिया।
लाइव अपडेट्स
मैच देखने अफ्रीकी फैंस भी पहुंचे
न्यू चंडीगढ़ से भास्कर रिपोर्टर विनोद राणा की रिपोर्ट
मैच देखने श्रीनगर से आया परिवार
भारत-साउथ अफ्रीका दूसरा टी-20 शाम 7 बजे से
